अय्यूब 5:1-27 DGV - Bible AI

अल्लाह की तादीब तस्लीम कर

1बेशक आवाज़ दे, लेकिन कौन जवाब देगा? कोई नहीं! मुक़द्दसीन में से तू किस की तरफ़ रुजू कर सकता है?

2क्यूँकि अहमक़ की रंजीदगी उसे मार डालती, सादालौह की सरगर्मी उसे मौत के घाट उतार देती है।

3मैं ने ख़ुद एक अहमक़ को जड़ पकड़ते देखा, लेकिन मैं ने फ़ौरन ही उस के घर पर लानत भेजी।

4उस के फ़र्ज़न्द नजात से दूर रहते। उन्हें शहर के दरवाज़े में रौंदा जाता है, और बचाने वाला कोई नहीं।

5भूके उस की फ़सल खा जाते, काँटेदार बाड़ों में मह्फ़ूज़ माल भी छीन लेते हैं। प्यासे अफ़राद हाँपते हुए उस की दौलत के पीछे पड़ जाते हैं।

6क्यूँकि बुराई ख़ाक से नहीं निकलती और दुख-दर्द मिट्टी से नहीं फूटता

7बल्कि इन्सान ख़ुद इस का बाइस है, दुख-दर्द उस की विरासत में ही पाया जाता है। यह इतना यक़ीनी है जितना यह कि आग की चिंगारियाँ ऊपर की तरफ़ उड़ती हैं।

8लेकिन अगर मैं तेरी जगह होता तो अल्लाह से दरयाफ़्त करता, उसे ही अपना मुआमला पेश करता।

9वही इतने अज़ीम काम करता है कि कोई उन की तह तक नहीं पहुँच सकता, इतने मोजिज़े कि कोई उन्हें गिन नहीं सकता।

10वही रू-ए-ज़मीन को बारिश अता करता, खुले मैदान पर पानी बरसा देता है।

11पस्तहालों को वह सरफ़राज़ करता और मातम करने वालों को उठा कर मह्फ़ूज़ मक़ाम पर रख देता है।

12वह चालाकों के मन्सूबे तोड़ देता है ताकि उन के हाथ नाकाम रहें।

13वह दानिशमन्दों को उन की अपनी चालाकी के फंदे में फंसा देता है तो होश्यारों की साज़िशें अचानक ही ख़त्म हो जाती हैं।

14दिन के वक़्त उन पर अंधेरा छा जाता, और दोपहर के वक़्त भी वह टटोल टटोल कर फिरते हैं।

15अल्लाह ज़रूरतमन्दों को उन के मुँह की तलवार और ज़बरदस्त के क़ब्ज़े से बचा लेता है।

16यूँ पस्तहालों को उम्मीद दी जाती और नाइन्साफ़ी का मुँह बन्द किया जाता है।

17मुबारक है वह इन्सान जिस की मलामत अल्लाह करता है! चुनाँचे क़ादिर-ए-मुतलक़ की तादीब को हक़ीर न जान।

18क्यूँकि वह ज़ख़्मी करता लेकिन मर्हम-पट्टी भी लगा देता है, वह ज़र्ब लगाता लेकिन अपने हाथों से शिफ़ा भी बख़्शता है।

19वह तुझे छः मुसीबतों से छुड़ाएगा, और अगर इस के बाद भी कोई आए तो तुझे नुक़्सान नहीं पहुँचेगा।

20अगर काल पड़े तो वह फ़िद्या दे कर तुझे मौत से बचाएगा, जंग में तुझे तलवार की ज़द में आने नहीं देगा।

21तू ज़बान के कोड़ों से मह्फ़ूज़ रहेगा, और जब तबाही आए तो डरने की ज़रूरत नहीं होगी।

22तू तबाही और काल की हंसी उड़ाएगा, ज़मीन के वहशी जानवरों से ख़ौफ़ नहीं खाएगा।

23क्यूँकि तेरा खुले मैदान के पत्थरों के साथ अह्द होगा, इस लिए उस के जंगली जानवर तेरे साथ सलामती से ज़िन्दगी गुज़ारेंगे।

24तू जान लेगा कि तेरा ख़ैमा मह्फ़ूज़ है। जब तू अपने घर का मुआइना करे तो मालूम होगा कि कुछ गुम नहीं हुआ।

25तू देखेगा कि तेरी औलाद बढ़ती जाएगी, तेरे फ़र्ज़न्द ज़मीन पर घास की तरह फैलते जाएंगे।

26तू वक़्त पर जमाशुदा पूलों की तरह उम्ररसीदा हो कर क़ब्र में उतरेगा।

27हम ने तहक़ीक़ करके मालूम किया है कि ऐसा ही है। चुनाँचे हमारी बात सुन कर उसे अपना ले!”