नदब और अबीहू का गुनाह
1हारून के बेटे नदब और अबीहू ने अपने अपने बख़ूरदान ले कर उन में जलते हुए कोएले डाले। उन पर बख़ूर डाल कर वह रब के सामने आए ताकि उसे पेश करें। लेकिन यह आग नाजाइज़ थी। रब ने यह पेश करने का हुक्म नहीं दिया था।
2अचानक रब के हुज़ूर से आग निकली जिस ने उन्हें भस्म कर दिया। वहीं रब के सामने वह मर गए।
3मूसा ने हारून से कहा, “अब वही हुआ है जो रब ने फ़रमाया था कि जो मेरे क़रीब हैं उन से मैं अपनी क़ुद्दूसियत ज़ाहिर करूँगा, मैं तमाम क़ौम के सामने ही अपने जलाल का इज़हार करूँगा।”
4मूसा ने हारून के चचा उज़्ज़ीएल के बेटों मीसाएल और इल्सफ़न को बुला कर कहा, “इधर आओ और अपने रिश्तेदारों को मक़्दिस के सामने से उठा कर ख़ैमागाह के बाहर ले जाओ।”
5वह आए और मूसा के हुक्म के ऐन मुताबिक़ उन्हें उन के ज़ेरजामों समेत उठा कर ख़ैमागाह के बाहर ले गए।
6मूसा ने हारून और उस के दीगर बेटों इलीअज़र और इतमर से कहा, “मातम का इज़हार न करो। न अपने बाल बिखरने दो, न अपने कपड़े फाड़ो। वर्ना तुम मर जाओगे और रब पूरी जमाअत से नाराज़ हो जाएगा। लेकिन तुम्हारे रिश्तेदार और बाक़ी तमाम इस्राईली ज़रूर इन का मातम करें जिन को रब ने आग से हलाक कर दिया है।
7मुलाक़ात के ख़ैमे के दरवाज़े के बाहर न निकलो वर्ना तुम मर जाओगे, क्यूँकि तुम्हें रब के तेल से मसह किया गया है।” चुनाँचे उन्हों ने ऐसा ही किया।
इमामों के लिए हिदायात
8रब ने हारून से कहा,
9“जब भी तुझे या तेरे बेटों को मुलाक़ात के ख़ैमे में दाख़िल होना है तो मै या कोई और नशाआवर चीज़ पीना मना है, वर्ना तुम मर जाओगे। यह उसूल आने वाली नस्लों के लिए भी अबद तक अनमिट है।
10यह भी लाज़िम है कि तुम मुक़द्दस और ग़ैरमुक़द्दस चीज़ों में, पाक और नापाक चीज़ों में इम्तियाज़ करो।
11तुम्हें इस्राईलियों को तमाम पाबन्दियाँ सिखानी हैं जो मैं ने तुम्हें मूसा की मारिफ़त बताई हैं।”
12मूसा ने हारून और उस के बचे हुए बेटों इलीअज़र और इतमर से कहा, “ग़ल्ला की नज़र का जो हिस्सा रब के सामने जलाया नहीं जाता उसे अपने लिए ले कर बेख़मीरी रोटी पकाना और क़ुर्बानगाह के पास ही खाना। क्यूँकि वह निहायत मुक़द्दस है।
13उसे मुक़द्दस जगह पर खाना, क्यूँकि वह रब की जलने वाली क़ुर्बानियों में से तुम्हारे और तुम्हारे बेटों का हिस्सा है। क्यूँकि मुझे इस का हुक्म दिया गया है।
14जो सीना हिलाने वाली क़ुर्बानी और दहनी रान उठाने वाली क़ुर्बानी के तौर पर पेश की गई है, वह तुम और तुम्हारे बेटे-बेटियाँ खा सकते हैं। उन्हें मुक़द्दस जगह पर खाना है। इस्राईलियों की सलामती की क़ुर्बानियों में से यह टुकड़े तुम्हारा हिस्सा हैं।
15लेकिन पहले इमाम रान और सीने को जलने वाली क़ुर्बानियों की चर्बी के साथ पेश करें। वह उन्हें हिलाने वाली क़ुर्बानी के तौर पर रब के सामने हिलाएँ। रब फ़रमाता है कि यह टुकड़े अबद तक तुम्हारे और तुम्हारे बेटों का हिस्सा हैं।”
16मूसा ने दरयाफ़्त किया कि उस बकरे के गोश्त का क्या हुआ जो गुनाह की क़ुर्बानी के तौर पर चढ़ाया गया था। उसे पता चला कि वह भी जल गया था। यह सुन कर उसे हारून के बेटों इलीअज़र और इतमर पर ग़ुस्सा आया। उस ने पूछा,
17“तुम ने गुनाह की क़ुर्बानी का गोश्त क्यूँ नहीं खाया? तुम्हें उसे मुक़द्दस जगह पर खाना था। यह एक निहायत मुक़द्दस हिस्सा है जो रब ने तुम्हें दिया ताकि तुम जमाअत का क़ुसूर दूर करके रब के सामने लोगों का कफ़्फ़ारा दो।
18चूँकि इस बकरे का ख़ून मक़्दिस में न लाया गया इस लिए तुम्हें उस का गोश्त मक़्दिस में खाना था जिस तरह मैं ने तुम्हें हुक्म दिया था।”
19हारून ने मूसा को जवाब दे कर कहा, “देखें, आज लोगों ने अपने लिए गुनाह की क़ुर्बानी और भस्म होने वाली क़ुर्बानी रब को पेश की है जबकि मुझ पर यह आफ़त गुज़री है। अगर मैं आज गुनाह की क़ुर्बानी से खाता तो क्या यह रब को अच्छा लगता?”
20यह बात मूसा को अच्छी लगी।