वबाई जिल्दी बीमारी के मरीज़ की शिफ़ा पर क़ुर्बानी
1रब ने मूसा से कहा,
2“अगर कोई शख़्स जिल्दी बीमारी से शिफ़ा पाए और उसे पाक-साफ़ कराना है तो उसे इमाम के पास लाया जाए
3जो ख़ैमागाह के बाहर जा कर उस का मुआइना करे। अगर वह देखे कि मरीज़ की सेहत वाक़ई बहाल हो गई है
4तो इमाम उस के लिए दो ज़िन्दा और पाक परिन्दे, देवदार की लकड़ी, क़िर्मिज़ी रंग का धागा और ज़ूफ़ा मंगवाए।
5इमाम के हुक्म पर परिन्दों में से एक को ताज़ा पानी से भरे हुए मिट्टी के बर्तन के ऊपर ज़बह किया जाए।
6इमाम ज़िन्दा परिन्दे को देवदार की लकड़ी, क़िर्मिज़ी रंग के धागे और ज़ूफ़ा के साथ ज़बह किए गए परिन्दे के उस ख़ून में डुबो दे जो मिट्टी के बर्तन के पानी में आ गया है।
7वह पानी से मिलाया हुआ ख़ून सात बार पाक होने वाले शख़्स पर छिड़क कर उसे पाक क़रार दे, फिर ज़िन्दा परिन्दे को खुले मैदान में छोड़ दे।
8जो अपने आप को पाक-साफ़ करा रहा है वह अपने कपड़े धोए, अपने तमाम बाल मुंडवाए और नहा ले। इस के बाद वह पाक है। अब वह ख़ैमागाह में दाख़िल हो सकता है अगरचे वह मज़ीद सात दिन अपने डेरे में नहीं जा सकता।
9सातवें दिन वह दुबारा अपने सर के बाल, अपनी दाढ़ी, अपने अब्रू और बाक़ी तमाम बाल मुंडवाए। वह अपने कपड़े धोए और नहा ले। तब वह पाक है।
10आठवें दिन वह दो भेड़ के नर बच्चे और एक यकसाला भेड़ चुन ले जो बेऐब हों। साथ ही वह ग़ल्ला की नज़र के लिए तेल के साथ मिलाया गया साढ़े 4 किलोग्राम बेहतरीन मैदा और 300 मिलीलिटर तेल ले।
11फिर जिस इमाम ने उसे पाक क़रार दिया वह उसे इन क़ुर्बानियों समेत मुलाक़ात के ख़ैमे के दरवाज़े पर रब को पेश करे।
12भेड़ का एक नर बच्चा और 300 मिलीलिटर तेल क़ुसूर की क़ुर्बानी के लिए है। इमाम उन्हें हिलाने वाली क़ुर्बानी के तौर पर रब के सामने हिलाए।
13फिर वह भेड़ के इस बच्चे को ख़ैमे के दरवाज़े पर ज़बह करे जहाँ गुनाह की क़ुर्बानियाँ और भस्म होने वाली क़ुर्बानियाँ ज़बह की जाती हैं। गुनाह की क़ुर्बानियों की तरह क़ुसूर की यह क़ुर्बानी इमाम का हिस्सा है और निहायत मुक़द्दस है।
14इमाम ख़ून में से कुछ ले कर पाक होने वाले के दहने कान की लौ पर और उस के दहने हाथ और दहने पाँओ के अंगूठों पर लगाए।
15अब वह 300 मिलीलिटर तेल में से कुछ ले कर अपने बाएँ हाथ की हथेली पर डाले।
16अपने दहने हाथ के अंगूठे के साथ वाली उंगली इस तेल में डुबो कर वह उसे सात बार रब के सामने छिड़के।
17वह अपनी हथेली पर के तेल में से कुछ और ले कर पाक होने वाले के दहने कान की लौ पर और उस के दहने हाथ और दहने पाँओ के अंगूठों पर लगा दे यानी उन जगहों पर जहाँ वह क़ुसूर की क़ुर्बानी का ख़ून लगा चुका है।
18इमाम अपनी हथेली पर का बाक़ी तेल पाक होने वाले के सर पर डाल कर रब के सामने उस का कफ़्फ़ारा दे।
19इस के बाद इमाम गुनाह की क़ुर्बानी चढ़ा कर पाक होने वाले का कफ़्फ़ारा दे। आख़िर में वह भस्म होने वाली क़ुर्बानी का जानवर ज़बह करे।
20वह उसे ग़ल्ला की नज़र के साथ क़ुर्बानगाह पर चढ़ा कर उस का कफ़्फ़ारा दे। तब वह पाक है।
21अगर शिफ़ायाब शख़्स ग़ुर्बत के बाइस यह क़ुर्बानियाँ नहीं चढ़ा सकता तो फिर वह क़ुसूर की क़ुर्बानी के लिए भेड़ का सिर्फ़ एक नर बच्चा ले आए। काफ़ी है कि कफ़्फ़ारा देने के लिए यही रब के सामने हिलाया जाए। साथ साथ ग़ल्ला की नज़र के लिए डेढ़ किलोग्राम बेहतरीन मैदा तेल के साथ मिला कर पेश किया जाए और 300 मिलीलिटर तेल।
22इस के इलावा वह दो क़ुम्रियाँ या दो जवान कबूतर पेश करे, एक को गुनाह की क़ुर्बानी के लिए और दूसरे को भस्म होने वाली क़ुर्बानी के लिए।
23आठवें दिन वह उन्हें मुलाक़ात के ख़ैमे के दरवाज़े पर इमाम के पास और रब के सामने ले आए ताकि वह पाक-साफ़ हो जाए।
24इमाम भेड़ के बच्चे को 300 मिलीलिटर तेल समेत ले कर हिलाने वाली क़ुर्बानी के तौर पर रब के सामने हिलाए।
25वह क़ुसूर की क़ुर्बानी के लिए भेड़ के बच्चे को ज़बह करे और उस के ख़ून में से कुछ ले कर पाक होने वाले के दहने कान की लौ पर और उस के दहने हाथ और दहने पाँओ के अंगूठों पर लगाए।
26अब वह 300 मिलीलिटर तेल में से कुछ अपने बाएँ हाथ की हथेली पर डाले
27और अपने दहने हाथ के अंगूठे के साथ वाली उंगली इस तेल में डुबो कर उसे सात बार रब के सामने छिड़क दे।
28वह अपनी हथेली पर के तेल में से कुछ और ले कर पाक होने वाले के दहने कान की लौ पर और उस के दहने हाथ और दहने पाँओ के अंगूठों पर लगा दे यानी उन जगहों पर जहाँ वह क़ुसूर की क़ुर्बानी का ख़ून लगा चुका है।
29अपनी हथेली पर का बाक़ी तेल वह पाक होने वाले के सर पर डाल दे ताकि रब के सामने उस का कफ़्फ़ारा दे।
30इस के बाद वह शिफ़ायाब शख़्स की गुन्जाइश के मुताबिक़ दो क़ुम्रियाँ या दो जवान कबूतर चढ़ाए,
31एक को गुनाह की क़ुर्बानी के लिए और दूसरे को भस्म होने वाली क़ुर्बानी के लिए। साथ ही वह ग़ल्ला की नज़र पेश करे। यूँ इमाम रब के सामने उस का कफ़्फ़ारा देता है।
32यह उसूल ऐसे शख़्स के लिए है जो वबाई जिल्दी बीमारी से शिफ़ा पा गया है लेकिन अपनी ग़ुर्बत के बाइस पाक हो जाने के लिए पूरी क़ुर्बानी पेश नहीं कर सकता।”
घरों में फफूँदी
33रब ने मूसा और हारून से कहा,
34“जब तुम मुल्क-ए-कनआन में दाख़िल होगे जो मैं तुम्हें दूँगा तो वहाँ ऐसे मकान होंगे जिन में मैं ने फफूँदी फैलने दी है।
35ऐसे घर का मालिक जा कर इमाम को बताए कि मैं ने अपने घर में फफूँदी जैसी कोई चीज़ देखी है।
36तब इमाम हुक्म दे कि घर का मुआइना करने से पहले घर का पूरा सामान निकाला जाए। वर्ना अगर घर को नापाक क़रार दिया जाए तो सामान को भी नापाक क़रार दिया जाएगा। इस के बाद इमाम अन्दर जा कर मकान का मुआइना करे।
37वह दीवारों के साथ लगी हुई फफूँदी का मुआइना करे। अगर मुतअस्सिरा जगहें हरी या लाल सी हों और दीवार के अन्दर धंसी हुई नज़र आएँ
38तो फिर इमाम घर से निकल कर सात दिन के लिए ताला लगाए।
39सातवें दिन वह वापस आ कर मकान का मुआइना करे। अगर फफूँदी फैली हुई नज़र आए
40तो वह हुक्म दे कि मुतअस्सिरा पत्थरों को निकाल कर आबादी के बाहर किसी नापाक जगह पर फैंका जाए।
41नीज़ वह हुक्म दे कि अन्दर की दीवारों को कुरेदा जाए और कुरेदी हुई मिट्टी को आबादी के बाहर किसी नापाक जगह पर फैंका जाए।
42फिर लोग नए पत्थर लगा कर घर को नए गारे से पलस्तर करें।
43लेकिन अगर इस के बावुजूद फफूँदी दुबारा पैदा हो जाए
44तो इमाम आ कर दुबारा उस का मुआइना करे। अगर वह देखे कि फफूँदी घर में फैल गई है तो इस का मतलब है कि फफूँदी नुक़्सानदेह है, इस लिए घर नापाक है।
45लाज़िम है कि उसे पूरे तौर पर ढा दिया जाए और सब कुछ यानी उस के पत्थर, लकड़ी और पलस्तर को आबादी के बाहर किसी नापाक जगह पर फैंका जाए।
46अगर इमाम ने किसी घर का मुआइना करके ताला लगा दिया है और फिर भी कोई उस घर में दाख़िल हो जाए तो वह शाम तक नापाक रहेगा।
47जो ऐसे घर में सोए या खाना खाए लाज़िम है कि वह अपने कपड़े धो ले।
48लेकिन अगर घर को नए सिरे से पलस्तर करने के बाद इमाम आ कर उस का दुबारा मुआइना करे और देखे कि फफूँदी दुबारा नहीं निकली तो इस का मतलब है कि फफूँदी ख़त्म हो गई है। वह उसे पाक क़रार दे।
49उसे गुनाह से पाक-साफ़ कराने के लिए वह दो परिन्दे, देवदार की लकड़ी, क़िर्मिज़ी रंग का धागा और ज़ूफ़ा ले ले।
50वह परिन्दों में से एक को ताज़ा पानी से भरे हुए मिट्टी के बर्तन के ऊपर ज़बह करे।
51इस के बाद वह देवदार की लकड़ी, ज़ूफ़ा, क़िर्मिज़ी रंग का धागा और ज़िन्दा परिन्दा ले कर उस ताज़ा पानी में डुबो दे जिस के साथ ज़बह किए हुए परिन्दे का ख़ून मिलाया गया है और इस पानी को सात बार घर पर छिड़क दे।
52इन चीज़ों से वह घर को गुनाह से पाक-साफ़ करता है।
53आख़िर में वह ज़िन्दा परिन्दे को आबादी के बाहर खुले मैदान में छोड़ दे। यूँ वह घर का कफ़्फ़ारा देगा, और वह पाक-साफ़ हो जाएगा।
54लाज़िम है कि हर क़िस्म की वबाई बीमारी से ऐसे निपटो जैसे बयान किया गया है, चाहे वह वबाई जिल्दी बीमारियाँ हों (मसलन ख़ारिश, सूजन, पपड़ी या सफ़ेद दाग़), चाहे कपड़ों या घरों में फफूँदी हो।
57इन उसूलों के तहत फ़ैसला करना है कि कोई शख़्स या चीज़ पाक है या नापाक।”