1रब ने मूसा से कहा,
2“हो सकता है किसी ने गुनाह करके बेईमानी की है, मसलन उस ने अपने पड़ोसी की कोई चीज़ वापस नहीं की जो उस के सपुर्द की गई थी या जो उसे गिरवी के तौर पर मिली थी, या उस ने उस की कोई चीज़ चोरी की, या उस ने किसी से कोई चीज़ छीन ली,
3या उस ने किसी की गुमशुदा चीज़ के बारे में झूट बोला जब उसे मिल गई, या उस ने क़सम खा कर झूट बोला है, या इस तरह का कोई और गुनाह किया है।
4अगर वह इस तरह का गुनाह करके क़ुसूरवार ठहरे तो लाज़िम है कि वह वही चीज़ वापस करे जो उस ने चोरी की या छीन ली या जो उस के सपुर्द की गई या जो गुमशुदा हो कर उस के पास आ गई है
5या जिस के बारे में उस ने क़सम खा कर झूट बोला है। वह उस का उतना ही वापस करके 20 फ़ीसद ज़्यादा दे। और वह यह सब कुछ उस दिन वापस करे जब वह अपनी क़ुसूर की क़ुर्बानी पेश करता है।
6क़ुसूर की क़ुर्बानी के तौर पर वह एक बेऐब और क़ीमत के लिहाज़ से मुनासिब मेंढा इमाम के पास ले आए और रब को पेश करे। उस की क़ीमत मक़्दिस की शरह के मुताबिक़ मुक़र्रर की जाए।
7फिर इमाम रब के सामने उस का कफ़्फ़ारा देगा तो उसे मुआफ़ी मिल जाएगी।”
भस्म होने वाली क़ुर्बानी
8रब ने मूसा से कहा,
9“हारून और उस के बेटों को भस्म होने वाली क़ुर्बानियों के बारे में ज़ैल की हिदायात देना : भस्म होने वाली क़ुर्बानी पूरी रात सुब्ह तक क़ुर्बानगाह की उस जगह पर रहे जहाँ आग जलती है। आग को बुझने न देना।
10सुब्ह को इमाम कतान का लिबास और कतान का पाजामा पहन कर क़ुर्बानी से बची हुई राख क़ुर्बानगाह के पास ज़मीन पर डाले।
11फिर वह अपने कपड़े बदल कर राख को ख़ैमागाह के बाहर किसी पाक जगह पर छोड़ आए।
12क़ुर्बानगाह पर आग जलती रहे। वह कभी भी न बुझे। हर सुब्ह इमाम लकड़ियाँ चुन कर उस पर भस्म होने वाली क़ुर्बानी तरतीब से रखे और उस पर सलामती की क़ुर्बानी की चर्बी जला दे।
13आग हमेशा जलती रहे। वह कभी न बुझने पाए।
ग़ल्ला की नज़र
14ग़ल्ला की नज़र के बारे में हिदायात यह हैं : हारून के बेटे उसे क़ुर्बानगाह के सामने रब को पेश करें।
15फिर इमाम यादगार का हिस्सा यानी तेल से मिलाया गया मुट्ठी भर बेहतरीन मैदा और क़ुर्बानी का तमाम लुबान ले कर क़ुर्बानगाह पर जला दे। इस की ख़ुश्बू रब को पसन्द है।
16हारून और उस के बेटे क़ुर्बानी का बाक़ी हिस्सा खा लें। लेकिन वह उसे मुक़द्दस जगह पर यानी मुलाक़ात के ख़ैमे की चारदीवारी के अन्दर खाएँ, और उस में ख़मीर न हो।
17उसे पकाने के लिए उस में ख़मीर न डाला जाए। मैं ने जलने वाली क़ुर्बानियों में से यह हिस्सा उन के लिए मुक़र्रर किया है। यह गुनाह की क़ुर्बानी और क़ुसूर की क़ुर्बानी की तरह निहायत मुक़द्दस है।
18हारून की औलाद के तमाम मर्द उसे खाएँ। यह उसूल अबद तक क़ाइम रहे। जो भी उसे छुएगा वह मख़्सूस-ओ-मुक़द्दस हो जाएगा।”
19रब ने मूसा से कहा,
20“जब हारून और उस के बेटों को इमाम की ज़िम्मादारी उठाने के लिए मख़्सूस करके तेल से मसह किया जाएगा तो वह डेढ़ किलोग्राम बेहतरीन मैदा पेश करें। उस का आधा हिस्सा सुब्ह को और आधा हिस्सा शाम के वक़्त पेश किया जाए। वह ग़ल्ला की यह नज़र रोज़ाना पेश करें।
21उसे तेल के साथ मिला कर तवे पर पकाना है। फिर उसे टुकड़े टुकड़े करके ग़ल्ला की नज़र के तौर पर पेश करना। उस की ख़ुश्बू रब को पसन्द है।
22यह क़ुर्बानी हमेशा हारून की नस्ल का वह आदमी पेश करे जिसे मसह करके इमाम-ए-आज़म का उह्दा दिया गया है, और वह उसे पूरे तौर पर रब के लिए जला दे।
23इमाम की ग़ल्ला की नज़र हमेशा पूरे तौर पर जलाना। उसे न खाना।”
गुनाह की क़ुर्बानी
24रब ने मूसा से कहा,
25“हारून और उस के बेटों को गुनाह की क़ुर्बानी के बारे में ज़ैल की हिदायात देना : गुनाह की क़ुर्बानी को रब के सामने वहीं ज़बह करना है जहाँ भस्म होने वाली क़ुर्बानी ज़बह की जाती है। वह निहायत मुक़द्दस है।
26उसे पेश करने वाला इमाम उसे मुक़द्दस जगह पर यानी मुलाक़ात के ख़ैमे की चारदीवारी के अन्दर खाए।
27जो भी इस क़ुर्बानी के गोश्त को छू लेता है वह मख़्सूस-ओ-मुक़द्दस हो जाता है। अगर क़ुर्बानी के ख़ून के छींटे किसी लिबास पर पड़ जाएँ तो उसे मुक़द्दस जगह पर धोना है।
28अगर गोश्त को हंडिया में पकाया गया हो तो उस बर्तन को बाद में तोड़ देना है। अगर उस के लिए पीतल का बर्तन इस्तेमाल किया गया हो तो उसे ख़ूब माँझ कर पानी से साफ़ करना।
29इमामों के ख़ानदानों में से तमाम मर्द उसे खा सकते हैं। यह खाना निहायत मुक़द्दस है।
30लेकिन गुनाह की हर वह क़ुर्बानी खाई न जाए जिस का ख़ून मुलाक़ात के ख़ैमे में इस लिए लाया गया है कि मक़्दिस में किसी का कफ़्फ़ारा दिया जाए। उसे जलाना है।