हारून और उस के बेटों की मख़्सूसियत
1रब ने मूसा से कहा,
2“हारून और उस के बेटों को मेरे हुज़ूर ले आना। नीज़ इमामों के लिबास, मसह का तेल, गुनाह की क़ुर्बानी के लिए जवान बैल, दो मेंढे और बेख़मीरी रोटियों की टोकरी ले आना।
3फिर पूरी जमाअत को ख़ैमे के दरवाज़े पर जमा करना।”
4मूसा ने ऐसा ही किया। जब पूरी जमाअत इकट्ठी हो गई तो
5उस ने उन से कहा, “अब मैं वह कुछ करता हूँ जिस का हुक्म रब ने दिया है।”
6मूसा ने हारून और उस के बेटों को सामने ला कर ग़ुसल कराया।
7उस ने हारून को कतान का ज़ेरजामा पहना कर कमरबन्द लपेटा। फिर उस ने चोग़ा पहनाया जिस पर उस ने बालापोश को महारत से बुने हुए पटके से बांधा।
8इस के बाद उस ने सीने का कीसा लगा कर उस में दोनों क़ुरए बनाम ऊरीम और तुम्मीम रखे।
9फिर उस ने हारून के सर पर पगड़ी रखी जिस के सामने वाले हिस्से पर उस ने मुक़द्दस ताज यानी सोने की तख़्ती लगा दी। सब कुछ उस हुक्म के ऐन मुताबिक़ हुआ जो रब ने मूसा को दिया था।
10इस के बाद मूसा ने मसह के तेल से मक़्दिस को और जो कुछ उस में था मसह करके उसे मख़्सूस-ओ-मुक़द्दस किया।
11उस ने यह तेल सात बार जानवर चढ़ाने की क़ुर्बानगाह और उस के सामान पर छिड़क दिया। इसी तरह उस ने सात बार धोने के हौज़ और उस ढाँचे पर तेल छिड़क दिया जिस पर हौज़ रखा हुआ था। यूँ यह चीज़ें मख़्सूस-ओ-मुक़द्दस हुईं।
12उस ने हारून के सर पर मसह का तेल उंडेल कर उसे मसह किया। यूँ वह मख़्सूस-ओ-मुक़द्दस हुआ।
13फिर मूसा ने हारून के बेटों को सामने ला कर उन्हें ज़ेरजामे पहनाए, कमरबन्द लपेटे और उन के सरों पर पगड़ियाँ बांधीं। सब कुछ उस हुक्म के ऐन मुताबिक़ हुआ जो रब ने मूसा को दिया था।
14अब मूसा ने गुनाह की क़ुर्बानी के लिए जवान बैल को पेश किया। हारून और उस के बेटों ने अपने हाथ उस के सर पर रखे।
15मूसा ने उसे ज़बह करके उस के ख़ून में से कुछ ले कर अपनी उंगली से क़ुर्बानगाह के सींगों पर लगा दिया ताकि वह गुनाहों से पाक हो जाए। बाक़ी ख़ून उस ने क़ुर्बानगाह के पाए पर उंडेल दिया। यूँ उस ने उसे मख़्सूस-ओ-मुक़द्दस करके उस का कफ़्फ़ारा दिया।
16मूसा ने अंतड़ियों पर की तमाम चर्बी, जोड़कलेजी और दोनों गुर्दे उन की चर्बी समेत ले कर क़ुर्बानगाह पर जला दिए।
17लेकिन बैल की खाल, गोश्त और अंतड़ियों के गोबर को उस ने ख़ैमागाह के बाहर ले जा कर जला दिया। सब कुछ उस हुक्म के मुताबिक़ हुआ जो रब ने मूसा को दिया था।
18इस के बाद उस ने भस्म होने वाली क़ुर्बानी के लिए पहला मेंढा पेश किया। हारून और उस के बेटों ने अपने हाथ उस के सर पर रख दिए।
19मूसा ने उसे ज़बह करके उस का ख़ून क़ुर्बानगाह के चार पहलूओं पर छिड़क दिया।
20उस ने मेंढे को टुकड़े टुकड़े करके सर, टुकड़े और चर्बी जला दी।
21उस ने अंतड़ियाँ और पिंडलियाँ पानी से साफ़ करके पूरे मेंढे को क़ुर्बानगाह पर जला दिया। सब कुछ उस हुक्म के ऐन मुताबिक़ हुआ जो रब ने मूसा को दिया था। रब के लिए जलने वाली यह क़ुर्बानी भस्म होने वाली क़ुर्बानी थी, और उस की ख़ुश्बू रब को पसन्द थी।
22इस के बाद मूसा ने दूसरे मेंढे को पेश किया। इस क़ुर्बानी का मक़्सद इमामों को मक़्दिस में ख़िदमत के लिए मख़्सूस करना था। हारून और उस के बेटों ने अपने हाथ मेंढे के सर पर रख दिए।
23मूसा ने उसे ज़बह करके उस के ख़ून में से कुछ ले कर हारून के दहने कान की लौ पर और उस के दहने हाथ और दहने पाँओ के अंगूठों पर लगाया।
24यही उस ने हारून के बेटों के साथ भी किया। उस ने उन्हें सामने ला कर उन के दहने कान की लौ पर और उन के दहने हाथ और दहने पाँओ के अंगूठों पर ख़ून लगाया। बाक़ी ख़ून उस ने क़ुर्बानगाह के चार पहलूओं पर छिड़क दिया।
25उस ने मेंढे की चर्बी, दुम, अंतड़ियों पर की सारी चर्बी, जोड़कलेजी, दोनों गुर्दे उन की चर्बी समेत और दहनी रान अलग की।
26फिर वह रब के सामने पड़ी बेख़मीरी रोटियों की टोकरी में से एक सादा रोटी, एक रोटी जिस में तेल डाला गया था और एक रोटी जिस पर तेल लगाया गया था ले कर चर्बी और रान पर रख दी।
27उस ने यह सब कुछ हारून और उस के बेटों के हाथों पर रख कर उसे हिलाने वाली क़ुर्बानी के तौर पर रब को पेश किया।
28फिर उस ने यह चीज़ें उन से वापस ले कर क़ुर्बानगाह पर जला दीं जिस पर पहले भस्म होने वाली क़ुर्बानी रखी गई थी। रब के लिए जलने वाली यह क़ुर्बानी इमामों को मख़्सूस करने के लिए चढ़ाई गई, और उस की ख़ुश्बू रब को पसन्द थी।
29मूसा ने सीना भी लिया और उसे हिलाने वाली क़ुर्बानी के तौर पर रब के सामने हिलाया। यह मख़्सूसियत के मेंढे में से मूसा का हिस्सा था। मूसा ने इस में भी सब कुछ रब के हुक्म के ऐन मुताबिक़ किया।
30फिर उस ने मसह के तेल और क़ुर्बानगाह पर के ख़ून में से कुछ ले कर हारून, उस के बेटों और उन के कपड़ों पर छिड़क दिया। यूँ उस ने उन्हें और उन के कपड़ों को मख़्सूस-ओ-मुक़द्दस किया।
31मूसा ने उन से कहा, “गोश्त को मुलाक़ात के ख़ैमे के दरवाज़े पर उबाल कर उसे उन रोटियों के साथ खाना जो मख़्सूसियत की क़ुर्बानियों की टोकरी में पड़ी हैं। क्यूँकि रब ने मुझे यही हुक्म दिया है।
32गोश्त और रोटियों का बक़ाया जला देना।
33सात दिन तक मुलाक़ात के ख़ैमे के दरवाज़े में से न निकलना, क्यूँकि मक़्दिस में ख़िदमत के लिए तुम्हारी मख़्सूसियत के इतने ही दिन हैं।
34जो कुछ आज हुआ है वह रब के हुक्म के मुताबिक़ हुआ ताकि तुम्हारा कफ़्फ़ारा दिया जाए।
35तुम्हें सात रात और दिन तक ख़ैमे के दरवाज़े के अन्दर रहना है। रब की इस हिदायत को मानो वर्ना तुम मर जाओगे, क्यूँकि यह हुक्म मुझे रब की तरफ़ से दिया गया है।”
36हारून और उस के बेटों ने उन तमाम हिदायात पर अमल किया जो रब ने मूसा की मारिफ़त उन्हें दी थीं।