आमाल 6:1-15 DGV - Bible AI

रसूलों के सात मददगार

1उन दिनों में जब ईसा के शागिर्दों की तादाद बढ़ती गई तो यूनानी ज़बान बोलने वाले ईमानदार इब्रानी बोलने वाले ईमानदारों के बारे में बुड़बुड़ाने लगे। उन्हों ने कहा, “जब रोज़मर्रा का खाना तक़्सीम होता है तो हमारी बेवाओं को नज़रअन्दाज़ किया जाता है।”

2तब बारह रसूलों ने शागिर्दों की पूरी जमाअत को इकट्ठा करके कहा, “यह ठीक नहीं कि हम अल्लाह का कलाम सिखाने की ख़िदमत को छोड़ कर खाना तक़्सीम करने में मसरूफ़ रहें।

3भाइयो, यह बात पेश-ए-नज़र रख कर अपने में से सात आदमी चुन लें, जिन के नेक किरदार की आप तस्दीक़ कर सकते हैं और जो रूह-उल-क़ुद्स और हिक्मत से मामूर हैं। फिर हम उन्हें खाना तक़्सीम करने की यह ज़िम्मादारी दे कर

4अपना पूरा वक़्त दुआ और कलाम की ख़िदमत में सर्फ़ कर सकेंगे।”

5यह बात पूरी जमाअत को पसन्द आई और उन्हों ने सात आदमी चुन लिए : स्तिफ़नुस (जो ईमान और रूह-उल-क़ुद्स से मामूर था), फ़िलिप्पुस, प्रुख़ुरुस, नीकानोर, तीमोन, पर्मिनास और अन्ताकिया का नीकुलाउस। (नीकलाओस ग़ैरयहूदी था जिस ने ईसा पर ईमान लाने से पहले यहूदी मज़्हब को अपना लिया था।)

6इन सात आदमियों को रसूलों के सामने पेश किया गया तो उन्हों ने इन पर हाथ रख कर दुआ की।

7यूँ अल्लाह का पैग़ाम फैलता गया। यरूशलम में ईमानदारों की तादाद निहायत बढ़ती गई और बैत-उल-मुक़द्दस के बहुत से इमाम भी ईमान ले आए।

स्तिफ़नुस की गिरिफ़्तारी

8स्तिफ़नुस अल्लाह के फ़ज़्ल और क़ुव्वत से मामूर था और लोगों के दरमियान बड़े बड़े मोजिज़े और इलाही निशान दिखाता था।

9एक दिन कुछ यहूदी स्तिफ़नुस से बह्स करने लगे। (वह कुरेन, इस्कन्दरिया, किलिकिया और सूबा आसिया के रहने वाले थे और उन के इबादतख़ाने का नाम लिबरतीनियोँ यानी आज़ाद किए गए ग़ुलामों का इबादतख़ाना था।)

10लेकिन वह न उस की हिक्मत का सामना कर सके, न उस रूह का जो कलाम करते वक़्त उस की मदद करता था।

11इस लिए उन्हों ने बाज़ आदमियों को यह कहने को उकसाया कि “इस ने मूसा और अल्लाह के बारे में कुफ़्र बका है। हम ख़ुद इस के गवाह हैं।”

12यूँ आम लोगों, बुज़ुर्गों और शरीअत के उलमा में हलचल मच गई। वह स्तिफ़नुस पर चढ़ आए और उसे घसीट कर यहूदी अदालत-ए-आलिया के पास लाए।

13वहाँ उन्हों ने झूटे गवाह खड़े किए जिन्हों ने कहा, “यह आदमी बैत-उल-मुक़द्दस और शरीअत के ख़िलाफ़ बातें करने से बाज़ नहीं आता।

14हम ने इस के मुँह से सुना है कि ईसा नासरी यह मक़ाम तबाह करेगा और वह रस्म-ओ-रिवाज बदल देगा जो मूसा ने हमारे सपुर्द किए हैं।”

15जब इज्लास में बैठे तमाम लोग घूर घूर कर स्तिफ़नुस की तरफ़ देखने लगे तो उस का चेहरा फ़रिश्ते का सा नज़र आया।

This work is licensed under a Creative Commons Attribution - No Derivatives 4.0 International License. info@urdugeoversion.com
div>