आमूस 9:1-15 DGV - Bible AI

आख़िरी रोया : इस्राईल की तबाही

1मैं ने रब को क़ुर्बानगाह के पास खड़ा देखा। उस ने फ़रमाया, “मक़्दिस के सतूनों के बालाई हिस्सों को इतने ज़ोर से मार कि दहलीज़ें लरज़ उठें और उन के टुकड़े हाज़िरीन के सरों पर गिर जाएँ। उन में से जितने ज़िन्दा रहें उन्हें मैं तलवार से मार डालूँगा। एक भी भाग जाने में कामयाब नहीं होगा, एक भी नहीं बचेगा।

2ख़्वाह वह ज़मीन में खोद खोद कर पाताल तक क्यूँ न पहुँचें तो भी मेरा हाथ उन्हें पकड़ कर वहाँ से वापस लाएगा। और ख़्वाह वह आसमान तक क्यूँ न चढ़ जाएँ तो भी मैं उन्हें वहाँ से उतारूँगा।

3ख़्वाह वह कर्मिल की चोटी पर क्यूँ न छुप जाएँ तो भी मैं उन का खोज लगा कर उन्हें छीन लूँगा। गो वह समुन्दर की तह तक उतर कर मुझ से पोशीदा होने की कोशिश क्यूँ न करें तो भी बेफ़ाइदा होगा, क्यूँकि मैं समुन्दरी साँप को उन्हें डसने का हुक्म दूँगा।

4अगर उन के दुश्मन उन्हें भगा कर जिलावतन करें तो मैं तलवार को उन्हें क़त्ल करने का हुक्म दूँगा। मैं ध्यान से उन को तकता रहूँगा, लेकिन बरकत देने के लिए नहीं बल्कि नुक़्सान पहुँचाने के लिए।”

5क़ादिर-ए-मुतलक़ रब्ब-उल-अफ़्वाज है। जब वह ज़मीन को छू देता है तो वह लरज़ उठती और उस के तमाम बाशिन्दे मातम करने लगते हैं। तब जिस तरह मिस्र में दरया-ए-नील बरसात के मौसम में सैलाब की सूरत इख़तियार कर लेता है उसी तरह पूरी ज़मीन उठती, फिर दुबारा उतर जाती है।

6वह आसमान पर अपना बालाखाना तामीर करता और ज़मीन पर अपने तहख़ाने की बुन्याद डालता है। वह समुन्दर का पानी बुला कर रू-ए-ज़मीन पर उंडेल देता है। उसी का नाम रब है!

तुम दूसरों से बेहतर नहीं

7रब फ़रमाता है, “ऐ इस्राईलियो, यह मत समझना कि मेरे नज़्दीक तुम एथोपिया के बाशिन्दों से बेहतर हो। बेशक मैं इस्राईल को मिस्र से निकाल लाया, लेकिन बिलकुल इसी तरह मैं फ़िलिस्तियों को क्रेते[३] से और अरामियों को क़ीर से निकाल लाया।

8मैं, रब क़ादिर-ए-मुतलक़ ध्यान से इस्राईल की गुनाहआलूदा बादशाही पर ग़ौर कर रहा हूँ। यक़ीनन मैं उसे रू-ए-ज़मीन पर से मिटा डालूँगा।”

8ताहम रब फ़रमाता है, “मैं याक़ूब के घराने को सरासर तबाह नहीं करूँगा।

9मेरे हुक्म पर इस्राईली क़ौम को तमाम अक़्वाम के दरमियान ही यूँ हिलाया जाएगा जिस तरह अनाज को छलनी में हिला हिला कर पाक-साफ़ किया जाता है। आख़िर में एक भी पत्थर अनाज में बाक़ी नहीं रहेगा।

10मेरी क़ौम के तमाम गुनाहगार तलवार की ज़द में आ कर मर जाएंगे, गो वह इस वक़्त कहते हैं कि न हम पर आफ़त आएगी, न हम उस की ज़द में आएँगे।

इस्राईल के लिए नई उम्मीद

11उस दिन मैं दाऊद के गिरे हुए घर को नए सिरे से खड़ा करूँगा। मैं उस के रख़नों को बन्द और उस के खंडरात को बहाल करूँगा। मैं सब कुछ यूँ तामीर करूँगा जिस तरह क़दीम ज़माने में था।

12तब इस्राईली अदोम के बचे-खुचे हिस्से और उन तमाम क़ौमों पर क़ब्ज़ा करेंगे जिन पर मेरे नाम का ठप्पा लगा है।” यह रब का फ़रमान है, और वह यह करेगा भी।

13रब फ़रमाता है, “ऐसे दिन आने वाले हैं जब फ़सलें बहुत ही ज़्यादा होंगी। फ़सल की कटाई के लिए इतना वक़्त दरकार होगा कि आख़िरकार हल चलाने वाला कटाई करने वालों के पीछे पीछे खेत को अगली फ़सल के लिए तय्यार करता जाएगा। अंगूर की फ़सल भी ऐसी ही होगी। अंगूर की कस्रत के बाइस उन से रस निकालने के लिए इतना वक़्त लगेगा कि आख़िरकार बीज बोने वाला साथ साथ बीज बोने का काम शुरू करेगा। कस्रत के बाइस नई मै पहाड़ों से टपकेगी और तमाम पहाड़ियों से बहेगी।

14उस वक़्त मैं अपनी क़ौम इस्राईल को बहाल करूँगा। तब वह तबाहशुदा शहरों को नए सिरे से तामीर करके उन में आबाद हो जाएंगे। वह अंगूर के बाग़ लगा कर उन की मै पिएँगे, दीगर फलों के बाग़ लगा कर उन का फल खाएँगे।

15मैं उन्हें पनीरी की तरह उन के अपने मुल्क में लगा दूँगा। तब वह आइन्दा उस मुल्क से कभी जड़ से नहीं उखाड़े जाएंगे जो मैं ने उन्हें अता किया है।” यह रब तेरे ख़ुदा का फ़रमान है।

This work is licensed under a Creative Commons Attribution - No Derivatives 4.0 International License. info@urdugeoversion.com
div>