आमूस 2:1-16 DGV - Bible AI

1रब फ़रमाता है, “मोआब के बाशिन्दों ने बार बार गुनाह किया है, इस लिए मैं उन्हें सज़ा दिए बग़ैर नहीं छोड़ूँगा। क्यूँकि उन्हों ने अदोम के बादशाह की हड्डियों को जला कर राख कर दिया है।

2चुनाँचे मैं मुल्क-ए-मोआब पर आग नाज़िल करूँगा, और क़रियोत के महल नज़र-ए-आतिश हो जाएंगे। जंग का शोर-शराबा मचेगा, फ़ौजियों के नारे बुलन्द हो जाएंगे, नरसिंगा फूँका जाएगा। तब मोआब हलाक हो जाएगा।

3मैं उस के हुक्मरान को उस के तमाम अफ़्सरों समेत हलाक कर दूँगा।” यह रब का फ़रमान है।

यहूदाह की अदालत

4रब फ़रमाता है, “यहूदाह के बाशिन्दों ने बार बार गुनाह किया है, इस लिए मैं उन्हें सज़ा दिए बग़ैर नहीं छोड़ूँगा। क्यूँकि उन्हों ने रब की शरीअत को रद्द करके उस के अह्काम पर अमल नहीं किया। उन के झूटे देवता उन्हें ग़लत राह पर ले गए हैं, वह देवता जिन की पैरवी उन के बापदादा भी करते रहे।

5चुनाँचे मैं यहूदाह पर आग नाज़िल करूँगा, और यरूशलम के महल नज़र-ए-आतिश हो जाएंगे।”

इस्राईल की अदालत

6रब फ़रमाता है, “इस्राईल के बाशिन्दों ने बार बार गुनाह किया है, इस लिए मैं उन्हें सज़ा दिए बग़ैर नहीं छोड़ूँगा। क्यूँकि वह शरीफ़ लोगों को पैसे के लिए बेचते और ज़रूरतमन्दों को फ़रोख़्त करते हैं ताकि एक जोड़ी जूता मिल जाए।

7वह ग़रीबों के सर को ज़मीन पर कुचल देते, मुसीबतज़दों को इन्साफ़ मिलने से रोकते हैं। बाप और बेटा दोनों एक ही कस्बी के पास जा कर मेरे नाम की बेहुरमती करते हैं।

8जब कभी किसी क़ुर्बानगाह के पास पूजा करने जाते हैं तो ऐसे कपड़ों पर आराम करते हैं जो क़र्ज़दारों ने ज़मानत के तौर पर दिए थे। जब कभी अपने देवता के मन्दिर में जाते तो ऐसे पैसों से मै ख़रीद कर पीते हैं जो जुर्माना के तौर पर ज़रूरतमन्दों से मिल गए थे।

9यह कैसी बात है? मैं ही ने अमोरियों को उन के आगे आगे नेस्त कर दिया था, हालाँकि वह देवदार के दरख़्तों जैसे लम्बे और बलूत के दरख़्तों जैसे ताक़तवर थे। मैं ही ने अमोरियों को जड़ों और फल समेत मिटा दिया था।

10इस से पहले मैं ही तुम्हें मिस्र से निकाल लाया, मैं ही ने चालीस साल तक रेगिस्तान में तुम्हारी राहनुमाई करते करते तुम्हें अमोरियों के मुल्क तक पहुँचाया ताकि उस पर क़ब्ज़ा करो।

11मैं ही ने तुम्हारे बेटों में से नबी बरपा किए, और मैं ही ने तुम्हारे नौजवानों में से कुछ चुन लिए ताकि अपनी ख़िदमत के लिए मख़्सूस करूँ।” रब फ़रमाता है, “ऐ इस्राईलियो, क्या ऐसा नहीं था?

12लेकिन तुम ने मेरे लिए मख़्सूस आदमियों को मै पिलाई और नबियों को हुक्म दिया कि नबुव्वत मत करो।

13अब मैं होने दूँगा कि तुम अनाज से ख़ूब लदी हुई बैलगाड़ी की तरह झूलने लगोगे।

14न तेज़रौ शख़्स भाग कर बचेगा, न ताक़तवर आदमी कुछ कर पाएगा। न सूरमा अपनी जान बचाएगा,

15न तीर चलाने वाला क़ाइम रहेगा। कोई नहीं बचेगा, ख़्वाह पैदल दौड़ने वाला हो या घोड़े पर सवार।

16उस दिन सब से बहादुर सूरमा भी हथियार डाल कर नंगी हालत में भाग जाएगा।” यह रब का फ़रमान है।