इमामों और लावियों का हिस्सा
1इस्राईल के हर क़बीले को मीरास में उस का अपना इलाक़ा मिलेगा सिवाए लावी के क़बीले के जिस में इमाम भी शामिल हैं। वह जलने वाली और दीगर क़ुर्बानियों में से अपना हिस्सा ले कर गुज़ारा करें।
2उन के पास दूसरों की तरह मौरूसी ज़मीन नहीं होगी बल्कि रब ख़ुद उन का मौरूसी हिस्सा होगा। यह उस ने वादा करके कहा है।
3जब भी किसी बैल या भेड़ को क़ुर्बान किया जाए तो इमामों को उस का शाना, जबड़े और ओझड़ी मिलने का हक़ है।
4अपनी फ़सलों का पहला फल भी उन्हें देना यानी अनाज, मै, ज़ैतून का तेल और भेड़ों की पहली कतरी हुई ऊन।
5क्यूँकि रब ने तेरे तमाम क़बीलों में से लावी के क़बीले को ही मक़्दिस में रब के नाम में ख़िदमत करने के लिए चुना है। यह हमेशा के लिए उन की और उन की औलाद की ज़िम्मादारी रहेगी।
6कुछ लावी मक़्दिस के पास नहीं बल्कि इस्राईल के मुख़्तलिफ़ शहरों में रहेंगे। अगर उन में से कोई उस जगह आना चाहे जो रब मक़्दिस के लिए चुनेगा
7तो वह वहाँ के ख़िदमत करने वाले लावियों की तरह मक़्दिस में रब अपने ख़ुदा के नाम में ख़िदमत कर सकता है।
8उसे क़ुर्बानियों में से दूसरों के बराबर लावियों का हिस्सा मिलना है, ख़्वाह उसे ख़ानदानी मिलकियत बेचने से पैसे मिल गए हों या नहीं।
जादूगरी मना है
9जब तू उस मुल्क में दाख़िल होगा जो रब तेरा ख़ुदा तुझे दे रहा है तो वहाँ की रहने वाली क़ौमों के घिनौने दस्तूर न अपनाना।
10तेरे दरमियान कोई भी अपने बेटे या बेटी को क़ुर्बानी के तौर पर न जलाए। न कोई ग़ैबदानी करे, न फ़ाल या शुगून निकाले या जादूगरी करे।
11इसी तरह मंत्र पढ़ना, हाज़िरात करना, क़िस्मत का हाल बताना या मुर्दों की रूहों से राबिता करना सख़्त मना है।
12जो भी ऐसा करे वह रब की नज़र में क़ाबिल-ए-घिन है। इन ही मकरूह दस्तूरों की वजह से रब तेरा ख़ुदा तेरे आगे से उन क़ौमों को निकाल देगा।
13इस लिए लाज़िम है कि तू रब अपने ख़ुदा के सामने बेक़ुसूर रहे।
नबी का वादा
14जिन क़ौमों को तू निकालने वाला है वह उन की सुनती हैं जो फ़ाल निकालते और ग़ैबदानी करते हैं। लेकिन रब तेरे ख़ुदा ने तुझे ऐसा करने की इजाज़त नहीं दी।
15रब तेरा ख़ुदा तेरे वास्ते तेरे भाइयों में से मुझ जैसे नबी को बरपा करेगा। उस की सुनना।
16क्यूँकि होरिब यानी सीना पहाड़ पर जमा होते वक़्त तू ने ख़ुद रब अपने ख़ुदा से दरख़्वास्त की, “न मैं मज़ीद रब अपने ख़ुदा की आवाज़ सुनना चाहता, न यह भड़कती हुई आग देखना चाहता हूँ, वर्ना मर जाऊँगा।”
17तब रब ने मुझ से कहा, “जो कुछ वह कहते हैं वह ठीक है।
18आइन्दा मैं उन में से तुझ जैसा नबी खड़ा करूँगा। मैं अपने अल्फ़ाज़ उस के मुँह में डाल दूँगा, और वह मेरी हर बात उन तक पहुँचाएगा।
19जब वह नबी मेरे नाम में कुछ कहे तो लाज़िम है कि तू उस की सुन। जो नहीं सुनेगा उस से मैं ख़ुद जवाब तलब करूँगा।
20लेकिन अगर कोई नबी गुस्ताख़ हो कर मेरे नाम में कोई बात कहे जो मैं ने उसे बताने को नहीं कहा था तो उसे सज़ा-ए-मौत देनी है। इसी तरह उस नबी को भी हलाक कर देना है जो दीगर माबूदों के नाम में बात करे।”
21शायद तेरे ज़हन में सवाल उभर आए कि हम किस तरह मालूम कर सकते हैं कि कोई कलाम वाक़ई रब की तरफ़ से है या नहीं।
22जवाब यह है कि अगर नबी रब के नाम में कुछ कहे और वह पूरा न हो जाए तो मतलब है कि नबी की बात रब की तरफ़ से नहीं है बल्कि उस ने गुस्ताख़ी करके बात की है। इस सूरत में उस से मत डरना।