इस्तिस्ना 6:1-25 DGV - Bible AI

सब से बड़ा हुक्म

1यह वह तमाम अह्काम हैं जो रब तुम्हारे ख़ुदा ने मुझे तुम्हें सिखाने के लिए कहा। उस मुल्क में इन पर अमल करना जिस में तुम जाने वाले हो ताकि उस पर क़ब्ज़ा करो।

2उम्र भर तू, तेरे बच्चे और पोते-नवासे रब अपने ख़ुदा का ख़ौफ़ मानें और उस के उन तमाम अह्काम पर चलें जो मैं तुझे दे रहा हूँ। तब तू देर तक जीता रहेगा।

3ऐ इस्राईल, यह मेरी बातें सुन और बड़ी एहतियात से इन पर अमल कर! फिर रब तेरे ख़ुदा का वादा पूरा हो जाएगा कि तू कामयाब रहेगा और तेरी तादाद उस मुल्क में ख़ूब बढ़ती जाएगी जिस में दूध और शहद की कस्रत है।

4सुन ऐ इस्राईल! रब हमारा ख़ुदा एक ही रब है।

5रब अपने ख़ुदा से अपने पूरे दिल, अपनी पूरी जान और अपनी पूरी ताक़त से प्यार करना।

6जो अह्काम मैं तुझे आज बता रहा हूँ उन्हें अपने दिल पर नक़्श कर।

7उन्हें अपने बच्चों के ज़हननशीन करा। यही बातें हर वक़्त और हर जगह तेरे लबों पर हों ख़्वाह तू घर में बैठा या रास्ते पर चलता हो, लेटा हो या खड़ा हो।

8उन्हें निशान के तौर पर और याददिहानी के लिए अपने बाज़ूओं और माथे पर लगा।

9उन्हें अपने घरों की चौखटों और अपने शहरों के दरवाज़ों पर लिख।

10रब तेरे ख़ुदा का वादा पूरा होगा जो उस ने क़सम खा कर तेरे बापदादा इब्राहीम, इस्हाक़ और याक़ूब के साथ किया कि मैं तुझे कनआन में ले जाऊँगा। जो बड़े और शानदार शहर उस में हैं वह तू ने ख़ुद नहीं बनाए।

11जो मकान उस में हैं वह ऐसी अच्छी चीज़ों से भरे हुए हैं जो तू ने उन में नहीं रखीं। जो कुएँ उस में हैं उन को तू ने नहीं खोदा। जो अंगूर और ज़ैतून के बाग़ उस में हैं उन्हें तू ने नहीं लगाया। यह हक़ीक़त याद रख। जब तू उस मुल्क में कस्रत का खाना खा कर सेर हो जाएगा

12तो ख़बरदार! रब को न भूलना जो तुझे मिस्र की ग़ुलामी से निकाल लाया।

13रब अपने ख़ुदा का ख़ौफ़ मानना। सिर्फ़ उसी की इबादत करना और उसी का नाम ले कर क़सम खाना।

14दीगर माबूदों की पैरवी न करना। इस में तमाम पड़ोसी अक़्वाम के देवता भी शामिल हैं।

15वर्ना रब तेरे ख़ुदा का ग़ज़ब तुझ पर नाज़िल हो कर तुझे मुल्क में से मिटा डालेगा। क्यूँकि वह ग़यूर ख़ुदा है और तेरे दरमियान ही रहता है।

16रब अपने ख़ुदा को उस तरह न आज़माना जिस तरह तुम ने मस्सा में किया था।

17ध्यान से रब अपने ख़ुदा के अह्काम के मुताबिक़ चलो, उन तमाम हिदायात और क़वानीन पर जो उस ने तुझे दिए हैं।

18जो कुछ रब की नज़र में दुरुस्त और अच्छा है वह कर। फिर तू कामयाब रहेगा, तू जा कर उस अच्छे मुल्क पर क़ब्ज़ा करेगा जिस का वादा रब ने तेरे बापदादा से क़सम खा कर किया था।

19तब रब की बात पूरी हो जाएगी कि तू अपने दुश्मनों को अपने आगे आगे निकाल देगा।

20आने वाले दिनों में तेरे बच्चे पूछेंगे, “रब हमारे ख़ुदा ने आप को इन तमाम अह्काम पर अमल करने को क्यूँ कहा?”

21फिर उन्हें जवाब देना, “हम मिस्र के बादशाह फ़िरऔन के ग़ुलाम थे, लेकिन रब हमें बड़ी क़ुदरत का इज़हार करके मिस्र से निकाल लाया।

22हमारे देखते देखते उस ने बड़े बड़े निशान और मोजिज़े किए और मिस्र, फ़िरऔन और उस के पूरे घराने पर हौलनाक मुसीबतें भेजीं।

23उस वक़्त वह हमें वहाँ से निकाल लाया ताकि हमें ले कर वह मुल्क दे जिस का वादा उस ने क़सम खा कर हमारे बापदादा के साथ किया था।

24रब हमारे ख़ुदा ही ने हमें कहा कि इन तमाम अह्काम के मुताबिक़ चलो और रब अपने ख़ुदा का ख़ौफ़ मानो। क्यूँकि अगर हम ऐसा करें तो फिर हम हमेशा कामयाब और ज़िन्दा रहेंगे। और आज तक ऐसा ही रहा है।

25अगर हम रब अपने ख़ुदा के हुज़ूर रह कर एहतियात से उन तमाम बातों पर अमल करेंगे जो उस ने हमें करने को कही हैं तो वह हमें रास्तबाज़ क़रार देगा।”