क़ुज़ात 13:1-25 DGV - Bible AI

सम्सून की पैदाइश की पेशगोई

1फिर इस्राईली दुबारा ऐसी हरकतें करने लगे जो रब को बुरी लगीं। इस लिए उस ने उन्हें फ़िलिस्तियों के हवाले कर दिया जो उन्हें 40 साल दबाते रहे।

2उस वक़्त एक आदमी सुरआ शहर में रहता था जिस का नाम मनोहा था। दान के क़बीले का यह आदमी बेऔलाद था, क्यूँकि उस की बीवी बाँझ थी।

3एक दिन रब का फ़रिश्ता मनोहा की बीवी पर ज़ाहिर हुआ और कहा, “गो तुझ से बच्चे पैदा नहीं हो सकते, अब तू हामिला होगी, और तेरे बेटा पैदा होगा।

4मै या कोई और नशाआवर चीज़ मत पीना, न कोई नापाक चीज़ खाना।

5क्यूँकि जो बेटा पैदा होगा वह पैदाइश से ही अल्लाह के लिए मख़्सूस होगा। लाज़िम है कि उस के बाल कभी न काटे जाएँ। यही बच्चा इस्राईल को फ़िलिस्तियों से बचाने लगेगा।”

6बीवी अपने शौहर मनोहा के पास गई और उसे सब कुछ बताया, “अल्लाह का एक बन्दा मेरे पास आया। वह अल्लाह का फ़रिश्ता लग रहा था, यहाँ तक कि मैं सख़्त घबरा गई। मैं ने उस से न पूछा कि वह कहाँ से है, और ख़ुद उस ने मुझे अपना नाम न बताया।

7लेकिन उस ने मुझे बताया, ‘तू हामिला होगी, और तेरे बेटा पैदा होगा। अब मै या कोई और नशाआवर चीज़ मत पीना, न कोई नापाक चीज़ खाना। क्यूँकि बेटा पैदाइश से ही मौत तक अल्लाह के लिए मख़्सूस होगा’।”

8यह सुन कर मनोहा ने रब से दुआ की, “ऐ रब, बराह-ए-करम मर्द-ए-ख़ुदा को दुबारा हमारे पास भेज ताकि वह हमें सिखाए कि हम उस बेटे के साथ क्या करें जो पैदा होने वाला है।”

9अल्लाह ने उस की सुनी और अपने फ़रिश्ते को दुबारा उस की बीवी के पास भेज दिया। उस वक़्त वह शौहर के बग़ैर खेत में थी।

10फ़रिश्ते को देख कर वह जल्दी से मनोहा के पास आई और उसे इत्तिला दी, “जो आदमी पिछले दिनों में मेरे पास आया वह दुबारा मुझ पर ज़ाहिर हुआ है!”

11मनोहा उठ कर अपनी बीवी के पीछे पीछे फ़रिश्ते के पास आया। उस ने पूछा, “क्या आप वही आदमी हैं जिस ने पिछले दिनों में मेरी बीवी से बात की थी?” फ़रिश्ते ने जवाब दिया, “जी, मैं ही था।”

12फिर मनोहा ने सवाल किया, “जब आप की पेशगोई पूरी हो जाएगी तो हमें बेटे के तर्ज़-ए-ज़िन्दगी और सुलूक के सिलसिले में किन किन बातों का ख़याल करना है?”

13रब के फ़रिश्ते ने जवाब दिया, “लाज़िम है कि तेरी बीवी उन तमाम चीज़ों से पर्हेज़ करे जिन का ज़िक्र मैं ने किया।

14वह अंगूर की कोई भी पैदावार न खाए। न वह मै, न कोई और नशाआवर चीज़ पिए। नापाक चीज़ें खाना भी मना है। वह मेरी हर हिदायत पर अमल करे।”

15मनोहा ने रब के फ़रिश्ते से गुज़ारिश की, “मेहरबानी करके थोड़ी देर हमारे पास ठहरें ताकि हम बकरी का बच्चा ज़बह करके आप के लिए खाना तय्यार कर सकें।”

16अब तक मनोहा ने यह बात नहीं पहचानी थी कि मेहमान असल में रब का फ़रिश्ता है। फ़रिश्ते ने जवाब दिया, “ख़्वाह तू मुझे रोके भी मैं कुछ नहीं खाऊँगा। लेकिन अगर तू कुछ करना चाहे तो बकरी का बच्चा रब को भस्म होने वाली क़ुर्बानी के तौर पर पेश कर।”

17मनोहा ने उस से पूछा, “आप का क्या नाम है? क्यूँकि जब आप की यह बातें पूरी हो जाएँगी तो हम आप की इज़्ज़त करना चाहेंगे।”

18फ़रिश्ते ने सवाल किया, “तू मेरा नाम क्यूँ जानना चाहता है? वह तो तेरी समझ से बाहर है।”

19फिर मनोहा ने एक बड़े पत्थर पर रब को बकरी का बच्चा और ग़ल्ला की नज़र पेश की। तब रब ने मनोहा और उस की बीवी के देखते देखते एक हैरतअंगेज़ काम किया।

20जब आग के शोले आसमान की तरफ़ बुलन्द हुए तो रब का फ़रिश्ता शोले में से ऊपर चढ़ कर ओझल हो गया। मनोहा और उस की बीवी मुँह के बल गिर गए।

21जब रब का फ़रिश्ता दुबारा मनोहा और उस की बीवी पर ज़ाहिर न हुआ तो मनोहा को समझ आई कि रब का फ़रिश्ता ही था।

22वह पुकार उठा, “हाय, हम मर जाएंगे, क्यूँकि हम ने अल्लाह को देखा है!”

23लेकिन उस की बीवी ने एतिराज़ किया, “अगर रब हमें मार डालना चाहता तो वह हमारी क़ुर्बानी क़बूल न करता। फिर न वह हम पर यह सब कुछ ज़ाहिर करता, न हमें ऐसी बातें बताता।”

24कुछ देर के बाद मनोहा के हाँ बेटा पैदा हुआ। बीवी ने उस का नाम सम्सून रखा। बच्चा बड़ा होता गया, और रब ने उसे बरकत दी।

25अल्लाह का रूह पहली बार महने-दान में जो सुरआ और इस्ताल के दरमियान है उस पर नाज़िल हुआ।