मन और बटेरें
1इस के बाद इस्राईल की पूरी जमाअत एलीम से सफ़र करके सीन के रेगिस्तान में पहुँची जो एलीम और सीना के दरमियान है। वह मिस्र से निकलने के बाद दूसरे महीने के 15वें दिन पहुँचे।
2रेगिस्तान में तमाम लोग फिर मूसा और हारून के ख़िलाफ़ बुड़बुड़ाने लगे।
3उन्हों ने कहा, “काश रब हमें मिस्र में ही मार डालता! वहाँ हम कम अज़ कम जी भर कर गोश्त और रोटी तो खा सकते थे। आप हमें सिर्फ़ इस लिए रेगिस्तान में ले आए हैं कि हम सब भूके मर जाएँ।”
4तब रब ने मूसा से कहा, “मैं आसमान से तुम्हारे लिए रोटी बरसाऊँगा। हर रोज़ लोग बाहर जा कर उसी दिन की ज़रूरत के मुताबिक़ खाना जमा करें। इस से मैं उन्हें आज़मा कर देखूँगा कि आया वह मेरी सुनते हैं कि नहीं।
5हर रोज़ वह सिर्फ़ उतना खाना जमा करें जितना कि एक दिन के लिए काफ़ी हो। लेकिन छटे दिन जब वह खाना तय्यार करेंगे तो वह अगले दिन के लिए भी काफ़ी होगा।”
6मूसा और हारून ने इस्राईलियों से कहा, “आज शाम को तुम जान लोगे कि रब ही तुम्हें मिस्र से निकाल लाया है।
7और कल सुब्ह तुम रब का जलाल देखोगे। उस ने तुम्हारी शिकायतें सुन ली हैं, क्यूँकि असल में तुम हमारे ख़िलाफ़ नहीं बल्कि रब के ख़िलाफ़ बुड़बुड़ा रहे हो।
8फिर भी रब तुम को शाम के वक़्त गोश्त और सुब्ह के वक़्त वाफ़िर रोटी देगा, क्यूँकि उस ने तुम्हारी शिकायतें सुन ली हैं। तुम्हारी शिकायतें हमारे ख़िलाफ़ नहीं बल्कि रब के ख़िलाफ़ हैं।”
9मूसा ने हारून से कहा, “इस्राईलियों को बताना, ‘रब के सामने हाज़िर हो जाओ, क्यूँकि उस ने तुम्हारी शिकायतें सुन ली हैं’।”
10जब हारून पूरी जमाअत के सामने बात करने लगा तो लोगों ने पलट कर रेगिस्तान की तरफ़ देखा। वहाँ रब का जलाल बादल में ज़ाहिर हुआ।
11रब ने मूसा से कहा,
12“मैं ने इस्राईलियों की शिकायत सुन ली है। उन्हें बता, ‘आज जब सूरज ग़ुरूब होने लगेगा तो तुम गोश्त खाओगे और कल सुब्ह पेट भर कर रोटी। फिर तुम जान लोगे कि मैं रब तुम्हारा ख़ुदा हूँ’।”
13उसी शाम बटेरों के ग़ोल आए जो पूरी ख़ैमागाह पर छा गए। और अगली सुब्ह ख़ैमे के चारों तरफ़ ओस पड़ी थी।
14जब ओस सूख गई तो बर्फ़ के गालों जैसे पतले दाने पाले की तरह ज़मीन पर पड़े थे।
15जब इस्राईलियों ने उसे देखा तो एक दूसरे से पूछने लगे, “मन हू?” यानी “यह क्या है?” क्यूँकि वह नहीं जानते थे कि यह क्या चीज़ है। मूसा ने उन को समझाया, “यह वह रोटी है जो रब ने तुम्हें खाने के लिए दी है।
16रब का हुक्म है कि हर एक उतना जमा करे जितना उस के ख़ानदान को ज़रूरत हो। अपने ख़ानदान के हर फ़र्द के लिए दो लिटर जमा करो।”
17इस्राईलियों ने ऐसा ही किया। बाज़ ने ज़्यादा और बाज़ ने कम जमा किया।
18लेकिन जब उसे नापा गया तो हर एक आदमी के लिए काफ़ी था। जिस ने ज़्यादा जमा किया था उस के पास कुछ न बचा। लेकिन जिस ने कम जमा किया था उस के पास भी काफ़ी था।
19मूसा ने हुक्म दिया, “अगले दिन के लिए खाना न बचाना।”
20लेकिन लोगों ने मूसा की बात न मानी बल्कि बाज़ ने खाना बचा लिया। लेकिन अगली सुब्ह मालूम हुआ कि बचे हुए खाने में कीड़े पड़ गए हैं और उस से बहुत बदबू आ रही है। यह सुन कर मूसा उन से नाराज़ हुआ।
21हर सुब्ह हर कोई उतना जमा कर लेता जितनी उसे ज़रूरत होती थी। जब धूप तेज़ होती तो जो कुछ ज़मीन पर रह जाता वह पिघल कर ख़त्म हो जाता था।
22छटे दिन जब लोग यह ख़ुराक जमा करते तो वह मिक़्दार में दुगनी होती थी यानी हर फ़र्द के लिए चार लिटर। जब जमाअत के बुज़ुर्गों ने मूसा के पास आ कर उसे इत्तिला दी
23तो उस ने उन से कहा, “रब का फ़रमान है कि कल आराम का दिन है, मुक़द्दस सबत का दिन जो अल्लाह की ताज़ीम में मनाना है। आज तुम जो तनूर में पकाना चाहते हो पका लो और जो उबालना चाहते हो उबाल लो। जो बच जाए उसे कल के लिए मह्फ़ूज़ रखो।”
24लोगों ने मूसा के हुक्म के मुताबिक़ अगले दिन के लिए खाना मह्फ़ूज़ कर लिया तो न खाने से बदबू आई, न उस में कीड़े पड़े।
25मूसा ने कहा, “आज यही बचा हुआ खाना खाओ, क्यूँकि आज सबत का दिन है, रब की ताज़ीम में आराम का दिन। आज तुम्हें रेगिस्तान में कुछ नहीं मिलेगा।
26छः दिन के दौरान यह ख़ुराक जमा करना है, लेकिन सातवाँ दिन आराम का दिन है। उस दिन ज़मीन पर खाने के लिए कुछ नहीं होगा।”
27तो भी कुछ लोग हफ़्ते को खाना जमा करने के लिए निकले, लेकिन उन्हें कुछ न मिला।
28तब रब ने मूसा से कहा, “तुम लोग कब तक मेरे अह्काम और हिदायात पर अमल करने से इन्कार करोगे?
29देखो, रब ने तुम्हारे लिए मुक़र्रर किया है कि सबत का दिन आराम का दिन है। इस लिए वह तुम्हें जुमए को दो दिन के लिए ख़ुराक देता है। हफ़्ते को सब को अपने ख़ैमों में रहना है। कोई भी अपने घर से बाहर न निकले।”
30चुनाँचे लोग सबत के दिन आराम करते थे।
31इस्राईलियों ने इस ख़ुराक का नाम ‘मन’ रखा। उस के दाने धनिए की मानिन्द सफ़ेद थे, और उस का ज़ाइक़ा शहद से बने केक की मानिन्द था।
32मूसा ने कहा, “रब फ़रमाता है, ‘दो लिटर मन एक मर्तबान में रख कर उसे आने वाली नस्लों के लिए मह्फ़ूज़ रखना। फिर वह देख सकेंगे कि मैं तुम्हें क्या खाना खिलाता रहा जब तुम्हें मिस्र से निकाल लाया’।”
33मूसा ने हारून से कहा, “एक मर्तबान लो और उसे दो लिटर मन से भर कर रब के सामने रखो ताकि वह आने वाली नस्लों के लिए मह्फ़ूज़ रहे।”
34हारून ने ऐसा ही किया। उस ने मन के इस मर्तबान को अह्द के सन्दूक़ के सामने रखा ताकि वह मह्फ़ूज़ रहे।
35इस्राईलियों को 40 साल तक मन मिलता रहा। वह उस वक़्त तक मन खाते रहे जब तक रेगिस्तान से निकल कर कनआन की सरहद पर न पहुँचे।
36(जो पैमाना इस्राईली मन के लिए इस्तेमाल करते थे वह दो लिटर का एक बर्तन था जिस का नाम ओमर था।)