ख़ुरूज 38:1-31 DGV - Bible AI

जानवरों को पेश करने की क़ुर्बानगाह

1बज़लीएल ने कीकर की लकड़ी की एक और क़ुर्बानगाह बनाई जो भस्म होने वाली क़ुर्बानियों के लिए थी। उस की ऊँचाई साढ़े चार फ़ुट, उस की लम्बाई और चौड़ाई साढ़े सात सात फ़ुट थी।

2उस के ऊपर चारों कोनों में से सींग निकलते थे। सींग और क़ुर्बानगाह एक ही टुकड़े के थे, और उस पर पीतल चढ़ाया गया।

3उस का तमाम साज़-ओ-सामान और बर्तन भी पीतल के थे यानी राख को उठा कर ले जाने की बालटियाँ, बेलचे, काँटे, जलते हुए कोएले के लिए बर्तन और छिड़काओ के कटोरे।

4क़ुर्बानगाह को उठाने के लिए उस ने पीतल का जंगला बनाया। वह ऊपर से खुला था और यूँ बनाया गया कि जब क़ुर्बानगाह उस में रखी जाए तो वह उस किनारे तक पहुँचे जो क़ुर्बानगाह की आधी ऊँचाई पर लगी थी।

5उस ने क़ुर्बानगाह को उठाने के लिए चार कड़े बना कर उन्हें जंगले के चार कोनों पर लगाया।

6फिर उस ने कीकर की दो लकड़ियाँ बना कर उन पर पीतल चढ़ाया

7और क़ुर्बानगाह के दोनों तरफ़ लगे इन कड़ों में डाल दीं। यूँ उसे उठाया जा सकता था। क़ुर्बानगाह लकड़ी की थी लेकिन खोखली थी।

8बज़लीएल ने धोने का हौज़ और उस का ढाँचा भी पीतल से बनाया। उस का पीतल उन औरतों के आईनों से मिला था जो मुलाक़ात के ख़ैमे के दरवाज़े पर ख़िदमत करती थीं।

ख़ैमे का सहन

9फिर बज़लीएल ने सहन बनाया। उस की चारदीवारी बारीक कतान के कपड़े से बनाई गई। चारदीवारी की लम्बाई जुनूब की तरफ़ 150 फ़ुट थी।

10कपड़े को लगाने के लिए चाँदी की हुकें, पट्टियाँ, लकड़ी के खम्बे और उन के पाए बनाए गए।

11चारदीवारी शिमाल की तरफ़ भी इसी तरह बनाई गई।

12ख़ैमे के पीछे मग़रिब की तरफ़ चारदीवारी की चौड़ाई 75 फ़ुट थी। कपड़े के इलावा उस के लिए 10 खम्बे, 10 पाए और कपड़ा लगाने के लिए चाँदी की हुकें और पट्टियाँ बनाई गईं।

13सामने, मशरिक़ की तरफ़ जहाँ से सूरज तुलू होता है चारदीवारी की चौड़ाई भी 75 फ़ुट थी।

14कपड़ा दरवाज़े के दाईं तरफ़ साढ़े 22 फ़ुट चौड़ा था और उस के बाईं तरफ़ भी उतना ही चौड़ा। उसे दोनों तरफ़ तीन तीन खम्बों के साथ लगाया गया जो पीतल के पाइयों पर खड़े थे।

16चारदीवारी के तमाम पर्दों के लिए बारीक कतान इस्तेमाल हुआ।

17खम्बे पीतल के पाइयों पर खड़े थे, और पर्दे चाँदी की हुकों और पट्टियों से खम्बों के साथ लगे थे। खम्बों के ऊपर के सिरों पर चाँदी चढ़ाई गई थी। सहन के तमाम खम्बों पर चाँदी की पट्टियाँ लगी थीं।

18चारदीवारी के दरवाज़े का पर्दा नीले, अर्ग़वानी और क़िर्मिज़ी रंग के धागे और बारीक कतान से बनाया गया, और उस पर कढ़ाई का काम किया गया। वह 30 फ़ुट चौड़ा और चारदीवारी के दूसरे पर्दों की तरह साढ़े सात फ़ुट ऊँचा था।

19उस के चार खम्बे और पीतल के चार पाए थे। उस की हुकें और पट्टियाँ चाँदी की थीं, और खम्बों के ऊपर के सिरों पर चाँदी चढ़ाई गई थी।

20ख़ैमे और चारदीवारी की तमाम मेख़ें पीतल की थीं।

ख़ैमे का तामीरी सामान

21ज़ैल में उस सामान की फ़हरिस्त है जो मक़्दिस की तामीर के लिए इस्तेमाल हुआ। मूसा के हुक्म पर इमाम-ए-आज़म हारून के बेटे इतमर ने लावियों की मारिफ़त यह फ़हरिस्त तय्यार की।

22(यहूदाह के क़बीले के बज़लीएल बिन ऊरी बिन हूर ने वह सब कुछ बनाया जो रब ने मूसा को बताया था।

23उस के साथ दान के क़बीले का उहलियाब बिन अख़ीसमक था जो कारीगरी के हर काम और कढ़ाई के काम में माहिर था। वह नीले, अर्ग़वानी और क़िर्मिज़ी रंग के धागे और बारीक कतान से कपड़ा बनाने में भी माहिर था।)

24उस सोने का वज़न जो लोगों के हदियों से जमा हुआ और मक़्दिस की तामीर के लिए इस्तेमाल हुआ तक़रीबन 1,000 किलोग्राम था (उसे मक़्दिस के बाटों के हिसाब से तोला गया)।

25तामीर के लिए चाँदी जो मर्दुमशुमारी के हिसाब से वसूल हुई, उस का वज़न तक़रीबन 3,430 किलोग्राम था (उसे भी मक़्दिस के बाटों के हिसाब से तोला गया)।

26जिन मर्दों की उम्र 20 साल या इस से ज़ाइद थी उन्हें चाँदी का आधा आधा सिक्का देना पड़ा। मर्दों की कुल तादाद 6,03,550 थी।

27चूँकि दीवारों के तख़्तों के पाए और मुक़द्दसतरीन कमरे के दरवाज़े के सतूनों के पाए चाँदी के थे इस लिए तक़रीबन पूरी चाँदी इन 100 पाइयों के लिए सर्फ़ हुई।

28तक़रीबन 30 किलोग्राम चाँदी बच गई। इस से चारदीवारी के खम्बों की हुकें और पट्टियाँ बनाई गईं, और यह खम्बों के ऊपर के सिरों पर भी चढ़ाई गई।

29जो पीतल हदियों से जमा हुआ उस का वज़न तक़रीबन 2,425 किलोग्राम था।

30ख़ैमे के दरवाज़े के पाए, जानवरों को चढ़ाने की क़ुर्बानगाह, उस का जंगला, बर्तन और साज़-ओ-सामान,

31चारदीवारी के पाए, सहन के दरवाज़े के पाए और ख़ैमे और चारदीवारी की तमाम मेख़ें इसी से बनाई गईं।