ख़ुरूज 4:1-31 DGV - Bible AI

1मूसा ने एतिराज़ किया, “लेकिन इस्राईली न मेरी बात का यक़ीन करेंगे, न मेरी सुनेंगे। वह तो कहेंगे, ‘रब तुम पर ज़ाहिर नहीं हुआ’।”

2जवाब में रब ने मूसा से कहा, “तू ने हाथ में क्या पकड़ा हुआ है?” मूसा ने कहा, “लाठी।”

3रब ने कहा, “उसे ज़मीन पर डाल दे।” मूसा ने ऐसा किया तो लाठी साँप बन गई, और मूसा डर कर भागा।

4रब ने कहा, “अब साँप की दुम को पकड़ ले।” मूसा ने ऐसा किया तो साँप फिर लाठी बन गया।

5रब ने कहा, “यह देख कर लोगों को यक़ीन आएगा कि रब जो उन के बापदादा का ख़ुदा, इब्राहीम का ख़ुदा, इस्हाक़ का ख़ुदा और याक़ूब का ख़ुदा है तुझ पर ज़ाहिर हुआ है।

6अब अपना हाथ अपने लिबास में डाल दे।” मूसा ने ऐसा किया। जब उस ने अपना हाथ निकाला तो वह बर्फ़ की मानिन्द सफ़ेद हो गया था। कोढ़ जैसी बीमारी लग गई थी।

7तब रब ने कहा, “अब अपना हाथ दुबारा अपने लिबास में डाल।” मूसा ने ऐसा किया। जब उस ने अपना हाथ दुबारा निकाला तो वह फिर सेहतमन्द था।

8रब ने कहा, “अगर लोगों को पहला मोजिज़ा देख कर यक़ीन न आए और वह तेरी न सुनें तो शायद उन्हें दूसरा मोजिज़ा देख कर यक़ीन आए।

9अगर उन्हें फिर भी यक़ीन न आए और वह तेरी न सुनें तो दरया-ए-नील से कुछ पानी निकाल कर उसे ख़ुश्क ज़मीन पर उंडेल दे। यह पानी ज़मीन पर गिरते ही ख़ून बन जाएगा।”

10लेकिन मूसा ने कहा, “मेरे आक़ा, मैं माज़रत चाहता हूँ, मैं अच्छी तरह बात नहीं कर सकता बल्कि मैं कभी भी यह लियाक़त नहीं रखता था। इस वक़्त भी जब मैं तुझ से बात कर रहा हूँ मेरी यही हालत है। मैं रुक रुक कर बोलता हूँ।”

11रब ने कहा, “किस ने इन्सान का मुँह बनाया? कौन एक को गूँगा और दूसरे को बहरा बना देता है? कौन एक को देखने की क़ाबिलियत देता है और दूसरे को इस से महरूम रखता है? क्या मैं जो रब हूँ यह सब कुछ नहीं करता?

12अब जा! तेरे बोलते वक़्त मैं ख़ुद तेरे साथ हूँगा और तुझे वह कुछ सिखाऊँगा जो तुझे कहना है।”

13लेकिन मूसा ने इल्तिजा की, “मेरे आक़ा, मेहरबानी करके किसी और को भेज दे।”

14तब रब मूसा से सख़्त ख़फ़ा हुआ। उस ने कहा, “क्या तेरा लावी भाई हारून ऐसे काम के लिए हाज़िर नहीं है? मैं जानता हूँ कि वह अच्छी तरह बोल सकता है। देख, वह तुझ से मिलने के लिए निकल चुका है। तुझे देख कर वह निहायत ख़ुश होगा।

15उसे वह कुछ बता जो उसे कहना है। तुम्हारे बोलते वक़्त मैं तेरे और उस के साथ हूँगा और तुम्हें वह कुछ सिखाऊँगा जो तुम्हें करना होगा।

16हारून तेरी जगह क़ौम से बात करेगा जबकि तू मेरी तरह उसे वह कुछ बताएगा जो उसे कहना है।

17लेकिन यह लाठी भी साथ ले जाना, क्यूँकि इसी के ज़रीए तू यह मोजिज़े करेगा।”

मूसा मिस्र को लौट जाता है

18फिर मूसा अपने सुसर यित्रो के घर वापस चला गया। उस ने कहा, “मुझे ज़रा अपने अज़ीज़ों के पास वापस जाने दें जो मिस्र में हैं। मैं मालूम करना चाहता हूँ कि वह अभी तक ज़िन्दा हैं कि नहीं।” यित्रो ने जवाब दिया, “ठीक है, सलामती से जाएँ।”

19मूसा अभी मिदियान में था कि रब ने उस से कहा, “मिस्र को वापस चला जा, क्यूँकि जो आदमी तुझे क़त्ल करना चाहते थे वह मर गए हैं।”

20चुनाँचे मूसा अपनी बीवी और बेटों को गधे पर सवार करके मिस्र को लौटने लगा। अल्लाह की लाठी उस के हाथ में थी।

21रब ने उस से यह भी कहा, “मिस्र जा कर फ़िरऔन के सामने वह तमाम मोजिज़े दिखा जिन का मैं ने तुझे इख़तियार दिया है। लेकिन मेरे कहने पर वह अड़ा रहेगा। वह इस्राईलियों को जाने की इजाज़त नहीं देगा।

22उस वक़्त फ़िरऔन को बता देना, ‘रब फ़रमाता है कि इस्राईल मेरा पहलौठा है।

23मैं तुझे बता चुका हूँ कि मेरे बेटे को जाने दे ताकि वह मेरी इबादत करे। अगर तू मेरे बेटे को जाने से मना करे तो मैं तेरे पहलौठे को जान से मार दूँगा’।”

24एक दिन जब मूसा अपने ख़ानदान के साथ रास्ते में किसी सराय में ठहरा हुआ था तो रब ने उस पर हम्ला करके उसे मार देने की कोशिश की।

25यह देख कर सफ़्फ़ूरा ने एक तेज़ पत्थर से अपने बेटे का ख़तना किया और काटे हुए हिस्से से मूसा के पैर छुए। उस ने कहा, “यक़ीनन तुम मेरे ख़ूनी दूल्हा हो।”

26तब अल्लाह ने मूसा को छोड़ दिया। सफ़्फ़ूरा ने उसे ख़तने के बाइस ही ‘ख़ूनी दूल्हा’ कहा था।

27रब ने हारून से भी बात की, “रेगिस्तान में मूसा से मिलने जा।” हारून चल पड़ा और अल्लाह के पहाड़ के पास मूसा से मिला। उस ने उसे बोसा दिया।

28मूसा ने हारून को सब कुछ सुना दिया जो रब ने उसे कहने के लिए भेजा था। उस ने उसे उन मोजिज़ों के बारे में भी बताया जो उसे दिखाने थे।

29फिर दोनों मिल कर मिस्र गए। वहाँ पहुँच कर उन्हों ने इस्राईल के तमाम बुज़ुर्गों को जमा किया।

30हारून ने उन्हें वह तमाम बातें सुनाईं जो रब ने मूसा को बताई थीं। उस ने मज़कूरा मोजिज़े भी लोगों के सामने दिखाए।

31फिर उन्हें यक़ीन आया। और जब उन्हों ने सुना कि रब को तुम्हारा ख़याल है और वह तुम्हारी मुसीबत से आगाह है तो उन्हों ने रब को सिज्दा किया।