पौलुस और दीगर रसूल
1चौदह साल के बाद मैं दुबारा यरूशलम गया। इस दफ़ा बर्नबास साथ था। मैं तितुस को भी साथ ले कर गया।
2मैं एक मुकाशफ़े की वजह से गया जो अल्लाह ने मुझ पर ज़ाहिर किया था। मेरी अलाहिदगी में उन के साथ मीटिंग हुई जो असर-ओ-रसूख़ रखते हैं। इस में मैं ने उन्हें वह ख़ुशख़बरी पेश की जो मैं ग़ैरयहूदियों को सुनाता हूँ। मैं नहीं चाहता था कि जो दौड़ मैं दौड़ रहा हूँ या माज़ी में दौड़ा था वह आख़िरकार बेफ़ाइदा निकले।
3उस वक़्त वह यहाँ तक मेरे हक़ में थे कि उन्हों ने तितुस को भी अपना ख़तना करवाने पर मज्बूर नहीं किया, अगरचे वह ग़ैरयहूदी है।
4और चन्द यही चाहते थे। लेकिन यह झूटे भाई थे जो चुपके से अन्दर घुस आए थे ताकि जासूस बन कर हमारी उस आज़ादी के बारे में मालूमात हासिल कर लें जो हमें मसीह में मिली है। यह हमें ग़ुलाम बनाना चाहते थे,
5लेकिन हम ने लम्हा भर उन की बात न मानी और न उन के ताबे हुए ताकि अल्लाह की ख़ुशख़बरी की सच्चाई आप के दरमियान क़ाइम रहे।
6और जो राहनुमा समझे जाते थे उन्हों ने मेरी बात में कोई इज़ाफ़ा न किया। (असल में मुझे कोई परवा नहीं कि उन का असर-ओ-रसूख़ था कि नहीं। अल्लाह तो इन्सान की ज़ाहिरी हालत का लिहाज़ नहीं करता।)
7बहरहाल उन्हों ने देखा कि अल्लाह ने मुझे ग़ैरयहूदियों को मसीह की ख़ुशख़बरी सुनाने की ज़िम्मादारी दी थी, बिलकुल उसी तरह जिस तरह उस ने पतरस को यहूदियों को यह पैग़ाम सुनाने की ज़िम्मादारी दी थी।
8क्यूँकि जो काम अल्लाह यहूदियों के रसूल पतरस की ख़िदमत के वसीले से कर रहा था वही काम वह मेरे वसीले से भी कर रहा था, जो ग़ैरयहूदियों का रसूल हूँ।
9याक़ूब, पतरस और यूहन्ना को जमाअत के सतून माना जाता था। जब उन्हों ने जान लिया कि अल्लाह ने इस नाते से मुझे ख़ास फ़ज़्ल दिया है तो उन्हों ने मुझ से और बर्नबास से दहना हाथ मिला कर इस का इज़हार किया कि वह हमारे साथ हैं। यूँ हम मुत्तफ़िक़ हुए कि बर्नबास और मैं ग़ैरयहूदियों में ख़िदमत करेंगे और वह यहूदियों में।
10उन्हों ने सिर्फ़ एक बात पर ज़ोर दिया कि हम ज़रूरतमन्दों को याद रखें, वही बात जिसे मैं हमेशा करने के लिए कोशाँ रहा हूँ।
अन्ताकिया में पौलुस पतरस को मलामत करता है
11लेकिन जब पतरस अन्ताकिया शहर आया तो मैं ने रू-ब-रू उस की मुख़ालफ़त की, क्यूँकि वह अपने रवय्ये के सबब से मुजरिम ठहरा।
12जब वह आया तो पहले वह ग़ैरयहूदी ईमानदारों के साथ खाना खाता रहा। लेकिन फिर याक़ूब के कुछ अज़ीज़ आए। उसी वक़्त पतरस पीछे हट कर ग़ैरयहूदियों से अलग हुआ, क्यूँकि वह उन से डरता था जो ग़ैरयहूदियों का ख़तना करवाने के हक़ में थे।
13बाक़ी यहूदी भी इस रियाकारी में शामिल हुए, यहाँ तक कि बर्नबास को भी उन की रियाकारी से बहकाया गया।
14जब मैं ने देखा कि वह उस सीधी राह पर नहीं चल रहे हैं जो अल्लाह की ख़ुशख़बरी की सच्चाई पर मब्नी है तो मैं ने सब के सामने पतरस से कहा, “आप यहूदी हैं। लेकिन आप ग़ैरयहूदी की तरह ज़िन्दगी गुज़ार रहे हैं, यहूदी की तरह नहीं। तो फिर यह कैसी बात है कि आप ग़ैरयहूदियों को यहूदी रिवायात की पैरवी करने पर मज्बूर कर रहे हैं?”
सब ईमान से नजात पाते हैं
15बेशक हम पैदाइशी यहूदी हैं और ‘ग़ैरयहूदी गुनाहगार’ नहीं हैं।
16लेकिन हम जानते हैं कि इन्सान को शरीअत की पैरवी करने से रास्तबाज़ नहीं ठहराया जाता बल्कि ईसा मसीह पर ईमान लाने से। हम भी मसीह ईसा पर ईमान लाए हैं ताकि हमें रास्तबाज़ क़रार दिया जाए, शरीअत की पैरवी करने से नहीं बल्कि मसीह पर ईमान लाने से। क्यूँकि शरीअत की पैरवी करने से किसी को भी रास्तबाज़ क़रार नहीं दिया जाएगा।
17लेकिन अगर मसीह में रास्तबाज़ ठहरने की कोशिश करते करते हम ख़ुद गुनाहगार साबित हो जाएँ तो क्या इस का मतलब यह है कि मसीह गुनाह का ख़ादिम है? हरगिज़ नहीं!
18अगर मैं शरीअत के उस निज़ाम को दुबारा तामीर करूँ जो मैं ने ढा दिया तो फिर मैं ज़ाहिर करता हूँ कि मैं मुजरिम हूँ।
19क्यूँकि जहाँ तक शरीअत का ताल्लुक़ है मैं मुर्दा हूँ। मुझे शरीअत ही से मारा गया है ताकि अल्लाह के लिए जी सकूँ। मुझे मसीह के साथ मस्लूब किया गया
20और यूँ मैं ख़ुद ज़िन्दा न रहा बल्कि मसीह मुझ में ज़िन्दा है। अब जो ज़िन्दगी मैं इस जिस्म में गुज़ारता हूँ वह अल्लाह के फ़र्ज़न्द पर ईमान लाने से गुज़ारता हूँ। उसी ने मुझ से मुहब्बत रख कर मेरे लिए अपनी जान दी।
21मैं अल्लाह का फ़ज़्ल रद्द करने से इन्कार करता हूँ। क्यूँकि अगर किसी को शरीअत की पैरवी करने से रास्तबाज़ ठहराया जा सकता तो इस का मतलब यह होता कि मसीह का मरना अबस था।