तबएरा में रब की आग
1एक दिन लोग ख़ूब शिकायत करने लगे। जब यह शिकायतें रब तक पहुँचीं तो उसे ग़ुस्सा आया और उस की आग उन के दरमियान भड़क उठी। जलते जलते उस ने ख़ैमागाह का एक किनारा भस्म कर दिया।
2लोग मदद के लिए मूसा के पास आ कर चिल्लाने लगे तो उस ने रब से दुआ की, और आग बुझ गई।
3उस मक़ाम का नाम तबएरा यानी जलना पड़ गया, क्यूँकि रब की आग उन के दरमियान जल उठी थी।
मूसा ७० राहनुमा चुनता है
4इस्राईलियों के साथ जो अजनबी सफ़र कर रहे थे वह गोश्त खाने की शदीद आर्ज़ू करने लगे। तब इस्राईली भी रो पड़े और कहने लगे, “कौन हमें गोश्त खिलाएगा?
5मिस्र में हम मछली मुफ़्त खा सकते थे। हाय, वहाँ के खीरे, तरबूज़, गन्दने, प्याज़ और लहसन कितने अच्छे थे!
6लेकिन अब तो हमारी जान सूख गई है। यहाँ बस मन ही मन नज़र आता रहता है।”
7मन धनिए के दानों की मानिन्द था, और उस का रंग गूगल के गूँद की मानिन्द था।
8रात के वक़्त वह ख़ैमागाह में ओस के साथ ज़मीन पर गिरता था। सुब्ह के वक़्त लोग इधर उधर घूमते फिरते हुए उसे जमा करते थे। फिर वह उसे चक्की में पीस कर या उखली में कूट कर उबालते या रोटी बनाते थे। उस का ज़ाइक़ा ऐसी रोटी का सा था जिस में ज़ैतून का तेल डाला गया हो।
10तमाम ख़ानदान अपने अपने ख़ैमे के दरवाज़े पर रोने लगे तो रब को शदीद ग़ुस्सा आया। उन का शोर मूसा को भी बहुत बुरा लगा।
11उस ने रब से पूछा, “तू ने अपने ख़ादिम के साथ इतना बुरा सुलूक क्यूँ किया? मैं ने किस काम से तुझे इतना नाराज़ किया कि तू ने इन तमाम लोगों का बोझ मुझ पर डाल दिया?
12क्या मैं ने हामिला हो कर इस पूरी क़ौम को जन्म दिया कि तू मुझ से कहता है, ‘इसे उस तरह उठा कर ले चलना जिस तरह आया शीरख़्वार बच्चे को उठा कर हर जगह साथ लिए फिरती है। इसी तरह इसे उस मुल्क में ले जाना जिस का वादा मैं ने क़सम खा कर इन के बापदादा से किया है।’
13ऐ अल्लाह, मैं इन तमाम लोगों को कहाँ से गोश्त मुहय्या करूँ? वह मेरे सामने रोते रहते हैं कि हमें खाने के लिए गोश्त दो।
14मैं अकेला इन तमाम लोगों की ज़िम्मादारी नहीं उठा सकता। यह बोझ मेरे लिए हद से ज़्यादा भारी है।
15अगर तू इस पर इसरार करे तो फिर बेहतर है कि अभी मुझे मार दे ताकि मैं अपनी तबाही न देखूँ।”
16जवाब में रब ने मूसा से कहा, “मेरे पास इस्राईल के 70 बुज़ुर्ग जमा कर। सिर्फ़ ऐसे लोग चुन जिन के बारे में तुझे मालूम है कि वह लोगों के बुज़ुर्ग और निगहबान हैं। उन्हें मुलाक़ात के ख़ैमे के पास ले आ। वहाँ वह तेरे साथ खड़े हो जाएँ,
17तो मैं उतर कर तेरे साथ हमकलाम हूँगा। उस वक़्त मैं उस रूह में से कुछ लूँगा जो मैं ने तुझ पर नाज़िल किया था और उसे उन पर नाज़िल करूँगा। तब वह क़ौम का बोझ उठाने में तेरी मदद करेंगे और तू इस में अकेला नहीं रहेगा।
18लोगों को बताना, ‘अपने आप को मख़्सूस-ओ-मुक़द्दस करो, क्यूँकि कल तुम गोश्त खाओगे। रब ने तुम्हारी सुनी जब तुम रो पड़े कि कौन हमें गोश्त खिलाएगा, मिस्र में हमारी हालत बेहतर थी। अब रब तुम्हें गोश्त मुहय्या करेगा और तुम उसे खाओगे।
19तुम उसे न सिर्फ़ एक, दो या पाँच दिन खाओगे बल्कि 10 या 20 दिन से भी ज़्यादा अर्से तक।
20तुम एक पूरा महीना ख़ूब गोश्त खाओगे, यहाँ तक कि वह तुम्हारी नाक से निकलेगा और तुम्हें उस से घिन आएगी। और यह इस सबब से होगा कि तुम ने रब को जो तुम्हारे दरमियान है रद्द किया और रोते रोते उस के सामने कहा कि हम क्यूँ मिस्र से निकले’।”
21लेकिन मूसा ने एतिराज़ किया, “अगर क़ौम के पैदल चलने वाले गिने जाएँ तो छः लाख हैं। तू किस तरह हमें एक माह तक गोश्त मुहय्या करेगा?
22क्या गाय-बैलों या भेड़-बकरियों को इतनी मिक़्दार में ज़बह किया जा सकता है कि काफ़ी हो? अगर समुन्दर की तमाम मछलियाँ उन के लिए पकड़ी जाएँ तो क्या काफ़ी होंगी?”
23रब ने कहा, “क्या रब का इख़तियार कम है? अब तू ख़ुद देख लेगा कि मेरी बातें दुरुस्त हैं कि नहीं।”
24चुनाँचे मूसा ने वहाँ से निकल कर लोगों को रब की यह बातें बताईं। उस ने उन के बुज़ुर्गों में से 70 को चुन कर उन्हें मुलाक़ात के ख़ैमे के इर्दगिर्द खड़ा कर दिया।
25तब रब बादल में उतर कर मूसा से हमकलाम हुआ। जो रूह उस ने मूसा पर नाज़िल किया था उस में से उस ने कुछ ले कर उन 70 बुज़ुर्गों पर नाज़िल किया। जब रूह उन पर आया तो वह नबुव्वत करने लगे। लेकिन ऐसा फिर कभी न हुआ।
26अब ऐसा हुआ कि इन सत्तर बुज़ुर्गों में से दो ख़ैमागाह में रह गए थे। उन के नाम इल्दाद और मेदाद थे। उन्हें चुना तो गया था लेकिन वह मुलाक़ात के ख़ैमे के पास नहीं आए थे। इस के बावुजूद रूह उन पर भी नाज़िल हुआ और वह ख़ैमागाह में नबुव्वत करने लगे।
27एक नौजवान भाग कर मूसा के पास आया और कहा, “इल्दाद और मेदाद ख़ैमागाह में ही नबुव्वत कर रहे हैं।”
28यशूअ बिन नून जो जवानी से मूसा का मददगार था बोल उठा, “मूसा मेरे आक़ा, उन्हें रोक दें!”
29लेकिन मूसा ने जवाब दिया, “क्या तू मेरी ख़ातिर ग़ैरत खा रहा है? काश रब के तमाम लोग नबी होते और वह उन सब पर अपना रूह नाज़िल करता!”
30फिर मूसा और इस्राईल के बुज़ुर्ग ख़ैमागाह में वापस आए।
31तब रब की तरफ़ से ज़ोरदार हवा चलने लगी जिस ने समुन्दर को पार करने वाले बटेरों के ग़ोल धकेल कर ख़ैमागाह के इर्दगिर्द ज़मीन पर फैंक दिए। उन के ग़ोल तीन फ़ुट ऊँचे और ख़ैमागाह के चारों तरफ़ 30 किलोमीटर तक पड़े रहे।
32उस पूरे दिन और रात और अगले पूरे दिन लोग निकल कर बटेरें जमा करते रहे। हर एक ने कम अज़ कम दस बड़ी टोकरियाँ भर लीं। फिर उन्हों ने उन का गोश्त ख़ैमे के इर्दगिर्द ज़मीन पर फैला दिया ताकि वह ख़ुश्क हो जाए।
33लेकिन गोश्त के पहले टुकड़े अभी मुँह में थे कि रब का ग़ज़ब उन पर आन पड़ा, और उस ने उन में सख़्त वबा फैलने दी।
34चुनाँचे मक़ाम का नाम क़ब्रोत-हत्तावा यानी ‘लालच की क़ब्रें’ रखा गया, क्यूँकि वहाँ उन्हों ने उन लोगों को दफ़न किया जो गोश्त के लालच में आ गए थे।
35इस के बाद इस्राईली क़ब्रोत-हत्तावा से रवाना हो कर हसीरात पहुँच गए। वहाँ वह ख़ैमाज़न हुए।