गिनती 16:1-50 DGV - Bible AI

क़ोरह, दातन और अबीराम की सरकशी

1एक दिन क़ोरह बिन इज़हार मूसा के ख़िलाफ़ उठा। वह लावी के क़बीले का क़िहाती था। उस के साथ रूबिन के क़बीले के तीन आदमी थे, इलियाब के बेटे दातन और अबीराम और ओन बिन पलत। उन के साथ 250 और आदमी भी थे जो जमाअत के सरदार और असर-ओ-रसूख़ वाले थे, और जो कौंसल के लिए चुने गए थे।

3वह मिल कर मूसा और हारून के पास आ कर कहने लगे, “आप हम से ज़ियादती कर रहे हैं। पूरी जमाअत मख़्सूस-ओ-मुक़द्दस है, और रब उस के दरमियान है। तो फिर आप अपने आप को क्यूँ रब की जमाअत से बढ़ कर समझते हैं?”

4यह सुन कर मूसा मुँह के बल गिरा।

5फिर उस ने क़ोरह और उस के तमाम साथियों से कहा, “कल सुब्ह रब ज़ाहिर करेगा कि कौन उस का बन्दा और कौन मख़्सूस-ओ-मुक़द्दस है। उसी को वह अपने पास आने देगा।

6ऐ क़ोरह, कल अपने तमाम साथियों के साथ बख़ूरदान ले कर

7रब के सामने उन में अंगारे और बख़ूर डालो। जिस आदमी को रब चुनेगा वह मख़्सूस-ओ-मुक़द्दस होगा। अब तुम लावी ख़ुद ज़ियादती कर रहे हो।”

8मूसा ने क़ोरह से बात जारी रखी, “ऐ लावी की औलाद, सुनो!

9क्या तुम्हारी नज़र में यह कोई छोटी बात है कि रब तुम्हें इस्राईली जमाअत के बाक़ी लोगों से अलग करके अपने क़रीब ले आया ताकि तुम रब के मक़्दिस में और जमाअत के सामने खड़े हो कर उन की ख़िदमत करो?

10वह तुझे और तेरे साथी लावियों को अपने क़रीब लाया है। लेकिन अब तुम इमाम का उह्दा भी अपनाना चाहते हो।

11अपने साथियों से मिल कर तू ने हारून की नहीं बल्कि रब की मुख़ालफ़त की है। क्यूँकि हारून कौन है कि तुम उस के ख़िलाफ़ बुड़बुड़ाओ?”

12फिर मूसा ने इलियाब के बेटों दातन और अबीराम को बुलाया। लेकिन उन्हों ने कहा, “हम नहीं आएँगे।

13आप हमें एक ऐसे मुल्क से निकाल लाए हैं जहाँ दूध और शहद की कस्रत है ताकि हम रेगिस्तान में हलाक हो जाएँ। क्या यह काफ़ी नहीं है? क्या अब आप हम पर हुकूमत भी करना चाहते हैं?

14न आप ने हमें ऐसे मुल्क में पहुँचाया जिस में दूध और शहद की कस्रत है, न हमें खेतों और अंगूर के बाग़ों के वारिस बनाया है। क्या आप इन आदमियों की आँखें निकाल डालेंगे? नहीं, हम हरगिज़ नहीं आएँगे।”

15तब मूसा निहायत ग़ुस्से हुआ। उस ने रब से कहा, “उन की क़ुर्बानी को क़बूल न कर। मैं ने एक गधा तक उन से नहीं लिया, न मैं ने उन में से किसी से बुरा सुलूक किया है।”

16क़ोरह से उस ने कहा, “कल तुम और तुम्हारे साथी रब के सामने हाज़िर हो जाओ। हारून भी आएगा।

17हर एक अपना बख़ूरदान ले कर उसे रब को पेश करे।”

18चुनाँचे हर आदमी ने अपना बख़ूरदान ले कर उस में अंगारे और बख़ूर डाल दिया। फिर सब मूसा और हारून के साथ मुलाक़ात के ख़ैमे के दरवाज़े पर खड़े हुए।

19क़ोरह ने पूरी जमाअत को दरवाज़े पर मूसा और हारून के मुक़ाबले में जमा किया था।

19अचानक पूरी जमाअत पर रब का जलाल ज़ाहिर हुआ।

20रब ने मूसा और हारून से कहा,

21“इस जमाअत से अलग हो जाओ ताकि मैं इसे फ़ौरन हलाक कर दूँ।”

22मूसा और हारून मुँह के बल गिरे और बोल उठे, “ऐ अल्लाह, तू तमाम जानों का ख़ुदा है। क्या तेरा ग़ज़ब एक ही आदमी के गुनाह के सबब से पूरी जमाअत पर आन पड़ेगा?”

23तब रब ने मूसा से कहा,

24“जमाअत को बता दे कि क़ोरह, दातन और अबीराम के डेरों से दूर हो जाओ।”

25मूसा उठ कर दातन और अबीराम के पास गया, और इस्राईल के बुज़ुर्ग उस के पीछे चले।

26उस ने जमाअत को आगाह किया, “इन शरीरों के ख़ैमों से दूर हो जाओ! जो कुछ भी उन के पास है उसे न छुओ, वर्ना तुम भी उन के साथ तबाह हो जाओगे जब वह अपने गुनाहों के बाइस हलाक होंगे।”

27तब बाक़ी लोग क़ोरह, दातन और अबीराम के डेरों से दूर हो गए।

27दातन और अबीराम अपने बाल-बच्चों समेत अपने ख़ैमों से निकल कर बाहर खड़े थे।

28मूसा ने कहा, “अब तुम्हें पता चलेगा कि रब ने मुझे यह सब कुछ करने के लिए भेजा है। मैं अपनी नहीं बल्कि उस की मर्ज़ी पूरी कर रहा हूँ।

29अगर यह लोग दूसरों की तरह तबई मौत मरें तो फिर रब ने मुझे नहीं भेजा।

30लेकिन अगर रब ऐसा काम करे जो पहले कभी नहीं हुआ और ज़मीन अपना मुँह खोल कर उन्हें और उन का पूरा माल हड़प कर ले और उन्हें जीते जी दफ़ना दे तो इस का मतलब होगा कि इन आदमियों ने रब को हक़ीर जाना है।”

31यह बात कहते ही उन के नीचे की ज़मीन फट गई।

32उस ने अपना मुँह खोल कर उन्हें, उन के ख़ानदानों को, क़ोरह के तमाम लोगों को और उन का सारा सामान हड़प कर लिया।

33वह अपनी पूरी मिलकियत समेत जीते जी दफ़न हो गए। ज़मीन उन के ऊपर वापस आ गई। यूँ उन्हें जमाअत से निकाला गया और वह हलाक हो गए।

34उन की चीख़ें सुन कर उन के इर्दगिर्द खड़े तमाम इस्राईली भाग उठे, क्यूँकि उन्हों ने सोचा, “ऐसा न हो कि ज़मीन हमें भी निगल ले।”

35उसी लम्हे रब की तरफ़ से आग उतर आई और उन 250 आदमियों को भस्म कर दिया जो बख़ूर पेश कर रहे थे।

36रब ने मूसा से कहा,

37“हारून इमाम के बेटे इलीअज़र को इत्तिला दे कि वह बख़ूरदानों को राख में से निकाल कर रखे। उन के अंगारे वह दूर फैंके। बख़ूरदानों को रखने का सबब यह है कि अब वह मख़्सूस-ओ-मुक़द्दस हैं।

38लोग उन आदमियों के यह बख़ूरदान ले लें जो अपने गुनाह के बाइस जाँ-ब-हक़ हो गए। वह उन्हें कूट कर उन से चादरें बनाएँ और उन्हें जलने वाली क़ुर्बानियों की क़ुर्बानगाह पर चढ़ाएँ। क्यूँकि वह रब को पेश किए गए हैं, इस लिए वह मख़्सूस-ओ-मुक़द्दस हैं। यूँ वह इस्राईलियों के लिए एक निशान रहेंगे।”

39चुनाँचे इलीअज़र इमाम ने पीतल के यह बख़ूरदान जमा किए जो भस्म किए हुए आदमियों ने रब को पेश किए थे। फिर लोगों ने उन्हें कूट कर उन से चादरें बनाईं और उन्हें क़ुर्बानगाह पर चढ़ा दिया।

40हारून ने सब कुछ वैसा ही किया जैसा रब ने मूसा की मारिफ़त बताया था। मक़्सद यह था कि बख़ूरदान इस्राईलियों को याद दिलाते रहें कि सिर्फ़ हारून की औलाद ही को रब के सामने आ कर बख़ूर जलाने की इजाज़त है। अगर कोई और ऐसा करे तो उस का हाल क़ोरह और उस के साथियों का सा होगा।

41अगले दिन इस्राईल की पूरी जमाअत मूसा और हारून के ख़िलाफ़ बुड़बुड़ाने लगी। उन्हों ने कहा, “आप ने रब की क़ौम को मार डाला है।”

42लेकिन जब वह मूसा और हारून के मुक़ाबले में जमा हुए और मुलाक़ात के ख़ैमे का रुख़ किया तो अचानक उस पर बादल छा गया और रब का जलाल ज़ाहिर हुआ।

43फिर मूसा और हारून मुलाक़ात के ख़ैमे के सामने आए,

44और रब ने मूसा से कहा,

45“इस जमाअत से निकल जाओ ताकि मैं इसे फ़ौरन हलाक कर दूँ।” यह सुन कर दोनों मुँह के बल गिरे।

46मूसा ने हारून से कहा, “अपना बख़ूरदान ले कर उस में क़ुर्बानगाह के अंगारे और बख़ूर डालें। फिर भाग कर जमाअत के पास चले जाएँ ताकि उन का कफ़्फ़ारा दें। जल्दी करें, क्यूँकि रब का ग़ज़ब उन पर टूट पड़ा है। वबा फैलने लगी है।”

47हारून ने ऐसा ही किया। वह दौड़ कर जमाअत के बीच में गया। लोगों में वबा शुरू हो चुकी थी, लेकिन हारून ने रब को बख़ूर पेश करके उन का कफ़्फ़ारा दिया।

48वह ज़िन्दों और मुर्दों के बीच में खड़ा हुआ तो वबा रुक गई।

49तो भी 14,700 अफ़राद वबा से मर गए। इस में वह शामिल नहीं हैं जो क़ोरह के सबब से मर गए थे।

50जब वबा रुक गई तो हारून मूसा के पास वापस आया जो अब तक मुलाक़ात के ख़ैमे के दरवाज़े पर खड़ा था।