ज़करियाह 11:1-17 DGV - Bible AI

बड़ों को नीचा किया जाएगा

1ऐ लुबनान, अपने दरवाज़ों को खोल दे ताकि तेरे देवदार के दरख़्त नज़र-ए-आतिश हो जाएँ।

2ऐ जूनीपर के दरख़तो, वावैला करो! क्यूँकि देवदार के दरख़्त गिर गए हैं, यह ज़बरदस्त दरख़्त तबाह हो गए हैं। ऐ बसन के बलूतो, आह-ओ-ज़ारी करो! जो जंगल इतना घना था कि कोई उस में से गुज़र न सकता था उसे काटा गया है।

3सुनो, चरवाहे रो रहे हैं, क्यूँकि उन की शानदार चरागाहें बर्बाद हो गई हैं। सुनो, जवान शेरबबर दहाड़ रहे हैं, क्यूँकि वादी-ए-यर्दन का गुंजान जंगल ख़त्म हो गया है।

दो क़िस्म के गल्लाबान

4रब मेरा ख़ुदा मुझ से हमकलाम हुआ, “ज़बह होने वाली भेड़-बकरियों की गल्लाबानी कर!

5जो उन्हें ख़रीद लेते वह उन्हें ज़बह करते हैं और क़ुसूरवार नहीं ठहरते। और जो उन्हें बेचते वह कहते हैं, ‘अल्लाह की हम्द हो, मैं अमीर हो गया हूँ!’ उन के अपने चरवाहे उन पर तरस नहीं खाते।

6इस लिए रब फ़रमाता है कि मैं भी मुल्क के बाशिन्दों पर तरस नहीं खाऊँगा। मैं हर एक को उस के पड़ोसी और उस के बादशाह के हवाले करूँगा। वह मुल्क को टुकड़े टुकड़े करेंगे, और मैं उन्हें उन के हाथ से नहीं छुड़ाऊँगा।”

7चुनाँचे मैं, ज़करियाह ने सौदागरों के लिए ज़बह होने वाली भेड़-बकरियों की गल्लाबानी की। मैं ने उस काम के लिए दो लाठियाँ लीं। एक का नाम ‘मेहरबानी’ और दूसरी का नाम ‘यगान्गत’ था। उन के साथ मैं ने रेवड़ की गल्लाबानी की।

8एक ही महीने में मैं ने तीन गल्लाबानों को मिटा दिया। लेकिन जल्द ही मैं भेड़-बकरियों से तंग आ गया, और उन्हों ने मुझे भी हक़ीर जाना।

9तब मैं बोला, “आइन्दा मैं तुम्हारी गल्लाबानी नहीं करूँगा। जिसे मरना है वह मरे, जिसे ज़ाए होना है वह ज़ाए हो जाए। और जो बच जाएँ वह एक दूसरे का गोश्त खाएँ। मैं ज़िम्मादार नहीं हूँगा!”[९]

10मैं ने लाठी बनाम ‘मेहरबानी’ को तोड़ कर ज़ाहिर किया कि जो अह्द मैं ने तमाम अक़्वाम के साथ बांधा था वह मन्सूख़ है।

11उसी दिन वह मन्सूख़ हुआ।

11तब भेड़-बकरियों के जो सौदागर मुझ पर ध्यान दे रहे थे उन्हों ने जान लिया कि यह पैग़ाम रब की तरफ़ से है।

12फिर मैं ने उन से कहा, “अगर यह आप को मुनासिब लगे तो मुझे मज़दूरी के पैसे दे दें, वर्ना रहने दें।” उन्हों ने मज़दूरी के लिए मुझे चाँदी के 30 सिक्के दे दिए।

13तब रब ने मुझे हुक्म दिया, “अब यह रक़म कुम्हार[१०] के सामने फैंक दे। कितनी शानदार रक़म है! यह मेरी इतनी ही क़दर करते हैं।” मैं ने चाँदी के 30 सिक्के ले कर रब के घर में कुम्हार के सामने फैंक दिए।

14इस के बाद मैं ने दूसरी लाठी बनाम ‘यगान्गत’ को तोड़ कर ज़ाहिर किया कि यहूदाह और इस्राईल की अख़ुव्वत मन्सूख़ हो गई है।

15फिर रब ने मुझे बताया, “अब दुबारा गल्लाबान का सामान ले ले। लेकिन इस बार अहमक़ चरवाहे का सा रवय्या अपना ले।

16क्यूँकि मैं मुल्क पर ऐसा गल्लाबान मुक़र्रर करूँगा जो न हलाक होने वालों की देख-भाल करेगा, न छोटों को तलाश करेगा, न ज़ख़्मियों को शिफ़ा देगा, न सेहतमन्दों को ख़ुराक मुहय्या करेगा। इस के बजाए वह बेहतरीन जानवरों का गोश्त खा लेगा बल्कि इतना ज़ालिम होगा कि उन के खुरों को फाड़ कर तोड़ेगा।

17उस बेकार चरवाहे पर अफ़्सोस जो अपने रेवड़ को छोड़ देता है। तलवार उस के बाज़ू और दहनी आँख को ज़ख़्मी करे। उस का बाज़ू सूख जाए और उस की दहनी आँख अंधी हो जाए।”