ज़करियाह 12:1 DGV - Bible AI

अल्लाह यरूशलम की हिफ़ाज़त करेगा

1ज़ैल में रब का इस्राईल के लिए कलाम है। रब जिस ने आसमान को ख़ैमे की तरह तान कर ज़मीन की बुन्यादें रखीं और इन्सान के अन्दर उस की रूह को तश्कील दिया वह फ़रमाता है,

2“मैं यरूशलम को गिर्द-ओ-नवाह की क़ौमों के लिए शराब का प्याला बना दूँगा जिसे वह पी कर लड़खड़ाने लगेंगी। यहूदाह भी मुसीबत में आएगा जब यरूशलम का मुहासरा किया जाएगा।

3उस दिन दुनिया की तमाम अक़्वाम यरूशलम के ख़िलाफ़ जमा हो जाएँगी। तब मैं यरूशलम को एक ऐसा पत्थर बनाऊँगा जो कोई नहीं उठा सकेगा। जो भी उसे उठा कर ले जाना चाहे वह ज़ख़्मी हो जाएगा।”

4रब फ़रमाता है, “उस दिन मैं तमाम घोड़ों में अब्तरी और उन के सवारों में दीवानगी पैदा करूँगा। मैं दीगर अक़्वाम के तमाम घोड़ों को अंधा कर दूँगा।

4साथ साथ मैं खुली आँखों से यहूदाह के घराने की देख-भाल करूँगा।

5तब यहूदाह के ख़ानदान दिल में कहेंगे, ‘यरूशलम के बाशिन्दे इस लिए हमारे लिए क़ुव्वत का बाइस हैं कि रब्ब-उल-अफ़्वाज उन का ख़ुदा है।’

6उस दिन मैं यहूदाह के ख़ानदानों को जलते हुए कोएले बना दूँगा जो दुश्मन की सूखी लकड़ी को जला देंगे। वह भड़कती हुई मशअल होंगे जो दुश्मन की पूलों को भस्म करेगी। उन के दाईं और बाईं तरफ़ जितनी भी क़ौमें गिर्द-ओ-नवाह में रहती हैं वह सब नज़र-ए-आतिश हो जाएँगी। लेकिन यरूशलम अपनी ही जगह मह्फ़ूज़ रहेगा।

7पहले रब यहूदाह के घरों को बचाएगा ताकि दाऊद के घराने और यरूशलम के बाशिन्दों की शान-ओ-शौकत यहूदाह से बड़ी न हो।

8लेकिन रब यरूशलम के बाशिन्दों को भी पनाह देगा। तब उन में से कमज़ोर आदमी दाऊद जैसा सूरमा होगा जबकि दाऊद का घराना ख़ुदा की मानिन्द, उन के आगे चलने वाले रब के फ़रिश्ते की मानिन्द होगा।

9उस दिन मैं यरूशलम पर हम्लाआवर तमाम अक़्वाम को तबाह करने के लिए निकलूँगा।

यरूशलम का मातम

10मैं दाऊद के घराने और यरूशलम के बाशिन्दों पर मेहरबानी और इल्तिमास का रूह उंडेलूँगा। तब वह मुझ पर नज़र डालेंगे जिसे उन्हों ने छेदा है, और वह उस के लिए ऐसा मातम करेंगे जैसे अपने इक्लौते बेटे के लिए, उस के लिए ऐसा शदीद ग़म खाएँगे जिस तरह अपने पहलौठे के लिए।

11उस दिन लोग यरूशलम में शिद्दत से मातम करेंगे। ऐसा मातम होगा जैसा मैदान-ए-मजिद्दो में हदद-रिम्मोन पर किया जाता था।

12पूरे का पूरा मुल्क वावैला करेगा। तमाम ख़ानदान एक दूसरे से अलग और तमाम औरतें दूसरों से अलग आह-ओ-बुका करेंगी। दाऊद का ख़ानदान, नातन का ख़ानदान, लावी का ख़ानदान, सिमई का ख़ानदान और मुल्क के बाक़ी तमाम ख़ानदान अलग अलग मातम करेंगे।