अल्लाह ही की हम्द हो
1ऐ रब, हमारी ही इज़्ज़त की ख़ातिर काम न कर बल्कि इस लिए कि तेरे नाम को जलाल मिले, इस लिए कि तू मेहरबान और वफ़ादार ख़ुदा है।
2दीगर अक़्वाम क्यूँ कहें, “उन का ख़ुदा कहाँ है?”
3हमारा ख़ुदा तो आसमान पर है, और जो जी चाहे करता है।
4उन के बुत सोने-चाँदी के हैं, इन्सान के हाथ ने उन्हें बनाया है।
5उन के मुँह हैं लेकिन वह बोल नहीं सकते। उन की आँखें हैं लेकिन वह देख नहीं सकते।
6उन के कान हैं लेकिन वह सुन नहीं सकते, उन की नाक है लेकिन वह सूँघ नहीं सकते।
7उन के हाथ हैं, लेकिन वह छू नहीं सकते। उन के पाँओ हैं, लेकिन वह चल नहीं सकते। उन के गले से आवाज़ नहीं निकलती।
8जो बुत बनाते हैं वह उन की मानिन्द हो जाएँ, जो उन पर भरोसा रखते हैं वह उन जैसे बेहिस्स-ओ-हरकत हो जाएँ।
9ऐ इस्राईल, रब पर भरोसा रख! वही तेरा सहारा और तेरी ढाल है।
10ऐ हारून के घराने, रब पर भरोसा रख! वही तेरा सहारा और तेरी ढाल है।
11ऐ रब का ख़ौफ़ मानने वालो, रब पर भरोसा रखो! वही तुम्हारा सहारा और तुम्हारी ढाल है।
12रब ने हमारा ख़याल किया है, और वह हमें बरकत देगा। वह इस्राईल के घराने को बरकत देगा, वह हारून के घराने को बरकत देगा।
13वह रब का ख़ौफ़ मानने वालों को बरकत देगा, ख़्वाह छोटे हों या बड़े।
14रब तुम्हारी तादाद में इज़ाफ़ा करे, तुम्हारी भी और तुम्हारी औलाद की भी।
15रब जो आसमान-ओ-ज़मीन का ख़ालिक़ है तुम्हें बरकत से मालामाल करे।
16आसमान तो रब का है, लेकिन ज़मीन को उस ने आदमज़ादों को बख़्श दिया है।
17ऐ रब, मुर्दे तेरी सताइश नहीं करते, ख़ामोशी के मुल्क में उतरने वालों में से कोई भी तेरी तम्जीद नहीं करता।
18लेकिन हम रब की सताइश अब से अबद तक करेंगे। रब की हम्द हो!