बड़ी मुसीबत से रिहाई की दुआ (तौबा का छटा ज़बूर)
1ज़ियारत का गीत।
2ऐ रब, मेरी आवाज़ सुन! कान लगा कर मेरी इल्तिजाओं पर ध्यान दे!
3ऐ रब, अगर तू हमारे गुनाहों का हिसाब करे तो कौन क़ाइम रहेगा? कोई भी नहीं!
4लेकिन तुझ से मुआफ़ी हासिल होती है ताकि तेरा ख़ौफ़ माना जाए।
5मैं रब के इन्तिज़ार में हूँ, मेरी जान शिद्दत से इन्तिज़ार करती है। मैं उस के कलाम से उम्मीद रखता हूँ।
6पहरेदार जिस शिद्दत से पौ फटने के इन्तिज़ार में रहते हैं, मेरी जान उस से भी ज़्यादा शिद्दत के साथ, हाँ ज़्यादा शिद्दत के साथ रब की मुन्तज़िर रहती है।
7ऐ इस्राईल, रब की राह देखता रह! क्यूँकि रब के पास शफ़्क़त और फ़िद्या का ठोस बन्द-ओ-बस्त है।
8वह इस्राईल के तमाम गुनाहों का फ़िद्या दे कर उसे नजात देगा।