ज़बूर 17:1-15 DGV - Bible AI

बेगुनाह शख़्स की दुआ

1दाऊद की दुआ। ऐ रब, इन्साफ़ के लिए मेरी फ़र्याद सुन, मेरी आह-ओ-ज़ारी पर ध्यान दे। मेरी दुआ पर ग़ौर कर, क्यूँकि वह फ़रेबदिह होंटों से नहीं निकलती।

2तेरे हुज़ूर मेरा इन्साफ़ किया जाए, तेरी आँखें उन बातों का मुशाहदा करें जो सच हैं।

3तू ने मेरे दिल को जाँच लिया, रात को मेरा मुआइना किया है। तू ने मुझे भट्टी में डाल दिया ताकि नापाक चीज़ें दूर करे, गो ऐसी कोई चीज़ नहीं मिली। क्यूँकि मैं ने पूरा इरादा कर लिया है कि मेरे मुँह से बुरी बात नहीं निकलेगी।

4जो कुछ भी दूसरे करते हैं मैं ने ख़ुद तेरे मुँह के फ़रमान के ताबे रह कर अपने आप को ज़ालिमों की राहों से दूर रखा है।

5मैं क़दम-ब-क़दम तेरी राहों में रहा, मेरे पाँओ कभी न डगमगाए।

6ऐ अल्लाह, मैं तुझे पुकारता हूँ, क्यूँकि तू मेरी सुनेगा। कान लगा कर मेरी दुआ को सुन।

7तू जो अपने दहने हाथ से उन्हें रिहाई देता है जो अपने मुख़ालिफ़ों से तुझ में पनाह लेते हैं, मोजिज़ाना तौर पर अपनी शफ़्क़त का इज़हार कर।

8आँख की पुतली की तरह मेरी हिफ़ाज़त कर, अपने परों के साय में मुझे छुपा ले।

9उन बेदीनों से मुझे मह्फ़ूज़ रख जो मुझ पर तबाहकुन हमले कर रहे हैं, उन दुश्मनों से जो मुझे घेर कर मार डालने की कोशिश कर रहे हैं।

10वह सरकश हो गए हैं, उन के मुँह घमंड की बातें करते हैं।

11जिधर भी हम क़दम उठाएँ वहाँ वह भी पहुँच जाते हैं। अब उन्हों ने हमें घेर लिया है, वह घूर घूर कर हमें ज़मीन पर पटख़ने का मौक़ा ढूँड रहे हैं।

12वह उस शेरबबर की मानिन्द हैं जो शिकार को फाड़ने के लिए तड़पता है, उस जवान शेर की मानिन्द जो ताक में बैठा है।

13ऐ रब, उठ और उन का सामना कर, उन्हें ज़मीन पर पटख़ दे! अपनी तलवार से मेरी जान को बेदीनों से बचा।

14ऐ रब, अपने हाथ से मुझे इन से छुटकारा दे। उन्हें तो इस दुनिया में अपना हिस्सा मिल चुका है। क्यूँकि तू ने उन के पेट को अपने माल से भर दिया, बल्कि उन के बेटे भी सेर हो गए हैं और इतना बाक़ी है कि वह अपनी औलाद के लिए भी काफ़ी कुछ छोड़ जाएंगे।

15लेकिन मैं ख़ुद रास्तबाज़ साबित हो कर तेरे चेहरे का मुशाहदा करूँगा, मैं जाग कर तेरी सूरत से सेर हो जाऊँगा।