ज़बूर 6:1-10 DGV - Bible AI

मुसीबत में दुआ (तौबा का पहला ज़बूर)

1दाऊद का ज़बूर। मौसीक़ी के राहनुमा के लिए। तारदार साज़ों के साथ गाना है। ऐ रब, ग़ुस्से में मुझे सज़ा न दे, तैश में मुझे तम्बीह न कर।

2ऐ रब, मुझ पर रहम कर, क्यूँकि मैं निढाल हूँ। ऐ रब, मुझे शिफ़ा दे, क्यूँकि मेरे आज़ा दह्शतज़दा हैं।

3मेरी जान निहायत ख़ौफ़ज़दा है। ऐ रब, तू कब तक देर करेगा?

4ऐ रब, वापस आ कर मेरी जान को बचा। अपनी शफ़्क़त की ख़ातिर मुझे छुटकारा दे।

5क्यूँकि मुर्दा तुझे याद नहीं करता। पाताल में कौन तेरी सताइश करेगा?

6मैं कराहते कराहते थक गया हूँ। पूरी रात रोने से बिस्तर भीग गया है, मेरे आँसूओं से पलंग गल गया है।

7ग़म के मारे मेरी आँखें सूज गई हैं, मेरे मुख़ालिफ़ों के हम्लों से वह ज़ाए होती जा रही हैं।

8ऐ बदकारो, मुझ से दूर हो जाओ, क्यूँकि रब ने मेरी आह-ओ-बुका सुनी है।

9रब ने मेरी इल्तिजाओं को सुन लिया है, मेरी दुआ रब को क़बूल है।

10मेरे तमाम दुश्मनों की रुस्वाई हो जाएगी, और वह सख़्त घबरा जाएंगे। वह मुड़ कर अचानक ही शर्मिन्दा हो जाएंगे।

This work is licensed under a Creative Commons Attribution - No Derivatives 4.0 International License. info@urdugeoversion.com
/div>