तितुस 1:1-16 DGV - Bible AI

1यह ख़त पौलुस की तरफ़ से है जो अल्लाह का ख़ादिम और ईसा मसीह का रसूल है। मुझे चुन कर भेजा गया ताकि मैं ईमान लाने और ख़ुदातरस ज़िन्दगी की सच्चाई जान लेने में अल्लाह के चुने हुए लोगों की मदद करूँ।

2क्यूँकि उस से उन्हें अबदी ज़िन्दगी की उम्मीद दिलाई जाती है, ऐसी ज़िन्दगी की जिस का वादा अल्लाह ने दुनिया के ज़मानों से पेशतर ही किया था। और वह झूट नहीं बोलता।

3अपने मुक़र्ररा वक़्त पर अल्लाह ने अपने कलाम का एलान करके उसे ज़ाहिर कर दिया। यही एलान मेरे सपुर्द किया गया है और मैं इसे हमारे नजातदहिन्दा अल्लाह के हुक्म के मुताबिक़ सुनाता हूँ।

4मैं तितुस को लिख रहा हूँ जो हमारे मुश्तरका ईमान के मुताबिक़ मेरा हक़ीक़ी बेटा है। ख़ुदा बाप और हमारा नजातदहिन्दा मसीह ईसा आप को फ़ज़्ल और सलामती अता करें।

क्रेते में तितुस की ख़िदमत

5मैं ने आप को क्रेते में इस लिए छोड़ा था कि आप वह कमियाँ दुरुस्त करें जो अब तक रह गई थीं। यह भी एक मक़्सद था कि आप हर शहर की जमाअत में बुज़ुर्ग मुक़र्रर करें, जिस तरह मैं ने आप को कहा था।

6बुज़ुर्ग बेइल्ज़ाम हो। उस की सिर्फ़ एक बीवी हो। उस के बच्चे ईमानदार हों और लोग उन पर अय्याश या सरकश होने का इल्ज़ाम न लगा सकें।

7निगरान को तो अल्लाह का घराना सँभालने की ज़िम्मादारी दी गई है, इस लिए लाज़िम है कि वह बेइल्ज़ाम हो। वह ख़ुदसर, ग़ुसीला, शराबी, लड़ाका या लालची न हो।

8इस के बजाए वह मेहमान-नवाज़ हो और सब अच्छी चीज़ों से प्यार करने वाला हो। वह समझदार, रास्तबाज़ और मुक़द्दस हो। वह अपने आप पर क़ाबू रख सके।

9वह उस कलाम के साथ लिपटा रहे जो क़ाबिल-ए-एतिमाद और हमारी तालीम के मुताबिक़ है। क्यूँकि इस तरह ही वह सेहतबख़्श तालीम दे कर दूसरों की हौसलाअफ़्ज़ाई कर सकेगा और मुख़ालफ़त करने वालों को समझा भी सकेगा।

10बात यह है कि बहुत से ऐसे लोग हैं जो सरकश हैं, जो फ़ुज़ूल बातें करके दूसरों को धोका देते हैं। यह बात ख़ासकर उन पर सादिक़ आती है जो यहूदियों में से हैं।

11लाज़िम है कि उन्हें चुप करा दिया जाए, क्यूँकि यह लालच में आ कर कई लोगों के पूरे घर अपनी ग़लत तालीम से ख़राब कर रहे हैं।

12उन के अपने एक नबी ने कहा है, “क्रेते के बाशिन्दे हमेशा झूट बोलने वाले, वहशी जानवर और सुस्त पेटू होते हैं।”

13उस की यह गवाही दुरुस्त है। इस वजह से लाज़िम है कि आप उन्हें सख़्ती से समझाएँ ताकि उन का ईमान सेहतमन्द रहे

14और वह यहूदी फ़र्ज़ी कहानियों या उन इन्सानों के अह्काम पर ध्यान न दें जो सच्चाई से हट गए हैं।

15जो लोग पाक-साफ़ हैं उन के लिए सब कुछ पाक है। लेकिन जो नापाक और ईमान से ख़ाली हैं उन के लिए कुछ भी पाक नहीं होता बल्कि उन का ज़हन और उन का ज़मीर दोनों नापाक हो गए हैं।

16यह अल्लाह को जानने का दावा तो करते हैं, लेकिन उन की हरकतें इस बात का इन्कार करती हैं। यह घिनौने, नाफ़रमान और कोई भी अच्छा काम करने के क़ाबिल नहीं हैं।

This work is licensed under a Creative Commons Attribution - No Derivatives 4.0 International License. info@urdugeoversion.com
/div>