दान्याल और उस के दोस्त शाह-ए-बाबल के दरबार में
1शाह-ए-यहूदाह यहूयक़ीम की सल्तनत के तीसरे साल में शाह-ए-बाबल नबूकदनज़्ज़र ने यरूशलम आ कर उस का मुहासरा किया।
2उस वक़्त रब ने यहूयक़ीम और अल्लाह के घर का काफ़ी सामान नबूकदनज़्ज़र के हवाले कर दिया। नबूकदनज़्ज़र ने यह चीज़ें मुल्क-ए-बाबल में ले जा कर अपने देवता के मन्दिर के ख़ज़ाने में मह्फ़ूज़ कर दीं।
3फिर उस ने अपने दरबार के आला अफ़्सर अश्पनाज़ को हुक्म दिया, “यहूदाह के शाही ख़ानदान और ऊँचे तब्क़े के ख़ानदानों की तफ़्तीश करो। उन में से कुछ ऐसे नौजवानों को चुन कर ले आओ
4जो बेऐब, ख़ूबसूरत, हिक्मत के हर लिहाज़ से समझदार, तालीमयाफ़्ता और समझने में तेज़ हों। ग़रज़ यह आदमी शाही महल में ख़िदमत करने के क़ाबिल हों। उन्हें बाबल की ज़बान लिखने और बोलने की तालीम दो।”
5बादशाह ने मुक़र्रर किया कि रोज़ाना उन्हें शाही बावर्चीख़ाने से कितना खाना और मै मिलनी है। तीन साल की तर्बियत के बाद उन्हें बादशाह की ख़िदमत के लिए हाज़िर होना था।
6जब इन नौजवानों को चुना गया तो चार आदमी उन में शामिल थे जिन के नाम दान्याल, हननियाह, मीसाएल और अज़रियाह थे।
7दरबार के आला अफ़्सर ने उन के नए नाम रखे। दान्याल बेल्तशज़्ज़र में बदल गया, हननियाह सद्रक में, मीसाएल मीसक में और अज़रियाह अबद्नजू में।
8लेकिन दान्याल ने मुसम्मम इरादा कर लिया कि मैं अपने आप को शाही खाना खाने और शाही मै पीने से नापाक नहीं करूँगा। उस ने दरबार के आला अफ़्सर से इन चीज़ों से पर्हेज़ करने की इजाज़त माँगी।
9अल्लाह ने पहले से इस अफ़्सर का दिल नर्म कर दिया था, इस लिए वह दान्याल का ख़ास लिहाज़ करता और उस पर मेहरबानी करता था।
10लेकिन दान्याल की दरख़्वास्त सुन कर उस ने जवाब दिया, “मुझे अपने आक़ा बादशाह से डर है। उन ही ने मुतअय्यिन किया कि तुम्हें क्या क्या खाना और पीना है। अगर उन्हें पता चले कि तुम दूसरे नौजवानों की निस्बत दुबले-पतले और कमज़ोर लगे तो वह मेरा सर क़लम करेंगे।”
11तब दान्याल ने उस निगरान से बात की जिसे दरबार के आला अफ़्सर ने दान्याल, हननियाह, मीसाएल और अज़रियाह पर मुक़र्रर किया था। वह बोला,
12“ज़रा दस दिन तक अपने ख़ादिमों को आज़माएँ। इतने में हमें खाने के लिए सिर्फ़ साग-पात और पीने के लिए पानी दीजिए।
13इस के बाद हमारी सूरत का मुक़ाबला उन दीगर नौजवानों के साथ करें जो शाही खाना खाते हैं। फिर ही फ़ैसला करें कि आइन्दा अपने ख़ादिमों के साथ कैसा सुलूक करेंगे।”
14निगरान मान गया। दस दिन तक वह उन्हें साग-पात खिला कर और पानी पिला कर आज़माता रहा।
15दस दिन के बाद क्या देखता है कि दान्याल और उस के तीन दोस्त शाही खाना खाने वाले दीगर नौजवानों की निस्बत कहीं ज़्यादा सेहतमन्द और मोटे-ताज़े लग रहे हैं।
16तब निगरान उन के लिए मुक़र्ररा शाही खाने और मै का इन्तिज़ाम बन्द करके उन्हें सिर्फ़ साग-पात खिलाने लगा।
17अल्लाह ने इन चार आदमियों को अदब और हिक्मत के हर शोबे में इल्म और समझ अता की। नीज़, दान्याल हर क़िस्म की रोया और ख़्वाब की ताबीर कर सकता था।
18मुक़र्ररा तीन साल के बाद दरबार के आला अफ़्सर ने तमाम नौजवानों को नबूकदनज़्ज़र के सामने पेश किया।
19जब बादशाह ने उन से गुफ़्तगू की तो मालूम हुआ कि दान्याल, हननियाह, मीसाएल और अज़रियाह दूसरों पर सब्क़त रखते हैं। चुनाँचे चारों बादशाह के मुलाज़िम बन गए।
20जब भी किसी मुआमले में ख़ास हिक्मत और समझ दरकार होती तो बादशाह ने देखा कि यह चार नौजवान मश्वरा देने में पूरी सल्तनत के तमाम क़िस्मत का हाल बताने वालों और जादूगरों से दस गुना ज़्यादा क़ाबिल हैं।
21दान्याल ख़ोरस की हुकूमत के पहले साल तक शाही दरबार में ख़िदमत करता रहा।