नाहूम 3:1-19 DGV - Bible AI

नीनवा की रुस्वाई

1उस क़ातिल शहर पर अफ़्सोस जो झूट और लूटे हुए माल से भरा हुआ है। वह लूट-मार से कभी बाज़ नहीं आता।

2सुनो! चाबुक की आवाज़, चलते हुए रथों का शोर! घोड़े सरपट दौड़ रहे, रथ भाग भाग कर उछल रहे हैं।

3घुड़सवार आगे बढ़ रहे, शोलाज़न तलवारें और चमकते नेज़े नज़र आ रहे हैं। हर तरफ़ मक़्तूल ही मक़्तूल, बेशुमार लाशों के ढेर पड़े हैं। इतनी हैं कि लोग ठोकर खा खा कर उन पर से गुज़रते हैं।

4यह होगा नीनवा का अन्जाम, उस दिलफ़रेब कस्बी और जादूगरनी का जिस ने अपनी जादूगरी और इस्मतफ़रोशी से अक़्वाम और उम्मतों को ग़ुलामी में बेच डाला।

5रब्ब-उल-अफ़्वाज फ़रमाता है, “ऐ नीनवा बेटी, अब मैं तुझ से निपट लेता हूँ। मैं तेरा लिबास तेरे सर के ऊपर उठाऊँगा कि तेरा नंगापन अक़्वाम को नज़र आए और तेरा मुँह दीगर ममालिक के सामने काला हो जाए।

6मैं तुझ पर कूड़ा-कर्कट फैंक कर तेरी तह्क़ीर करूँगा। तू दूसरों के लिए तमाशा बन जाएगी।

7तब सब तुझे देख कर भाग जाएंगे। वह कहेंगे, ‘नीनवा तबाह हो गई है!’ अब उस पर अफ़्सोस करने वाला कौन रहा? अब मुझे कहाँ से लोग मिलेंगे जो तुझे तसल्ली दें?”

8क्या तू थीबस[१] शहर से बेहतर है, जो दरया-ए-नील पर वाक़े था? वह तो पानी से घिरा हुआ था, और पानी ही उसे हम्लों से मह्फ़ूज़ रखता था।

9एथोपिया और मिस्र के फ़ौजी उस के लिए ला-मह्दूद ताक़त का बाइस थे, फ़ूत और लिबिया उस के इत्तिहादी थे।

10तो भी वह क़ैदी बन कर जिलावतन हुआ। हर गली के कोने में उस के शीरख़्वार बच्चों को ज़मीन पर पटख़ दिया गया। उस के शुरफ़ा क़ुरआ-अन्दाज़ी के ज़रीए तक़्सीम हुए, उस के तमाम बुज़ुर्ग ज़न्जीरों में जकड़े गए।

11ऐ नीनवा बेटी, तू भी नशे में धुत हो जाएगी। तू भी हवासबाख़्ता हो कर दुश्मन से पनाह लेने की कोशिश करेगी।

12तेरे तमाम क़िले पके फल से लदे हुए अन्जीर के दरख़्त हैं। जब उन्हें हिलाया जाए तो अन्जीर फ़ौरन खाने वाले के मुँह में गिर जाते हैं।

13लो, तेरे तमाम दस्ते औरतें बन गए हैं। तेरे मुल्क के दरवाज़े दुश्मन के लिए पूरे तौर पर खोले गए, तेरे कुंडे नज़र-ए-आतिश हो गए हैं।

14ख़ूब पानी जमा कर ताकि मुहासरे के दौरान काफ़ी हो। अपनी क़िलाबन्दी मज़ीद मज़बूत कर! गारे को पाँओ से लताड़ लताड़ कर ईंटें बना ले!

15ताहम आग तुझे भस्म करेगी, तलवार तुझे मार डालेगी, हाँ वह तुझे टिड्डियों की तरह खा जाएगी। बचने का कोई इम्कान नहीं होगा, ख़्वाह तू टिड्डियों की तरह बेशुमार क्यूँ न हो जाए।

16बेशक तेरे ताजिर सितारों जितने लातादाद हो गए हैं, लेकिन अचानक वह टिड्डियों के बच्चों की तरह अपनी केंचली को उतार लेंगे और उड़ कर ग़ाइब हो जाएंगे।

17तेरे दरबारी टिड्डियों जैसे और तेरे अफ़्सर टिड्डी दलों की मानिन्द हैं जो सर्दियों के मौसम में दीवारों के साथ चिपक जाती लेकिन धूप निकलते ही उड़ कर ओझल हो जाती हैं। किसी को भी पता नहीं कि वह कहाँ चली गई हैं।

18ऐ असूर के बादशाह, तेरे चरवाहे गहरी नींद सो रहे, तेरे शुरफ़ा आराम कर रहे हैं। तेरी क़ौम पहाड़ों पर मुन्तशिर हो गई है, और कोई नहीं जो उन्हें दुबारा जमा करे।

19तेरी चोट भर ही नहीं सकती, तेरा ज़ख़्म लाइलाज है। जिसे भी तेरे अन्जाम की ख़बर मिले वह ताली बजाए गा। क्यूँकि सब को तेरा मुसलसल ज़ुल्म-ओ-तशद्दुद बर्दाश्त करना पड़ा।

This work is licensed under a Creative Commons Attribution - No Derivatives 4.0 International License. info@urdugeoversion.com
/div>