पैदाइश 28:1-22 DGV - Bible AI

1इस्हाक़ ने याक़ूब को बुला कर उसे बरकत दी और कहा, “लाज़िम है कि तू किसी कनआनी औरत से शादी न करे।

2अब सीधे मसोपुतामिया में अपने नाना बतूएल के घर जा और वहाँ अपने मामूँ लाबन की लड़कियों में से किसी एक से शादी कर।

3अल्लाह क़ादिर-ए-मुतलक़ तुझे बरकत दे कर फलने फूलने दे और तुझे इतनी औलाद दे कि तू बहुत सारी क़ौमों का बाप बने।

4वह तुझे और तेरी औलाद को इब्राहीम की बरकत दे जिसे उस ने यह मुल्क दिया जिस में तू मेहमान के तौर पर रहता है। यह मुल्क तुम्हारे क़ब्ज़े में आए।”

5यूँ इस्हाक़ ने याक़ूब को मसोपुतामिया में लाबन के घर भेजा। लाबन अरामी मर्द बतूएल का बेटा और रिब्क़ा का भाई था।

एसौ एक और शादी करता है

6एसौ को पता चला कि इस्हाक़ ने याक़ूब को बरकत दे कर मसोपुतामिया भेज दिया है ताकि वहाँ शादी करे। उसे यह भी मालूम हुआ कि इस्हाक़ ने उसे कनआनी औरत से शादी करने से मना किया है

7और कि याक़ूब अपने माँ-बाप की सुन कर मसोपुतामिया चला गया है।

8एसौ समझ गया कि कनआनी औरतें मेरे बाप को मन्ज़ूर नहीं हैं।

9इस लिए वह इब्राहीम के बेटे इस्माईल के पास गया और उस की बेटी महलत से शादी की। वह नबायोत की बहन थी। यूँ उस की बीवियों में इज़ाफ़ा हुआ।

बैत-एल में याक़ूब का ख़्वाब

10याक़ूब बैर-सबा से हारान की तरफ़ रवाना हुआ।

11जब सूरज ग़ुरूब हुआ तो वह रात गुज़ारने के लिए रुक गया और वहाँ के पत्थरों में से एक को ले कर उसे अपने सिरहाने रखा और सो गया।

12जब वह सो रहा था तो ख़्वाब में एक सीढ़ी देखी जो ज़मीन से आसमान तक पहुँचती थी। फ़रिश्ते उस पर चढ़ते और उतरते नज़र आते थे।

13रब उस के ऊपर खड़ा था। उस ने कहा, “मैं रब इब्राहीम और इस्हाक़ का ख़ुदा हूँ। मैं तुझे और तेरी औलाद को यह ज़मीन दूँगा जिस पर तू लेटा है।

14तेरी औलाद ज़मीन पर ख़ाक की तरह बेशुमार होगी, और तू चारों तरफ़ फैल जाएगा। दुनिया की तमाम क़ौमें तेरे और तेरी औलाद के वसीले से बरकत पाएँगी।

15मैं तेरे साथ हूँगा, तुझे मह्फ़ूज़ रखूँगा और आख़िरकार तुझे इस मुल्क में वापस लाऊँगा। मुमकिन ही नहीं कि मैं तेरे साथ अपना वादा पूरा करने से पहले तुझे छोड़ दूँ।”

16तब याक़ूब जाग उठा। उस ने कहा, “यक़ीनन रब यहाँ हाज़िर है, और मुझे मालूम नहीं था।”

17वह डर गया और कहा, “यह कितना ख़ौफ़नाक मक़ाम है। यह तो अल्लाह ही का घर और आसमान का दरवाज़ा है।”

18याक़ूब सुब्ह-सवेरे उठा। उस ने वह पत्थर लिया जो उस ने अपने सिरहाने रखा था और उसे सतून की तरह खड़ा किया। फिर उस ने उस पर ज़ैतून का तेल उंडेल दिया।

19उस ने मक़ाम का नाम बैत-एल यानी ‘अल्लाह का घर’ रखा (पहले साथ वाले शहर का नाम लूज़ था)।

20उस ने क़सम खा कर कहा, “अगर रब मेरे साथ हो, सफ़र पर मेरी हिफ़ाज़त करे, मुझे खाना और कपड़ा मुहय्या करे

21और मैं सलामती से अपने बाप के घर वापस पहुँचूँ तो फिर वह मेरा ख़ुदा होगा।

22जहाँ यह पत्थर सतून के तौर पर खड़ा है वहाँ अल्लाह का घर होगा, और जो भी तू मुझे देगा उस का दसवाँ हिस्सा तुझे दिया करूँगा।”