पैदाइश 44:1-34 DGV - Bible AI

गुमशुदा प्याला

1यूसुफ़ ने घर पर मुक़र्रर मुलाज़िम को हुक्म दिया, “उन मर्दों की बोरियाँ ख़ुराक से इतनी भर देना जितनी वह उठा कर ले जा सकें। हर एक के पैसे उस की अपनी बोरी के मुँह में रख देना।

2सब से छोटे भाई की बोरी में न सिर्फ़ पैसे बल्कि मेरे चाँदी के प्याले को भी रख देना।” मुलाज़िम ने ऐसा ही किया।

3अगली सुब्ह जब पौ फटने लगी तो भाइयों को उन के गधों समेत रुख़्सत कर दिया गया।

4वह अभी शहर से निकल कर दूर नहीं गए थे कि यूसुफ़ ने अपने घर पर मुक़र्रर मुलाज़िम से कहा, “जल्दी करो। उन आदमियों का ताक़्क़ुब करो। उन के पास पहुँच कर यह पूछना, ‘आप ने हमारी भलाई के जवाब में ग़लत काम क्यूँ किया है?

5आप ने मेरे मालिक का चाँदी का प्याला क्यूँ चुराया है? उस से वह न सिर्फ़ पीते हैं बल्कि उसे ग़ैबदानी के लिए भी इस्तेमाल करते हैं। आप एक निहायत संगीन जुर्म के मुर्तकिब हुए हैं’।”

6जब मुलाज़िम भाइयों के पास पहुँचा तो उस ने उन से यही बातें कीं।

7जवाब में उन्हों ने कहा, “हमारे मालिक ऐसी बातें क्यूँ करते हैं? कभी नहीं हो सकता कि आप के ख़ादिम ऐसा करें।

8आप तो जानते हैं कि हम मुल्क-ए-कनआन से वह पैसे वापस ले आए जो हमारी बोरियों में थे। तो फिर हम क्यूँ आप के मालिक के घर से चाँदी या सोना चुराएँगे?

9अगर वह आप के ख़ादिमों में से किसी के पास मिल जाए तो उसे मार डाला जाए और बाक़ी सब आप के ग़ुलाम बनें।”

10मुलाज़िम ने कहा, “ठीक है ऐसा ही होगा। लेकिन सिर्फ़ वही मेरा ग़ुलाम बनेगा जिस ने प्याला चुराया है। बाक़ी सब आज़ाद हैं।”

11उन्हों ने जल्दी से अपनी बोरियाँ उतार कर ज़मीन पर रख दीं। हर एक ने अपनी बोरी खोल दी।

12मुलाज़िम बोरियों की तलाशी लेने लगा। वह बड़े भाई से शुरू करके आख़िरकार सब से छोटे भाई तक पहुँच गया। और वहाँ बिनयमीन की बोरी में से प्याला निकला।

13भाइयों ने यह देख कर परेशानी में अपने लिबास फाड़ लिए। वह अपने गधों को दुबारा लाद कर शहर वापस आ गए।

14जब यहूदाह और उस के भाई यूसुफ़ के घर पहुँचे तो वह अभी वहीं था। वह उस के सामने मुँह के बल गिर गए।

15यूसुफ़ ने कहा, “यह तुम ने क्या किया है? क्या तुम नहीं जानते कि मुझ जैसा आदमी ग़ैब का इल्म रखता है?”

16यहूदाह ने कहा, “जनाब-ए-आली, हम क्या कहें? अब हम अपने दिफ़ा में क्या कहें? अल्लाह ही ने हमें क़ुसूरवार ठहराया है। अब हम सब आप के ग़ुलाम हैं, न सिर्फ़ वह जिस के पास से प्याला मिल गया।”

17यूसुफ़ ने कहा, “अल्लाह न करे कि मैं ऐसा करूँ, बल्कि सिर्फ़ वही मेरा ग़ुलाम होगा जिस के पास प्याला था। बाक़ी सब सलामती से अपने बाप के पास वापस चले जाएँ।”

यहूदाह बिनयमीन की सिफ़ारिश करता है

18लेकिन यहूदाह ने यूसुफ़ के क़रीब आ कर कहा, “मेरे मालिक, मेहरबानी करके अपने बन्दे को एक बात करने की इजाज़त दें। मुझ पर ग़ुस्सा न करें अगरचे आप मिस्र के बादशाह जैसे हैं।

19जनाब-ए-आली, आप ने हम से पूछा, ‘क्या तुम्हारा बाप या कोई और भाई है?’

20हम ने जवाब दिया, ‘हमारा बाप है। वह बूढ़ा है। हमारा एक छोटा भाई भी है जो उस वक़्त पैदा हुआ जब हमारा बाप उम्ररसीदा था। उस लड़के का भाई मर चुका है। उस की माँ के सिर्फ़ यह दो बेटे पैदा हुए। अब वह अकेला ही रह गया है। उस का बाप उसे शिद्दत से प्यार करता है।’

21जनाब-ए-आली, आप ने हमें बताया, ‘उसे यहाँ ले आओ ताकि मैं ख़ुद उसे देख सकूँ।’

22हम ने जवाब दिया, ‘यह लड़का अपने बाप को छोड़ नहीं सकता, वर्ना उस का बाप मर जाएगा।’

23फिर आप ने कहा, ‘तुम सिर्फ़ इस सूरत में मेरे पास आ सकोगे कि तुम्हारा सब से छोटा भाई तुम्हारे साथ हो।’

24जब हम अपने बाप के पास वापस पहुँचे तो हम ने उन्हें सब कुछ बताया जो आप ने कहा था।

25फिर उन्हों ने हम से कहा, ‘मिस्र लौट कर कुछ ग़ल्ला ख़रीद लाओ।’

26हम ने जवाब दिया, ‘हम जा नहीं सकते। हम सिर्फ़ इस सूरत में उस मर्द के पास जा सकते हैं कि हमारा सब से छोटा भाई साथ हो। हम तब ही जा सकते हैं जब वह भी हमारे साथ चले।’

27हमारे बाप ने हम से कहा, ‘तुम जानते हो कि मेरी बीवी राख़िल से मेरे दो बेटे पैदा हुए।

28पहला मुझे छोड़ चुका है। किसी जंगली जानवर ने उसे फाड़ खाया होगा, क्यूँकि उसी वक़्त से मैं ने उसे नहीं देखा।

29अगर इस को भी मुझ से ले जाने की वजह से जानी नुक़्सान पहुँचे तो तुम मुझ बूढ़े को ग़म के मारे पाताल में पहुँचाओगे’।”

30यहूदाह ने अपनी बात जारी रखी, “जनाब-ए-आली, अब अगर मैं अपने बाप के पास जाऊँ और वह देखें कि लड़का मेरे साथ नहीं है तो वह दम तोड़ देंगे। उन की ज़िन्दगी इस क़दर लड़के की ज़िन्दगी पर मुन्हसिर है और वह इतने बूढ़े हैं कि हम ऐसी हरकत से उन्हें क़ब्र तक पहुँचा देंगे।

32न सिर्फ़ यह बल्कि मैं ने बाप से कहा, ‘मैं ख़ुद इस का ज़ामिन हूँगा। अगर मैं इसे सलामती से वापस न पहुँचाऊँ तो फिर मैं ज़िन्दगी के आख़िर तक क़ुसूरवार ठहरूँगा।’

33अब अपने ख़ादिम की गुज़ारिश सुनें। मैं यहाँ रह कर इस लड़के की जगह ग़ुलाम बन जाता हूँ, और वह दूसरे भाइयों के साथ वापस चला जाए।

34अगर लड़का मेरे साथ न हुआ तो मैं किस तरह अपने बाप को मुँह दिखा सकता हूँ? मैं बर्दाश्त नहीं कर सकूँगा कि वह इस मुसीबत में मुब्तला हो जाएँ।”