मत्ती 1:1-25 DGV - Bible AI

ईसा मसीह का नसबनामा

1ईसा मसीह बिन दाऊद बिन इब्राहीम का नसबनामा :

2इब्राहीम इस्हाक़ का बाप था, इस्हाक़ याक़ूब का बाप और याक़ूब यहूदा और उस के भाइयों का बाप।

3यहूदा के दो बेटे फ़ारस और ज़ारह थे (उन की माँ तमर थी)। फ़ारस हस्रोन का बाप और हस्रोन राम का बाप था।

4राम अम्मीनदाब का बाप, अम्मीनदाब नह्सोन का बाप और नह्सोन सल्मोन का बाप था।

5सल्मोन बोअज़ का बाप था (बोअज़ की माँ राहब थी)। बोअज़ ओबेद का बाप था (ओबेद की माँ रूत थी)। ओबेद यस्सी का बाप और

6यस्सी दाऊद बादशाह का बाप था।

6दाऊद सुलैमान का बाप था (सुलैमान की माँ पहले ऊरिय्याह की बीवी थी)।

7सुलैमान रहुबिआम का बाप, रहुबिआम अबियाह का बाप और अबियाह आसा का बाप था।

8आसा यहूसफ़त का बाप, यहूसफ़त यूराम का बाप और यूराम उज़्ज़ियाह का बाप था।

9उज़्ज़ियाह यूताम का बाप, यूताम आख़ज़ का बाप और आख़ज़ हिज़क़ियाह का बाप था।

10हिज़क़ियाह मनस्सी का बाप, मनस्सी अमून का बाप और अमून यूसियाह का बाप था।

11यूसियाह यहूयाकीन[१] और उस के भाइयों का बाप था (यह बाबल की जिलावतनी के दौरान पैदा हुए)।

12बाबल की जिलावतनी के बाद यहूयाकीन[२] सियाल्तीएल का बाप और सियाल्तीएल ज़रुब्बाबल का बाप था।

13ज़रुब्बाबल अबीहूद का बाप, अबीहूद इलियाक़ीम का बाप और इलियाक़ीम आज़ोर का बाप था।

14आज़ोर सदोक़ का बाप, सदोक़ अख़ीम का बाप और अख़ीम इलीहूद का बाप था।

15इलीहूद इलीअज़र का बाप, अलीअज़र मत्तान का बाप और मत्तान का बाप याक़ूब था।

16याक़ूब मरियम के शौहर यूसुफ़ का बाप था। इस मरियम से ईसा पैदा हुआ, जो मसीह कहलाता है।

17यूँ इब्राहीम से दाऊद तक 14 नस्लें हैं, दाऊद से बाबल की जिलावतनी तक 14 नस्लें हैं और जिलावतनी से मसीह तक 14 नस्लें हैं।

ईसा मसीह की पैदाइश

18ईसा मसीह की पैदाइश यूँ हुई : उस वक़्त उस की माँ मरियम की मंगनी यूसुफ़ के साथ हो चुकी थी कि वह रूह-उल-क़ुद्स से हामिला पाई गई। अभी उन की शादी नहीं हुई थी।

19उस का मंगेतर यूसुफ़ रास्तबाज़ था, वह अलानिया मरियम को बदनाम नहीं करना चाहता था। इस लिए उस ने ख़ामोशी से यह रिश्ता तोड़ने का इरादा कर लिया।

20वह इस बात पर अभी ग़ौर-ओ-फ़िक्र कर ही रहा था कि रब का फ़रिश्ता ख़्वाब में उस पर ज़ाहिर हुआ और फ़रमाया, “यूसुफ़ बिन दाऊद, मरियम से शादी करके उसे अपने घर ले आने से मत डर, क्यूँकि पैदा होने वाला बच्चा रूह-उल-क़ुद्स से है।

21उस के बेटा होगा और उस का नाम ईसा रखना, क्यूँकि वह अपनी क़ौम को उस के गुनाहों से रिहाई देगा।”

22यह सब कुछ इस लिए हुआ ताकि रब की वह बात पूरी हो जाए जो उस ने अपने नबी की मारिफ़त फ़रमाई थी,

23“देखो एक कुंवारी हामिला होगी। उस से बेटा पैदा होगा और वह उस का नाम इम्मानूएल रखेंगे।” (इम्मानूएल का मतलब ‘ख़ुदा हमारे साथ’ है।)

24जब यूसुफ़ जाग उठा तो उस ने रब के फ़रिश्ते के फ़रमान के मुताबिक़ मरियम से शादी कर ली और उसे अपने घर ले गया।

25लेकिन जब तक उस के बेटा पैदा न हुआ वह मरियम से हमबिसतर न हुआ। और यूसुफ़ ने बच्चे का नाम ईसा रखा।