मत्ती 22:1-46 DGV - Bible AI

बड़ी ज़ियाफ़त की तम्सील

1ईसा ने एक बार फिर तम्सीलों में उन से बात की।

2“आसमान की बादशाही एक बादशाह से मुताबिक़त रखती है जिस ने अपने बेटे की शादी की ज़ियाफ़त की तय्यारियाँ करवाईं।

3जब ज़ियाफ़त का वक़्त आ गया तो उस ने अपने नौकरों को मेहमानों के पास यह इत्तिला देने के लिए भेजा कि वह आएँ, लेकिन वह आना नहीं चाहते थे।

4फिर उस ने मज़ीद कुछ नौकरों को भेज कर कहा, ‘मेहमानों को बताना कि मैं ने अपना खाना तय्यार कर रखा है। बैलों और मोटे-ताज़े बछड़ों को ज़बह किया गया है,

5सब कुछ तय्यार है। आएँ, ज़ियाफ़त में शरीक हो जाएँ।’ लेकिन मेहमानों ने परवा न की बल्कि अपने मुख़्तलिफ़ कामों में लग गए। एक अपने खेत को चला गया, दूसरा अपने कारोबार में मसरूफ़ हो गया।

6बाक़ियों ने बादशाह के नौकरों को पकड़ लिया और उन से बुरा सुलूक करके उन्हें क़त्ल किया।

7बादशाह बड़े तैश में आ गया। उस ने अपनी फ़ौज को भेज कर क़ातिलों को तबाह कर दिया और उन का शहर जला दिया।

8फिर उस ने अपने नौकरों से कहा, ‘शादी की ज़ियाफ़त तो तय्यार है, लेकिन जिन मेहमानों को मैं ने दावत दी थी वह आने के लाइक़ नहीं थे।

9अब वहाँ जाओ जहाँ सड़कें शहर से निकलती हैं और जिस से भी मुलाक़ात हो जाए उसे ज़ियाफ़त के लिए दावत दे देना।’

10चुनाँचे नौकर सड़कों पर निकले और जिस से भी मुलाक़ात हुई उसे लाए, ख़्वाह वह अच्छा था या बुरा। यूँ शादी हाल मेहमानों से भर गया।

11लेकिन जब बादशाह मेहमानों से मिलने के लिए अन्दर आया तो उसे एक आदमी नज़र आया जिस ने शादी के लिए मुनासिब कपड़े नहीं पहने थे।

12बादशाह ने पूछा, ‘दोस्त, तुम शादी का लिबास पहने बग़ैर अन्दर किस तरह आए?’ वह आदमी कोई जवाब न दे सका।

13फिर बादशाह ने अपने दरबारियों को हुक्म दिया, ‘इस के हाथ और पाँओ बांध कर इसे बाहर तारीकी में फैंक दो, वहाँ जहाँ लोग रोते और दाँत पीसते रहेंगे।’

14क्यूँकि बुलाए हुए तो बहुत हैं, लेकिन चुने हुए कम।”

क्या टैक्स देना जाइज़ है?

15फिर फ़रीसियों ने जा कर आपस में मश्वरा किया कि हम ईसा को किस तरह ऐसी बात करने के लिए उभारें जिस से उसे पकड़ा जा सके।

16इस मक़्सद के तहत उन्हों ने अपने शागिर्दों को हेरोदेस के पैरोकारों समेत ईसा के पास भेजा। उन्हों ने कहा, “उस्ताद, हम जानते हैं कि आप सच्चे हैं और दियानतदारी से अल्लाह की राह की तालीम देते हैं। आप किसी की परवा नहीं करते क्यूँकि आप ग़ैरजानिबदार हैं।

17अब हमें अपनी राय बताएँ। क्या रोमी शहन्शाह को टैक्स देना जाइज़ है या नाजाइज़?”

18लेकिन ईसा ने उन की बुरी नीयत पहचान ली। उस ने कहा, “रियाकारो, तुम मुझे क्यूँ फंसाना चाहते हो?

19मुझे वह सिक्का दिखाओ जो टैक्स अदा करने के लिए इस्तेमाल होता है।”

19वह उस के पास चाँदी का एक रोमी सिक्का ले आए

20तो उस ने पूछा, “किस की सूरत और नाम इस पर कन्दा है?”

21उन्हों ने जवाब दिया, “शहन्शाह का।” उस ने कहा, “तो जो शहन्शाह का है शहन्शाह को दो और जो अल्लाह का है अल्लाह को।”

22उस का यह जवाब सुन कर वह हक्का-बक्का रह गए और उसे छोड़ कर चले गए।

क्या हम जी उठेंगे?

23उस दिन सदूक़ी ईसा के पास आए। सदूक़ी नहीं मानते कि रोज़-ए-क़ियामत मुर्दे जी उठेंगे। उन्हों ने ईसा से एक सवाल किया।

24“उस्ताद, मूसा ने हमें हुक्म दिया कि अगर कोई शादीशुदा आदमी बेऔलाद मर जाए और उस का भाई हो तो भाई का फ़र्ज़ है कि वह बेवा से शादी करके अपने भाई के लिए औलाद पैदा करे।

25अब फ़र्ज़ करें कि हमारे दरमियान सात भाई थे। पहले ने शादी की, लेकिन बेऔलाद फ़ौत हुआ। इस लिए दूसरे भाई ने बेवा से शादी की।

26लेकिन वह भी बेऔलाद मर गया। फिर तीसरे भाई ने उस से शादी की। यह सिलसिला सातवें भाई तक जारी रहा। यके बाद दीगरे हर भाई बेवा से शादी करने के बाद मर गया।

27आख़िर में बेवा भी फ़ौत हो गई।

28अब बताएँ कि क़ियामत के दिन वह किस की बीवी होगी? क्यूँकि सात के सात भाइयों ने उस से शादी की थी।”

29ईसा ने जवाब दिया, “तुम इस लिए ग़लती पर हो कि न तुम कलाम-ए-मुक़द्दस से वाक़िफ़ हो, न अल्लाह की क़ुदरत से।

30क्यूँकि क़ियामत के दिन लोग न शादी करेंगे न उन की शादी कराई जाएगी बल्कि वह आसमान पर फ़रिश्तों की मानिन्द होंगे।

31रही यह बात कि मुर्दे जी उठेंगे, क्या तुम ने वह बात नहीं पढ़ी जो अल्लाह ने तुम से कही?

32उस ने फ़रमाया, ‘मैं इब्राहीम का ख़ुदा, इस्हाक़ का ख़ुदा और याक़ूब का ख़ुदा हूँ,’ हालाँकि उस वक़्त तीनों काफ़ी अर्से से मर चुके थे। इस का मतलब है कि यह हक़ीक़त में ज़िन्दा हैं। क्यूँकि अल्लाह मुर्दों का नहीं बल्कि ज़िन्दों का ख़ुदा है।”

33यह सुन कर हुजूम उस की तालीम के बाइस हैरान रह गया।

अव्वल हुक्म

34जब फ़रीसियों ने सुना कि ईसा ने सदूक़ियों को लाजवाब कर दिया है तो वह जमा हुए।

35उन में से एक ने जो शरीअत का आलिम था उसे फंसाने के लिए सवाल किया,

36“उस्ताद, शरीअत में सब से बड़ा हुक्म कौन सा है?”

37ईसा ने जवाब दिया, “‘रब अपने ख़ुदा से अपने पूरे दिल, अपनी पूरी जान और अपने पूरे ज़हन से प्यार करना।’

38यह अव्वल और सब से बड़ा हुक्म है।

39और दूसरा हुक्म इस के बराबर यह है, ‘अपने पड़ोसी से वैसी मुहब्बत रखना जैसी तू अपने आप से रखता है।’

40तमाम शरीअत और नबियों की तालीमात इन दो अह्काम पर मब्नी हैं।”

मसीह के बारे में सवाल

41जब फ़रीसी इकट्ठे थे तो ईसा ने उन से पूछा,

42“तुम्हारा मसीह के बारे में क्या ख़याल है? वह किस का फ़र्ज़न्द है?”

42उन्हों ने जवाब दिया, “वह दाऊद का फ़र्ज़न्द है।”

43ईसा ने कहा, “तो फिर दाऊद रूह-उल-क़ुद्स की मारिफ़त उसे किस तरह ‘रब’ कहता है? क्यूँकि वह फ़रमाता है,

44‘रब ने मेरे रब से कहा, मेरे दहने हाथ बैठ, जब तक मैं तेरे दुश्मनों को तेरे पाँओ के नीचे न कर दूँ।’

45दाऊद तो ख़ुद मसीह को रब कहता है। तो फिर वह किस तरह उस का फ़र्ज़न्द हो सकता है?”

46कोई भी जवाब न दे सका, और उस दिन से किसी ने भी उस से मज़ीद कुछ पूछने की जुरअत न की।