मत्ती 24:1-51 DGV - Bible AI

बैत-उल-मुक़द्दस पर आने वाली तबाही

1ईसा बैत-उल-मुक़द्दस को छोड़ कर निकल रहा था कि उस के शागिर्द उस के पास आए और बैत-उल-मुक़द्दस की मुख़्तलिफ़ इमारतों की तरफ़ उस की तवज्जुह दिलाने लगे।

2लेकिन ईसा ने जवाब में कहा, “क्या तुम को यह सब कुछ नज़र आता है? मैं तुम को सच बताता हूँ कि यहाँ पत्थर पर पत्थर नहीं रहेगा बल्कि सब कुछ ढा दिया जाएगा।”

मुसीबतों और ईज़ारसानियों की पेशगोई

3बाद में ईसा ज़ैतून के पहाड़ पर बैठ गया। शागिर्द अकेले उस के पास आए। उन्हों ने कहा, “हमें ज़रा बताएँ, यह कब होगा? क्या क्या नज़र आएगा जिस से पता चलेगा कि आप आने वाले हैं और यह दुनिया ख़त्म होने वाली है?”

4ईसा ने जवाब दिया, “ख़बरदार रहो कि कोई तुम्हें गुमराह न कर दे।

5क्यूँकि बहुत से लोग मेरा नाम ले कर आएँगे और कहेंगे, ‘मैं ही मसीह हूँ।’ यूँ वह बहुतों को गुमराह कर देंगे।

6जंगों की ख़बरें और अफ़्वाहें तुम तक पहुँचेंगी, लेकिन मुह्तात रहो ताकि तुम घबरा न जाओ। क्यूँकि लाज़िम है कि यह सब कुछ पेश आए। तो भी अभी आख़िरत नहीं होगी।

7एक क़ौम दूसरी के ख़िलाफ़ उठ खड़ी होगी, और एक बादशाही दूसरी के ख़िलाफ़। काल पड़ेंगे और जगह जगह ज़ल्ज़ले आएँगे।

8लेकिन यह सिर्फ़ दर्द-ए-ज़ह की इब्तिदा ही होगी।

9फिर वह तुम को बड़ी मुसीबत में डाल देंगे और तुम को क़त्ल करेंगे। तमाम क़ौमें तुम से इस लिए नफ़रत करेंगी कि तुम मेरे पैरोकार हो।

10उस वक़्त बहुत से लोग ईमान से बर्गश्ता हो कर एक दूसरे को दुश्मन के हवाले करेंगे और एक दूसरे से नफ़रत करेंगे।

11बहुत से झूटे नबी खड़े हो कर बहुत से लोगों को गुमराह कर देंगे।

12बेदीनी के बढ़ जाने की वजह से बेशतर लोगों की मुहब्बत ठंडी पड़ जाएगी।

13लेकिन जो आख़िर तक क़ाइम रहेगा उसे नजात मिलेगी।

14और बादशाही की इस ख़ुशख़बरी के पैग़ाम का एलान पूरी दुनिया में किया जाएगा ताकि तमाम क़ौमों के सामने उस की गवाही दी जाए। फिर ही आख़िरत आएगी।

बैत-उल-मुक़द्दस की बेहुरमती

15एक दिन आएगा जब तुम मुक़द्दस मक़ाम में वह कुछ खड़ा देखोगे जिस का ज़िक्र दान्याल नबी ने किया और जो बेहुरमती और तबाही का बाइस है।” (क़ारी इस पर ध्यान दे!)

16“उस वक़्त यहूदिया के रहने वाले भाग कर पहाड़ी इलाक़े में पनाह लें।

17जो अपने घर की छत पर हो वह घर में से कुछ साथ ले जाने के लिए न उतरे।

18जो खेत में हो वह अपनी चादर साथ ले जाने के लिए वापस न जाए।

19उन ख़वातीन पर अफ़्सोस जो उन दिनों में हामिला हों या अपने बच्चों को दूध पिलाती हों।

20दुआ करो कि तुम को सर्दियों के मौसम में या सबत के दिन हिज्रत न करनी पड़े।

21क्यूँकि उस वक़्त ऐसी शदीद मुसीबत होगी कि दुनिया की तख़्लीक़ से आज तक देखने में न आई होगी। इस क़िस्म की मुसीबत बाद में भी कभी नहीं आएगी।

22और अगर इस मुसीबत का दौरानिया मुख़्तसर न किया जाता तो कोई न बचता। लेकिन अल्लाह के चुने हुओं की ख़ातिर इस का दौरानिया मुख़्तसर कर दिया जाएगा।

23उस वक़्त अगर कोई तुम को बताए, ‘देखो, मसीह यहाँ है’ या ‘वह वहाँ है’ तो उस की बात न मानना।

24क्यूँकि झूटे मसीह और झूटे नबी उठ खड़े होंगे जो बड़े अजीब-ओ-ग़रीब निशान और मोजिज़े दिखाएँगे ताकि अल्लाह के चुने हुए लोगों को भी ग़लत रास्ते पर डाल दें—अगर यह मुमकिन होता।

25देखो, मैं ने तुम्हें पहले से इस से आगाह कर दिया है।

26चुनाँचे अगर कोई तुम को बताए, ‘देखो, वह रेगिस्तान में है’ तो वहाँ जाने के लिए न निकलना। और अगर कोई कहे, ‘देखो, वह अन्दरूनी कमरों में है’ तो उस का यक़ीन न करना।

27क्यूँकि जिस तरह बादल की बिजली मशरिक़ में कड़क कर मग़रिब तक चमकती है उसी तरह इब्न-ए-आदम की आमद भी होगी।

28जहाँ भी लाश पड़ी हो वहाँ गिद्ध जमा हो जाएंगे।

इब्न-ए-आदम की आमद

29मुसीबत के उन दिनों के ऐन बाद सूरज तारीक हो जाएगा और चाँद की रौशनी ख़त्म हो जाएगी। सितारे आसमान पर से गिर पड़ेंगे और आसमान की क़ुव्वतें हिलाई जाएँगी।

30उस वक़्त इब्न-ए-आदम का निशान आसमान पर नज़र आएगा। तब दुनिया की तमाम क़ौमें मातम करेंगी। वह इब्न-ए-आदम को बड़ी क़ुदरत और जलाल के साथ आसमान के बादलों पर आते हुए देखेंगी।

31और वह अपने फ़रिश्तों को बिगुल की ऊँची आवाज़ के साथ भेज देगा ताकि उस के चुने हुओं को चारों तरफ़ से जमा करें, आसमान के एक सिरे से दूसरे सिरे तक इकट्ठा करें।

अन्जीर के दरख़्त से सबक़

32अन्जीर के दरख़्त से सबक़ सीखो। जूँ ही उस की शाख़ें नर्म और लचकदार हो जाती हैं और उन से कोंपलें फूट निकलती हैं तो तुम को मालूम हो जाता है कि गर्मियों का मौसम क़रीब आ गया है।

33इसी तरह जब तुम यह वाक़िआत देखोगे तो जान लोगे कि इब्न-ए-आदम की आमद क़रीब बल्कि दरवाज़े पर है।

34मैं तुम को सच बताता हूँ कि इस नस्ल के ख़त्म होने से पहले पहले यह सब कुछ वाक़े होगा।

35आसमान-ओ-ज़मीन तो जाते रहेंगे, लेकिन मेरी बातें हमेशा तक क़ाइम रहेंगी।

किसी को भी उस की आमद का वक़्त मालूम नहीं

36लेकिन किसी को भी इल्म नहीं कि यह किस दिन या कौन सी घड़ी रूनुमा होगा। आसमान के फ़रिश्तों और फ़र्ज़न्द को भी इल्म नहीं बल्कि सिर्फ़ बाप को।

37जब इब्न-ए-आदम आएगा तो हालात नूह के दिनों जैसे होंगे।

38क्यूँकि सैलाब से पहले के दिनों में लोग उस वक़्त तक खाते-पीते और शादियाँ करते कराते रहे जब तक नूह कश्ती में दाख़िल न हो गया।

39वह उस वक़्त तक आने वाली मुसीबत के बारे में लाइल्म रहे जब तक सैलाब आ कर उन सब को बहा न ले गया। जब इब्न-ए-आदम आएगा तो इसी क़िस्म के हालात होंगे।

40उस वक़्त दो अफ़राद खेत में होंगे, एक को साथ ले लिया जाएगा जबकि दूसरे को पीछे छोड़ दिया जाएगा।

41दो ख़वातीन चक्की पर गन्दुम पीस रही होंगी, एक को साथ ले लिया जाएगा जबकि दूसरी को पीछे छोड़ दिया जाएगा।

42इस लिए चौकस रहो, क्यूँकि तुम नहीं जानते कि तुम्हारा ख़ुदावन्द किस दिन आ जाएगा।

43यक़ीन जानो, अगर किसी घर के मालिक को मालूम होता कि चोर कब आएगा तो वह ज़रूर चौकस रहता और उसे अपने घर में नक़ब लगाने न देता।

44तुम भी तय्यार रहो, क्यूँकि इब्न-ए-आदम ऐसे वक़्त आएगा जब तुम उस की तवक़्क़ो नहीं करोगे।

वफ़ादार नौकर

45चुनाँचे कौन सा नौकर वफ़ादार और समझदार है? फ़र्ज़ करो कि घर के मालिक ने किसी नौकर को बाक़ी नौकरों पर मुक़र्रर किया हो। उस की एक ज़िम्मादारी यह भी है कि उन्हें वक़्त पर खाना खिलाए।

46वह नौकर मुबारक होगा जो मालिक की वापसी पर यह सब कुछ कर रहा होगा।

47मैं तुम को सच बताता हूँ कि यह देख कर मालिक उसे अपनी पूरी जायदाद पर मुक़र्रर करेगा।

48लेकिन फ़र्ज़ करो कि नौकर अपने दिल में सोचे, ‘मालिक की वापसी में अभी देर है।’

49वह अपने साथी नौकरों को पीटने और शराबियों के साथ खाने-पीने लगे।

50अगर वह ऐसा करे तो मालिक ऐसे दिन और वक़्त आएगा जिस की तवक़्क़ो नौकर को नहीं होगी।

51इन हालात को देख कर वह नौकर को टुकड़े टुकड़े कर डालेगा और उसे रियाकारों में शामिल करेगा, वहाँ जहाँ लोग रोते और दाँत पीसते रहेंगे।