यरूशलम में ईसा का पुरजोश इस्तिक़्बाल
1वह यरूशलम के क़रीब बैत-फ़गे और बैत-अनियाह पहुँचने लगे। यह गाँव ज़ैतून के पहाड़ पर वाक़े थे। ईसा ने अपने शागिर्दों में से दो को भेजा
2और कहा, “सामने वाले गाँव में जाओ। वहाँ तुम एक जवान गधा देखोगे। वह बंधा हुआ होगा और अब तक कोई भी उस पर सवार नहीं हुआ है। उसे खोल कर यहाँ ले आओ।
3अगर कोई पूछे कि यह क्या कर रहे हो तो उसे बता देना, ‘ख़ुदावन्द को इस की ज़रूरत है। वह जल्द ही इसे वापस भेज देंगे’।”
4दोनों शागिर्द वहाँ गए तो एक जवान गधा देखा जो बाहर गली में किसी दरवाज़े के साथ बंधा हुआ था। जब वह उस की रस्सी खोलने लगे
5तो वहाँ खड़े कुछ लोगों ने पूछा, “तुम यह क्या कर रहे हो? जवान गधे को क्यूँ खोल रहे हो?”
6उन्हों ने जवाब में वह कुछ बता दिया जो ईसा ने उन्हें कहा था। इस पर लोगों ने उन्हें खोलने दिया।
7वह जवान गधे को ईसा के पास ले आए और अपने कपड़े उस पर रख दिए। फिर ईसा उस पर सवार हुआ।
8जब वह चल पड़ा तो बहुत से लोगों ने उस के आगे आगे रास्ते में अपने कपड़े बिछा दिए। बाज़ ने हरी शाख़ें भी उस के आगे बिछा दीं जो उन्हों ने खेतों के दरख़्तों से काट ली थीं।
9लोग ईसा के आगे और पीछे चल रहे थे और चिल्ला चिल्ला कर नारे लगा रहे थे,
10मुबारक है हमारे बाप दाऊद की बादशाही जो आ रही है।
11यूँ ईसा यरूशलम में दाख़िल हुआ। वह बैत-उल-मुक़द्दस में गया और अपने इर्दगिर्द नज़र दौड़ा कर सब कुछ देखने के बाद चला गया। चूँकि शाम का पिछला वक़्त था इस लिए वह बारह शागिर्दों समेत शहर से निकल कर बैत-अनियाह वापस गया।
अन्जीर के दरख़्त पर लानत
12अगले दिन जब वह बैत-अनियाह से निकल रहे थे तो ईसा को भूक लगी।
13उस ने कुछ फ़ासिले पर अन्जीर का एक दरख़्त देखा जिस पर पत्ते थे। इस लिए वह यह देखने के लिए उस के पास गया कि आया कोई फल लगा है या नहीं। लेकिन जब वह वहाँ पहुँचा तो देखा कि पत्ते ही पत्ते हैं। वजह यह थी कि अन्जीर का मौसम नहीं था।
14इस पर ईसा ने दरख़्त से कहा, “अब से हमेशा तक तुझ से फल खाया न जा सके!” उस के शागिर्दों ने उस की यह बात सुन ली।
ईसा बैत-उल-मुक़द्दस में जाता है
15वह यरूशलम पहुँच गए। और ईसा बैत-उल-मुक़द्दस में जा कर उन्हें निकालने लगा जो वहाँ क़ुर्बानियों के लिए दरकार चीज़ों की ख़रीद-ओ-फ़रोख़्त कर रहे थे। उस ने सिक्कों का तबादला करने वालों की मेज़ें और कबूतर बेचने वालों की कुर्सियाँ उलट दीं
16और जो तिजारती माल ले कर बैत-उल-मुक़द्दस के सहनों में से गुज़र रहे थे उन्हें रोक लिया।
17तालीम दे कर उस ने कहा, “क्या कलाम-ए-मुक़द्दस में नहीं लिखा है, ‘मेरा घर तमाम क़ौमों के लिए दुआ का घर कहलाएगा’? लेकिन तुम ने उसे डाकुओं के अड्डे में बदल दिया है।”
18राहनुमा इमामों और शरीअत के उलमा ने जब यह सुना तो उसे क़त्ल करने का मौक़ा ढूँडने लगे। क्यूँकि वह उस से डरते थे इस लिए कि पूरा हुजूम उस की तालीम से निहायत हैरान था।
19जब शाम हुई तो ईसा और उस के शागिर्द शहर से निकल गए।
अन्जीर के दरख़्त से सबक़
20अगले दिन वह सुब्ह-सवेरे अन्जीर के उस दरख़्त के पास से गुज़रे जिस पर ईसा ने लानत भेजी थी। जब उन्हों ने उस पर ग़ौर किया तो मालूम हुआ कि वह जड़ों तक सूख गया है।
21तब पतरस को वह बात याद आई जो ईसा ने कल अन्जीर के दरख़्त से की थी। उस ने कहा, “उस्ताद, यह देखें! अन्जीर के जिस दरख़्त पर आप ने लानत भेजी थी वह सूख गया है।”
22ईसा ने जवाब दिया, “अल्लाह पर ईमान रखो।
23मैं तुम को सच बताता हूँ कि अगर कोई इस पहाड़ से कहे, ‘उठ, अपने आप को समुन्दर में गिरा दे’ तो यह हो जाएगा। शर्त सिर्फ़ यह है कि वह शक न करे बल्कि ईमान रखे कि जो कुछ उस ने कहा है वह उस के लिए हो जाएगा।
24इस लिए मैं तुम को बताता हूँ, जब भी तुम दुआ करके कुछ माँगते हो तो ईमान रखो कि तुम को मिल गया है। फिर वह तुम्हें ज़रूर मिल जाएगा।
25और जब तुम खड़े हो कर दुआ करते हो तो अगर तुम्हें किसी से शिकायत हो तो पहले उसे मुआफ़ करो ताकि आसमान पर तुम्हारा बाप भी तुम्हारे गुनाहों को मुआफ़ करे।
26[और अगर तुम मुआफ़ न करो तो तुम्हारा आसमानी बाप तुम्हारे गुनाह भी मुआफ़ नहीं करेगा।]”
किस ने ईसा को इख़तियार दिया?
27वह एक और दफ़ा यरूशलम पहुँच गए। और जब ईसा बैत-उल-मुक़द्दस में फिर रहा था तो राहनुमा इमाम, शरीअत के उलमा और बुज़ुर्ग उस के पास आए।
28उन्हों ने पूछा, “आप यह सब कुछ किस इख़तियार से कर रहे हैं? किस ने आप को यह करने का इख़तियार दिया है?”
29ईसा ने जवाब दिया, “मेरा भी तुम से एक सवाल है। इस का जवाब दो तो फिर तुम को बता दूँगा कि मैं यह किस इख़तियार से कर रहा हूँ।
30मुझे बताओ, क्या यहया का बपतिस्मा आसमानी था या इन्सानी?”
31वह आपस में बह्स करने लगे, “अगर हम कहें ‘आसमानी’ तो वह पूछेगा, ‘तो फिर तुम उस पर ईमान क्यूँ न लाए?’
32लेकिन हम कैसे कह सकते हैं कि वह इन्सानी था?” वजह यह थी कि वह आम लोगों से डरते थे, क्यूँकि सब मानते थे कि यहया वाक़ई नबी था।