मर्क़ुस 14:1-72 DGV - Bible AI

ईसा के ख़िलाफ़ मन्सूबाबन्दियाँ

1फ़सह और बेख़मीरी रोटी की ईद क़रीब आ गई थी। सिर्फ़ दो दिन रह गए थे। राहनुमा इमाम और शरीअत के उलमा ईसा को किसी चालाकी से गिरिफ़्तार करके क़त्ल करने की तलाश में थे।

2उन्हों ने कहा, “लेकिन यह ईद के दौरान नहीं होना चाहिए, ऐसा न हो कि अवाम में हलचल मच जाए।”

ख़ातून ईसा पर ख़ुश्बू उंडेलती है

3इतने में ईसा बैत-अनियाह आ कर एक आदमी के घर में दाख़िल हुआ जो किसी वक़्त कोढ़ का मरीज़ था। उस का नाम शमाऊन था। ईसा खाना खाने के लिए बैठ गया तो एक औरत आई। उस के पास ख़ालिस जटामासी के निहायत क़ीमती इत्र का इत्रदान था। उस का सर तोड़ कर उस ने इत्र ईसा के सर पर उंडेल दिया।

4हाज़िरीन में से कुछ नाराज़ हुए। “इतना क़ीमती इत्र ज़ाए करने की क्या ज़रूरत थी?

5इस की क़ीमत कम अज़ कम चाँदी के 300 सिक्के थी। अगर इसे बेचा जाता तो इस के पैसे ग़रीबों को दिए जा सकते थे।” ऐसी बातें करते हुए उन्हों ने उसे झिड़का।

6लेकिन ईसा ने कहा, “इसे छोड़ दो, तुम इसे क्यूँ तंग कर रहे हो? इस ने तो मेरे लिए एक नेक काम किया है।

7ग़रीब तो हमेशा तुम्हारे पास रहेंगे, और तुम जब भी चाहो उन की मदद कर सकोगे। लेकिन मैं हमेशा तुम्हारे साथ नहीं रहूँगा।

8जो कुछ वह कर सकती थी उस ने किया है। मुझ पर इत्र उंडेलने से वह मुक़र्ररा वक़्त से पहले मेरे बदन को दफ़नाने के लिए तय्यार कर चुकी है।

9मैं तुम को सच बताता हूँ कि तमाम दुनिया में जहाँ भी अल्लाह की ख़ुशख़बरी का एलान किया जाएगा वहाँ लोग इस ख़ातून को याद करके वह कुछ सुनाएँगे जो इस ने किया है।”

ईसा को दुश्मन के हवाले करने का मन्सूबा

10फिर यहूदाह इस्करियोती जो बारह शागिर्दों में से एक था राहनुमा इमामों के पास गया ताकि ईसा को उन के हवाले करने की बात करे।

11उस के आने का मक़्सद सुन कर वह ख़ुश हुए और उसे पैसे देने का वादा किया। चुनाँचे वह ईसा को उन के हवाले करने का मौक़ा ढूँडने लगा।

फ़सह की ईद के लिए तय्यारियाँ

12बेख़मीरी रोटी की ईद आई जब लोग फ़सह के लेले को क़ुर्बान करते थे। ईसा के शागिर्दों ने उस से पूछा, “हम कहाँ आप के लिए फ़सह का खाना तय्यार करें?”

13चुनाँचे ईसा ने उन में से दो को यह हिदायत दे कर यरूशलम भेज दिया कि “जब तुम शहर में दाख़िल होगे तो तुम्हारी मुलाक़ात एक आदमी से होगी जो पानी का घड़ा उठाए चल रहा होगा। उस के पीछे हो लेना।

14जिस घर में वह दाख़िल हो उस के मालिक से कहना, ‘उस्ताद आप से पूछते हैं कि वह कमरा कहाँ है जहाँ मैं अपने शागिर्दों के साथ फ़सह का खाना खाऊँ?’

15वह तुम्हें दूसरी मन्ज़िल पर एक बड़ा और सजा हुआ कमरा दिखाएगा। वह तय्यार होगा। हमारे लिए फ़सह का खाना वहीं तय्यार करना।”

16दोनों चले गए तो शहर में दाख़िल हो कर सब कुछ वैसा ही पाया जैसा ईसा ने उन्हें बताया था। फिर उन्हों ने फ़सह का खाना तय्यार किया।

ग़द्दार कौन है?

17शाम के वक़्त ईसा बारह शागिर्दों समेत वहाँ पहुँच गया।

18जब वह मेज़ पर बैठे खाना खा रहे थे तो उस ने कहा, “मैं तुम को सच बताता हूँ, तुम में से एक जो मेरे साथ खाना खा रहा है मुझे दुश्मन के हवाले कर देगा।”

19शागिर्द यह सुन कर ग़मगीन हुए। बारी बारी उन्हों ने उस से पूछा, “मैं तो नहीं हूँ?”

20ईसा ने जवाब दिया, “तुम बारह में से एक है। वह मेरे साथ अपनी रोटी सालन के बर्तन में डाल रहा है।

21इब्न-ए-आदम तो कूच कर जाएगा जिस तरह कलाम-ए-मुक़द्दस में लिखा है, लेकिन उस शख़्स पर अफ़्सोस जिस के वसीले से उसे दुश्मन के हवाले कर दिया जाएगा। उस के लिए बेहतर यह होता कि वह कभी पैदा ही न होता।”

फ़सह का आख़िरी खाना

22खाने के दौरान ईसा ने रोटी ले कर शुक्रगुज़ारी की दुआ की और उसे टुकड़े करके शागिर्दों को दे दिया। उस ने कहा, “यह लो, यह मेरा बदन है।”

23फिर उस ने मै का प्याला ले कर शुक्रगुज़ारी की दुआ की और उसे उन्हें दे दिया। सब ने उस में से पी लिया।

24उस ने उन से कहा, “यह मेरा ख़ून है, नए अह्द का वह ख़ून जो बहुतों के लिए बहाया जाता है।

25मैं तुम को सच बताता हूँ कि अब से मैं अंगूर का रस नहीं पियूँगा, क्यूँकि अगली दफ़ा इसे नए सिरे से अल्लाह की बादशाही में ही पियूँगा।”

26फिर वह एक ज़बूर गा कर निकले और ज़ैतून के पहाड़ के पास पहुँचे।

पतरस के इन्कार की पेशगोई

27ईसा ने उन्हें बताया, “तुम सब बर्गश्ता हो जाओगे, क्यूँकि कलाम-ए-मुक़द्दस में अल्लाह फ़रमाता है, ‘मैं चरवाहे को मार डालूँगा और भेड़ें तित्तर-बित्तर हो जाएँगी।’

28लेकिन अपने जी उठने के बाद में तुम्हारे आगे आगे गलील पहुँचूँगा।”

29पतरस ने एतिराज़ किया, “दूसरे बेशक सब बर्गश्ता हो जाएँ, लेकिन में कभी नहीं हूँगा।”

30ईसा ने जवाब दिया, “मैं तुझे सच बताता हूँ, इसी रात मुर्ग़ के दूसरी दफ़ा बाँग देने से पहले पहले तू तीन बार मुझे जानने से इन्कार कर चुका होगा।”

31पतरस ने इसरार किया, “हरगिज़ नहीं! मैं आप को जानने से कभी इन्कार नहीं करूँगा, चाहे मुझे आप के साथ मरना भी पड़े।” दूसरों ने भी यही कुछ कहा।

गत्समनी बाग़ में ईसा की दुआ

32वह एक बाग़ में पहुँचे जिस का नाम गत्समनी था। ईसा ने अपने शागिर्दों से कहा, “यहाँ बैठ कर मेरा इन्तिज़ार करो। मैं दुआ करने के लिए आगे जाता हूँ।”

33उस ने पतरस, याक़ूब और यूहन्ना को साथ लिया। वहाँ वह घबरा कर बेक़रार होने लगा।

34उस ने उन से कहा, “मैं दुख से इतना दबा हुआ हूँ कि मरने को हूँ। यहाँ ठहर कर जागते रहो।”

35कुछ आगे जा कर वह ज़मीन पर गिर गया और दुआ करने लगा कि अगर मुमकिन हो तो मुझे आने वाली घड़ियों की तक्लीफ़ से गुज़रना न पड़े।

36उस ने कहा, “ऐ अब्बा, ऐ बाप! तेरे लिए सब कुछ मुमकिन है। दुख का यह प्याला मुझ से हटा ले। लेकिन मेरी नहीं बल्कि तेरी मर्ज़ी पूरी हो।”

37वह अपने शागिर्दों के पास वापस आया तो देखा कि वह सो रहे हैं। उस ने पतरस से कहा, “शमाऊन, क्या तू सो रहा है? क्या तू एक घंटा भी नहीं जाग सका?

38जागते और दुआ करते रहो ताकि तुम आज़माइश में न पड़ो। क्यूँकि रूह तो तय्यार है, लेकिन जिस्म कमज़ोर।”

39एक बार फिर उस ने जा कर वही दुआ की जो पहले की थी।

40जब वापस आया तो दुबारा देखा कि वह सो रहे हैं, क्यूँकि नींद की बदौलत उन की आँखें बोझल थीं। वह नहीं जानते थे कि क्या जवाब दें।

41जब ईसा तीसरी बार वापस आया तो उस ने उन से कहा, “तुम अभी तक सो और आराम कर रहे हो? बस काफ़ी है। वक़्त आ गया है। देखो, इब्न-ए-आदम को गुनाहगारों के हवाले किया जा रहा है।

42उठो। आओ, चलें। देखो, मुझे दुश्मन के हवाले करने वाला क़रीब आ चुका है।”

ईसा की गिरिफ़्तारी

43वह अभी यह बात कर ही रहा था कि यहूदाह पहुँच गया, जो बारह शागिर्दों में से एक था। उस के साथ तलवारों और लाठियों से लेस आदमियों का हुजूम था। उन्हें राहनुमा इमामों, शरीअत के उलमा और बुज़ुर्गों ने भेजा था।

44इस ग़द्दार यहूदाह ने उन्हें एक इम्तियाज़ी निशान दिया था कि जिस को मैं बोसा दूँ वही ईसा है। उसे गिरिफ़्तार करके ले जाएँ।

45जूँ ही वह पहुँचे यहूदाह ईसा के पास गया और “उस्ताद!” कह कर उसे बोसा दिया।

46इस पर उन्हों ने उसे पकड़ कर गिरिफ़्तार कर लिया।

47लेकिन ईसा के पास खड़े एक शख़्स ने अपनी तलवार मियान से निकाली और इमाम-ए-आज़म के ग़ुलाम को मार कर उस का कान उड़ा दिया।

48ईसा ने उन से पूछा, “क्या मैं डाकू हूँ कि तुम तलवारें और लाठियाँ लिए मुझे गिरिफ़्तार करने निकले हो?

49मैं तो रोज़ाना बैत-उल-मुक़द्दस में तुम्हारे पास था और तालीम देता रहा, मगर तुम ने मुझे गिरिफ़्तार नहीं किया। लेकिन यह इस लिए हो रहा है ताकि कलाम-ए-मुक़द्दस की बातें पूरी हो जाएँ।”

50फिर सब के सब उसे छोड़ कर भाग गए।

51लेकिन एक नौजवान ईसा के पीछे पीछे चलता रहा जो सिर्फ़ चादर ओढ़े हुए था। लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की,

52लेकिन वह चादर छोड़ कर नंगी हालत में भाग गया।

यहूदी अदालत-ए-आलिया के सामने

53वह ईसा को इमाम-ए-आज़म के पास ले गए जहाँ तमाम राहनुमा इमाम, बुज़ुर्ग और शरीअत के उलमा भी जमा थे।

54इतने में पतरस कुछ फ़ासिले पर ईसा के पीछे पीछे इमाम-ए-आज़म के सहन तक पहुँच गया। वहाँ वह मुलाज़िमों के साथ बैठ कर आग तापने लगा।

55मकान के अन्दर राहनुमा इमाम और यहूदी अदालत-ए-आलिया के तमाम अफ़राद ईसा के ख़िलाफ़ गवाहियाँ ढूँड रहे थे ताकि उसे सज़ा-ए-मौत दिलवा सकें। लेकिन कोई गवाही न मिली।

56काफ़ी लोगों ने उस के ख़िलाफ़ झूटी गवाही तो दी, लेकिन उन के बयान एक दूसरे के मुतज़ाद थे।

57आख़िरकार बाज़ ने खड़े हो कर यह झूटी गवाही दी,

58“हम ने इसे यह कहते सुना है कि मैं इन्सान के हाथों के बने इस बैत-उल-मुक़द्दस को ढा कर तीन दिन के अन्दर अन्दर नया मक़्दिस तामीर कर दूँगा, एक ऐसा मक़्दिस जो इन्सान के हाथ नहीं बनाएँगे।”

59लेकिन उन की गवाहियाँ भी एक दूसरी से मुतज़ाद थीं।

60फिर इमाम-ए-आज़म ने हाज़िरीन के सामने खड़े हो कर ईसा से पूछा, “क्या तू कोई जवाब नहीं देगा? यह क्या गवाहियाँ हैं जो यह लोग तेरे ख़िलाफ़ दे रहे हैं?”

61लेकिन ईसा ख़ामोश रहा। उस ने कोई जवाब न दिया। इमाम-ए-आज़म ने उस से एक और सवाल किया, “क्या तू अल-हमीद का फ़र्ज़न्द मसीह है?”

62ईसा ने कहा, “जी, मैं हूँ। और आइन्दा तुम इब्न-ए-आदम को क़ादिर-ए-मुतलक़ के दहने हाथ बैठे और आसमान के बादलों पर आते हुए देखोगे।”

63इमाम-ए-आज़म ने रंजिश का इज़हार करके अपने कपड़े फाड़ लिए और कहा, “हमें मज़ीद गवाहों की क्या ज़रूरत रही!

64आप ने ख़ुद सुन लिया है कि इस ने कुफ़्र बका है। आप का क्या फ़ैसला है?”

64सब ने उसे सज़ा-ए-मौत के लाइक़ क़रार दिया।

65फिर कुछ उस पर थूकने लगे। उन्हों ने उस की आँखों पर पट्टी बांधी और उसे मुक्के मार मार कर कहने लगे, “नबुव्वत कर!” मुलाज़िमों ने भी उसे थप्पड़ मारे।

पतरस ईसा को जानने से इन्कार करता है

66इस दौरान पतरस नीचे सहन में था। इमाम-ए-आज़म की एक नौकरानी वहाँ से गुज़री

67और देखा कि पतरस वहाँ आग ताप रहा है। उस ने ग़ौर से उस पर नज़र की और कहा, “तुम भी नासरत के उस आदमी ईसा के साथ थे।”

68लेकिन उस ने इन्कार किया, “मैं नहीं जानता या समझता कि तू क्या बात कर रही है।” यह कह कर वह गेट के क़रीब चला गया। [उसी लम्हे मुर्ग़ ने बाँग दी।]

69जब नौकरानी ने उसे वहाँ देखा तो उस ने दुबारा पास खड़े लोगों से कहा, “यह बन्दा उन में से है।”

70दुबारा पतरस ने इन्कार किया।

70थोड़ी देर के बाद पतरस के साथ खड़े लोगों ने भी उस से कहा, “तुम ज़रूर उन में से हो क्यूँकि तुम गलील के रहने वाले हो।”

71इस पर पतरस ने क़सम खा कर कहा, “मुझ पर लानत अगर मैं झूट बोल रहा हूँ। मैं उस आदमी को नहीं जानता जिस का ज़िक्र तुम कर रहे हो।”

72फ़ौरन मुर्ग़ की बाँग दूसरी मर्तबा सुनाई दी। फिर पतरस को वह बात याद आई जो ईसा ने उस से कही थी, “मुर्ग़ के दूसरी दफ़ा बाँग देने से पहले पहले तू तीन बार मुझे जानने से इन्कार कर चुका होगा।” इस पर वह रो पड़ा।