मर्क़ुस 3:1-35 DGV - Bible AI

सूखे हुए हाथ की शिफ़ा

1किसी और वक़्त जब ईसा इबादतख़ाने में गया तो वहाँ एक आदमी था जिस का हाथ सूखा हुआ था।

2सबत का दिन था और लोग बड़े ग़ौर से देख रहे थे कि क्या ईसा उस आदमी को आज भी शिफ़ा देगा। क्यूँकि वह इस पर इल्ज़ाम लगाने का कोई बहाना तलाश कर रहे थे।

3ईसा ने सूखे हाथ वाले आदमी से कहा, “उठ, दरमियान में खड़ा हो।”

4फिर ईसा ने उन से पूछा, “मुझे बताओ, शरीअत हमें सबत के दिन क्या करने की इजाज़त देती है, नेक काम करने की या ग़लत काम करने की, किसी की जान बचाने की या उसे तबाह करने की?”

4सब ख़ामोश रहे।

5वह ग़ुस्से से अपने इर्दगिर्द के लोगों की तरफ़ देखने लगा। उन की सख़्तदिली उस के लिए बड़े दुख का बाइस बन रही थी। फिर उस ने आदमी से कहा, “अपना हाथ आगे बढ़ा।” उस ने ऐसा किया तो उस का हाथ बहाल हो गया।

6इस पर फ़रीसी बाहर निकल कर सीधे हेरोदेस की पार्टी के अफ़राद के साथ मिल कर ईसा को क़त्ल करने की साज़िशें करने लगे।

झील के किनारे पर हुजूम

7लेकिन ईसा वहाँ से हट कर अपने शागिर्दों के साथ झील के पास गया। एक बड़ा हुजूम उस के पीछे हो लिया। लोग न सिर्फ़ गलील के इलाक़े से आए बल्कि बहुत सी और जगहों यानी यहूदिया,

8यरूशलम, इदूमया, दरया-ए-यर्दन के पार और सूर और सैदा के इलाक़े से भी। वजह यह थी कि ईसा के काम की ख़बर उन इलाक़ों तक भी पहुँच चुकी थी और नतीजे में बहुत से लोग वहाँ से भी आए।

9ईसा ने शागिर्दों से कहा, “एहतियातन एक कश्ती उस वक़्त के लिए तय्यार कर रखो जब हुजूम मुझे हद से ज़्यादा दबाने लगेगा।”

10क्यूँकि उस दिन उस ने बहुतों को शिफ़ा दी थी, इस लिए जिसे भी कोई तक्लीफ़ थी वह धक्के दे दे कर उस के पास आया ताकि उसे छू सके।

11और जब भी नापाक रूहों ने ईसा को देखा तो वह उस के सामने गिर कर चीख़ें मारने लगीं, “आप अल्लाह के फ़र्ज़न्द हैं।”

12लेकिन ईसा ने उन्हें सख़्ती से डाँट कर कहा कि वह उसे ज़ाहिर न करें।

ईसा बारह रसूलों को मुक़र्रर करता है

13इस के बाद ईसा ने पहाड़ पर चढ़ कर जिन्हें वह चाहता था उन्हें अपने पास बुला लिया। और वह उस के पास आए।

14उस ने उन में से बारह को चुन लिया। उन्हें उस ने अपने रसूल मुक़र्रर कर लिया ताकि वह उस के साथ चलें और वह उन्हें मुनादी करने के लिए भेज सके।

15उस ने उन्हें बदरूहें निकालने का इख़तियार भी दिया।

16जिन बारह को उस ने मुक़र्रर किया उन के नाम यह हैं : शमाऊन जिस का लक़ब उस ने पतरस रखा,

17ज़ब्दी के बेटे याक़ूब और यूहन्ना जिन का लक़ब ईसा ने ‘बादल की गरज के बेटे’ रखा,

18अन्द्रियास, फ़िलिप्पुस, बरतुल्माई, मत्ती, तोमा, याक़ूब बिन हल्फ़ई, तद्दी, शमाऊन मुजाहिद

19और यहूदाह इस्करियोती जिस ने बाद में उसे दुश्मन के हवाले कर दिया।

ईसा और बदरूहों का सरदार

20फिर ईसा किसी घर में दाख़िल हुआ। इस बार भी इतना हुजूम जमा हो गया कि ईसा को अपने शागिर्दों समेत खाना खाने का मौक़ा भी न मिला।

21जब उस के ख़ानदान के अफ़राद ने यह सुना तो वह उसे पकड़ कर ले जाने के लिए आए, क्यूँकि उन्हों ने कहा, “वह होश में नहीं है।”

22लेकिन शरीअत के जो आलिम यरूशलम से आए थे उन्हों ने कहा, “यह बदरूहों के सरदार बाल-ज़बूल के क़ब्ज़े में है। उसी की मदद से बदरूहों को निकाल रहा है।”

23फिर ईसा ने उन्हें अपने पास बुला कर तम्सीलों में जवाब दिया। “इब्लीस किस तरह इब्लीस को निकाल सकता है?

24जिस बादशाही में फूट पड़ जाए वह क़ाइम नहीं रह सकती।

25और जिस घराने की ऐसी हालत हो वह भी क़ाइम नहीं रह सकता।

26इसी तरह अगर इब्लीस अपने आप की मुख़ालफ़त करे और यूँ उस में फूट पड़ जाए तो वह क़ाइम नहीं रह सकता बल्कि ख़त्म हो चुका है।

27किसी ज़ोर-आवर आदमी के घर में घुस कर उस का माल-ओ-अस्बाब लूटना उस वक़्त तक मुमकिन नहीं है जब तक उस आदमी को बांधा न जाए। फिर ही उसे लूटा जा सकता है।

28मैं तुम से सच कहता हूँ कि लोगों के तमाम गुनाह और कुफ़्र की बातें मुआफ़ की जा सकेंगी, ख़्वाह वह कितना ही कुफ़्र क्यूँ न बकें।

29लेकिन जो रूह-उल-क़ुद्स के ख़िलाफ़ कुफ़्र बके उसे अबद तक मुआफ़ी नहीं मिलेगी। वह एक अबदी गुनाह का क़ुसूरवार ठहरेगा।”

30ईसा ने यह इस लिए कहा क्यूँकि आलिम कह रहे थे कि वह किसी बदरूह की गिरिफ़्त में है।

ईसा की माँ और भाई

31फिर ईसा की माँ और भाई पहुँच गए। बाहर खड़े हो कर उन्हों ने किसी को उसे बुलाने को भेज दिया।

32उस के इर्दगिर्द हुजूम बैठा था। उन्हों ने कहा, “आप की माँ और भाई बाहर आप को बुला रहे हैं।”

33ईसा ने पूछा, “कौन मेरी माँ और कौन मेरे भाई हैं?”

34और अपने गिर्द बैठे लोगों पर नज़र डाल कर उस ने कहा, “देखो, यह मेरी माँ और मेरे भाई हैं।

35जो भी अल्लाह की मर्ज़ी पूरी करता है वह मेरा भाई, मेरी बहन और मेरी माँ है।”