ख़ातून और अज़दहा
1फिर आसमान पर एक अज़ीम निशान ज़ाहिर हुआ, एक ख़ातून जिस का लिबास सूरज था। उस के पाँओ तले चाँद और सर पर बारह सितारों का ताज था।
2उस का पाँओ भारी था, और जन्म देने के शदीद दर्द में मुब्तला होने की वजह से वह चिल्ला रही थी।
3फिर आसमान पर एक और निशान नज़र आया, एक बड़ा और आग जैसा सुर्ख़ अज़दहा। उस के सात सर और दस सींग थे, और हर सर पर एक ताज था।
4उस की दुम ने सितारों के तीसरे हिस्से को आसमान पर से उतार कर ज़मीन पर फैंक दिया। फिर अज़दहा जन्म देने वाली ख़ातून के सामने खड़ा हुआ ताकि उस बच्चे को जन्म लेते ही हड़प कर ले।
5ख़ातून के बेटा पैदा हुआ, वह बच्चा जो लोहे के शाही असा से क़ौमों पर हुकूमत करेगा। और ख़ातून के इस बच्चे को छीन कर अल्लाह और उस के तख़्त के सामने लाया गया।
6ख़ातून ख़ुद रेगिस्तान में हिज्रत करके एक ऐसी जगह पहुँच गई जो अल्लाह ने उस के लिए तय्यार कर रखी थी, ताकि वहाँ 1,260 दिन तक उस की परवरिश की जाए।
7फिर आसमान पर जंग छिड़ गई। मीकाएल और उस के फ़रिश्ते अज़दहे से लड़े। अज़दहा और उस के फ़रिश्ते उन से लड़ते रहे,
8लेकिन वह ग़ालिब न आ सके बल्कि आसमान पर अपने मक़ाम से महरूम हो गए।
9बड़े अज़दहे को निकाल दिया गया, उस क़दीम अज़दहे को जो इब्लीस या शैतान कहलाता है और जो पूरी दुनिया को गुमराह कर देता है। उसे उस के फ़रिश्तों समेत ज़मीन पर फैंका गया।
10फिर आसमान पर एक ऊँची आवाज़ सुनाई दी, “अब हमारे ख़ुदा की नजात, क़ुदरत और बादशाही आ गई है, अब उस के मसीह का इख़तियार आ गया है। क्यूँकि हमारे भाइयों और बहनों पर इल्ज़ाम लगाने वाला जो दिन रात अल्लाह के हुज़ूर उन पर इल्ज़ाम लगाता रहता था उसे ज़मीन पर फैंका गया है।
11ईमानदार लेले के ख़ून और अपनी गवाही सुनाने के ज़रीए ही उस पर ग़ालिब आए हैं। उन्हों ने अपनी जान अज़ीज़ न रखी बल्कि उसे देने तक तय्यार थे।
12चुनाँचे ख़ुशी मनाओ, ऐ आसमानो! ख़ुशी मनाओ, उन में बसने वालो! लेकिन ज़मीन और समुन्दर पर अफ़्सोस! क्यूँकि इब्लीस तुम पर उतर आया है। वह बड़े ग़ुस्से में है, क्यूँकि वह जानता है कि अब उस के पास वक़्त कम है।”
13जब अज़दहे ने देखा कि उसे ज़मीन पर गिरा दिया गया है तो वह उस ख़ातून के पीछे पड़ गया जिस ने बच्चे को जन्म दिया था।
14लेकिन ख़ातून को बड़े उक़ाब के से दो पर दिए गए ताकि वह उड़ कर रेगिस्तान में उस जगह पहुँचे जो उस के लिए तय्यार की गई थी और जहाँ वह साढ़े तीन साल तक अज़दहे की पहुँच से मह्फ़ूज़ रह कर परवरिश पाएगी।
15इस पर अज़दहे ने अपने मुँह से पानी निकाल कर दरया की सूरत में ख़ातून के पीछे पीछे बहा दिया ताकि उसे बहा ले जाए।
16लेकिन ज़मीन ने ख़ातून की मदद करके अपना मुँह खोल दिया और उस दरया को निगल लिया जो अज़दहे ने अपने मुँह से निकाल दिया था।
17फिर अज़दहे को ख़ातून पर ग़ुस्सा आया, और वह उस की बाक़ी औलाद से जंग करने के लिए चला गया। (ख़ातून की औलाद वह हैं जो अल्लाह के अह्काम पूरे करके ईसा की गवाही को क़ाइम रखते हैं)।