यशूअ 1:1-18 DGV - Bible AI

रब यशूअ को राहनुमाई की ज़िम्मादारी सौंपता है

1रब के ख़ादिम मूसा की मौत के बाद रब मूसा के मददगार यशूअ बिन नून से हमकलाम हुआ। उस ने कहा,

2“मेरा ख़ादिम मूसा फ़ौत हो गया है। अब उठ, इस पूरी क़ौम के साथ दरया-ए-यर्दन को पार करके उस मुल्क में दाख़िल हो जा जो मैं इस्राईलियों को देने को हूँ।

3जिस ज़मीन पर भी तू अपना पाँओ रखेगा उसे मैं मूसा के साथ किए गए वादे के मुताबिक़ तुझे दूँगा।

4तुम्हारे मुल्क की सरहद्दें यह होंगी : जुनूब में नजब का रेगिस्तान, शिमाल में लुबनान, मशरिक़ में दरया-ए-फ़ुरात और मग़रिब में बहीरा-ए-रूम। हित्ती क़ौम का पूरा इलाक़ा इस में शामिल होगा।

5तेरे जीते जी कोई तेरा सामना नहीं कर सकेगा। जिस तरह मैं मूसा के साथ था, उसी तरह तेरे साथ भी हूँगा। मैं तुझे कभी नहीं छोड़ूँगा, न तुझे तर्क करूँगा।

6मज़बूत और दिलेर हो, क्यूँकि तू ही इस क़ौम को मीरास में वह मुल्क देगा जिस का मैं ने उन के बापदादा से क़सम खा कर वादा किया था।

7लेकिन ख़बरदार, मज़बूत और बहुत दिलेर हो। एहतियात से उस पूरी शरीअत पर अमल कर जो मेरे ख़ादिम मूसा ने तुझे दी है। उस से न दाईं और न बाईं तरफ़ हटना। फिर जहाँ कहीं भी तू जाए कामयाब होगा।

8जो बातें इस शरीअत की किताब में लिखी हैं वह तेरे मुँह से न हटें। दिन रात उन पर ग़ौर करता रह ताकि तू एहतियात से इस की हर बात पर अमल कर सके। फिर तू हर काम में कामयाब और ख़ुशहाल होगा।

9मैं फिर कहता हूँ कि मज़बूत और दिलेर हो। न घबरा और न हौसला हार, क्यूँकि जहाँ भी तू जाएगा वहाँ रब तेरा ख़ुदा तेरे साथ रहेगा।”

मुल्क में दाख़िल होने की तय्यारियाँ

10फिर यशूअ क़ौम के निगहबानों से मुख़ातिब हुआ,

11“ख़ैमागाह में हर जगह जा कर लोगों को इत्तिला दें कि सफ़र के लिए खाने का बन्द-ओ-बस्त कर लें। क्यूँकि तीन दिन के बाद आप दरया-ए-यर्दन को पार करके उस मुल्क पर क़ब्ज़ा करेंगे जो रब आप का ख़ुदा आप को विरसे में दे रहा है।”

12फिर यशूअ रूबिन, जद और मनस्सी के आधे क़बीले से मुख़ातिब हुआ,

13“यह बात याद रखें जो रब के ख़ादिम मूसा ने आप से कही थी, ‘रब तुम्हारा ख़ुदा तुम को दरया-ए-यर्दन के मशरिक़ी किनारे पर का यह इलाक़ा देता है ताकि तुम यहाँ अम्न-ओ-अमान के साथ रह सको।’

14अब जब हम दरया-ए-यर्दन को पार कर रहे हैं तो आप के बाल-बच्चे और मवेशी यहीं रह सकते हैं। लेकिन लाज़िम है कि आप के तमाम जंग करने के क़ाबिल मर्द मुसल्लह हो कर अपने भाइयों के आगे आगे दरया को पार करें। आप को उस वक़्त तक अपने भाइयों की मदद करना है

15जब तक रब उन्हें वह आराम न दे जो आप को हासिल है और वह उस मुल्क पर क़ब्ज़ा न कर लें जो रब आप का ख़ुदा उन्हें दे रहा है। इस के बाद ही आप को अपने उस इलाक़े में वापस जा कर आबाद होने की इजाज़त होगी जो रब के ख़ादिम मूसा ने आप को दरया-ए-यर्दन के मशरिक़ी किनारे पर दिया था।”

16उन्हों ने जवाब में यशूअ से कहा, “जो भी हुक्म आप ने हमें दिया है वह हम मानेंगे और जहाँ भी हमें भेजेंगे वहाँ जाएंगे।

17जिस तरह हम मूसा की हर बात मानते थे उसी तरह आप की भी हर बात मानेंगे। लेकिन रब आप का ख़ुदा उसी तरह आप के साथ हो जिस तरह वह मूसा के साथ था।

18जो भी आप के हुक्म की ख़िलाफ़वरज़ी करके आप की वह तमाम बातें न माने जो आप फ़रमाएँगे उसे सज़ा-ए-मौत दी जाए। लेकिन मज़बूत और दिलेर हों!”

This work is licensed under a Creative Commons Attribution - No Derivatives 4.0 International License. info@urdugeoversion.com
div>