यशूअ 21:1-45 DGV - Bible AI

लावियों के शहर और चरागाहें

1फिर लावी के क़बीले के आबाई घरानों के सरबराह इलीअज़र इमाम, यशूअ बिन नून और इस्राईल के बाक़ी क़बीलों के आबाई घरानों के सरबराहों के पास आए

2जो उस वक़्त सैला में जमा थे। लावियों ने कहा, “रब ने मूसा की मारिफ़त हुक्म दिया था कि हमें बसने के लिए शहर और रेवड़ों को चराने के लिए चरागाहें दी जाएँ।”

3चुनाँचे इस्राईलियों ने रब की यह बात मान कर अपने इलाक़ों में से शहर और चरागाहें अलग करके लावियों को दे दीं।

4क़ुरआ डाला गया तो लावी के घराने क़िहात को उस के कुंबों के मुताबिक़ पहला हिस्सा मिल गया। पहले हारून के कुंबे को यहूदाह, शमाऊन और बिनयमीन के क़बीलों के 13 शहर दिए गए।

5बाक़ी क़िहातियों को दान, इफ़्राईम और मग़रिबी मनस्सी के क़बीलों के 10 शहर मिल गए।

6जैर्सोन के घराने को इश्कार, आशर, नफ़्ताली और मनस्सी के क़बीलों के 13 शहर दिए गए। यह मनस्सी का वह इलाक़ा था जो दरया-ए-यर्दन के मशरिक़ में मुल्क-ए-बसन में था।

7मिरारी के घराने को उस के कुंबों के मुताबिक़ रूबिन, जद और ज़बूलून के क़बीलों के 12 शहर मिल गए।

8यूँ इस्राईलियों ने क़ुरआ डाल कर लावियों को मज़कूरा शहर और उन के गिर्द-ओ-नवाह की चरागाहें दे दीं। वैसा ही हुआ जैसा रब ने मूसा की मारिफ़त हुक्म दिया था।

क़िहात के घराने के शहर

9क़ुरआ डालते वक़्त लावी के घराने क़िहात में से हारून के कुंबे को पहला हिस्सा मिल गया। उसे यहूदाह और शमाऊन के क़बीलों के यह शहर दिए गए :

11पहला शहर अनाक़ियों के बाप का शहर क़िर्यत-अर्बा था जो यहूदाह के पहाड़ी इलाक़े में है और जिस का मौजूदा नाम हब्रून है। उस की चरागाहें भी दी गईं,

12लेकिन हब्रून के इर्दगिर्द की आबादियाँ और खेत कालिब बिन यफ़ुन्ना की मिलकियत रहे।

13हारून के कुंबे का यह शहर पनाह का शहर भी था जिस में हर वह शख़्स पनाह ले सकता था जिस से कोई ग़ैरइरादी तौर पर हलाक हुआ था। इस के इलावा हारून के कुंबे को लिब्ना,

14यत्तीर, इस्तिमूअ,

15हौलून, दबीर,

16ऐन, यूत्ता और बैत-शम्स के शहर भी मिल गए। उसे यहूदाह और शमाऊन के क़बीलों के कुल 9 शहर उन की चरागाहों समेत मिल गए।

17इन के इलावा बिनयमीन के क़बीले के चार शहर उस की मिलकियत में आए यानी जिबऊन, जिबा, अनतोत और अल्मोन।

19ग़रज़ हारून के कुंबे को 13 शहर उन की चरागाहों समेत मिल गए।

20लावी के क़बीले के घराने क़िहात के बाक़ी कुंबों को क़ुरआ डालते वक़्त इफ़्राईम के क़बीले के शहर मिल गए।

21इन में इफ़्राईम के पहाड़ी इलाक़े का शहर सिकम शामिल था जिस में हर वह शख़्स पनाह ले सकता था जिस से कोई ग़ैरइरादी तौर पर हलाक हुआ था, फिर जज़र,

22क़िब्ज़ैम और बैत-हौरून। इन चार शहरों की चरागाहें भी मिल गईं।

23दान के क़बीले ने भी उन्हें चार शहर उन की चरागाहों समेत दिए यानी इल्तक़िह, जिब्बतून, अय्यालोन और जात-रिम्मोन।

25मनस्सी के मग़रिबी हिस्से से उन्हें दो शहर तानक और जात-रिम्मोन उन की चरागाहों समेत मिल गए।

26ग़रज़ क़िहात के बाक़ी कुंबों को कुल 10 शहर उन की चरागाहों समेत मिले।

जैर्सोन के घराने के शहर

27लावी के क़बीले के घराने जैर्सोन को मनस्सी के मशरिक़ी हिस्से के दो शहर उन की चरागाहों समेत दिए गए : मुल्क-ए-बसन में जौलान जिस में हर वह शख़्स पनाह ले सकता था जिस से कोई ग़ैरइरादी तौर पर हलाक हुआ था, और बइस्तराह।

28इश्कार के क़बीले ने उसे चार शहर उन की चरागाहों समेत दिए : क़िसियोन, दाबरत, यर्मूत और ऐन-जन्नीम।

30इसी तरह उसे आशर के क़बीले के भी चार शहर उन की चरागाहों समेत दिए गए : मिसाल, अब्दोन, ख़िल्क़त और रहोब।

32नफ़्ताली के क़बीले ने तीन शहर उन की चरागाहों समेत दिए : गलील का क़ादिस जिस में हर वह शख़्स पनाह ले सकता था जिस से कोई ग़ैरइरादी तौर पर हलाक हुआ था, फिर हम्मात-दोर और क़र्तान।

33ग़रज़ जैर्सोन के घराने को 13 शहर उन की चरागाहों समेत मिल गए।

मिरारी के घराने के शहर

34अब रह गया लावी के क़बीले का घराना मिरारी। उसे ज़बूलून के क़बीले के चार शहर उन की चरागाहों समेत मिल गए : युक़्निआम, क़र्ता, दिम्ना और नहलाल।

36इसी तरह उसे रूबिन के क़बीले के भी चार शहर उन की चरागाहों समेत मिल गए : बसर, यहज़, क़दीमात और मिफ़ात।

38जद के क़बीले ने उसे चार शहर उन की चरागाहों समेत दिए : मुल्क-ए-जिलिआद का रामात जिस में हर वह शख़्स पनाह ले सकता था जिस से कोई ग़ैरइरादी तौर पर हलाक हुआ था, फिर महनाइम, हस्बोन और याज़ेर।

40ग़रज़ मिरारी के घराने को कुल 12 शहर उन की चरागाहों समेत मिल गए।

41इस्राईल के मुख़्तलिफ़ इलाक़ों में जो लावियों के शहर उन की चरागाहों समेत थे उन की कुल तादाद 48 थी।

42हर शहर के इर्दगिर्द चरागाहें थीं।

अल्लाह ने अपना वादा पूरा किया

43यूँ रब ने इस्राईलियों को वह पूरा मुल्क दे दिया जिस का वादा उस ने उन के बापदादा से क़सम खा कर किया था। वह उस पर क़ब्ज़ा करके उस में रहने लगे।

44और रब ने चारों तरफ़ अम्न-ओ-अमान मुहय्या किया जिस तरह उस ने उन के बापदादा से क़सम खा कर वादा किया था। उसी की मदद से इस्राईली तमाम दुश्मनों पर ग़ालिब आए थे।

45जो अच्छे वादे रब ने इस्राईल से किए थे उन में से एक भी नामुकम्मल न रहा बल्कि सब के सब पूरे हो गए।

This work is licensed under a Creative Commons Attribution - No Derivatives 4.0 International License. info@urdugeoversion.com
/div>