यशूअ 11:1-23 DGV - Bible AI

शिमाली इत्तिहादियों पर फ़त्ह

1जब हसूर के बादशाह याबीन को इन वाक़िआत की ख़बर मिली तो उस ने मदून के बादशाह यूबाब और सिम्रोन और अक्शाफ़ के बादशाहों को पैग़ाम भेजे।

2इस के इलावा उस ने उन बादशाहों को पैग़ाम भेजे जो शिमाल में थे यानी शिमाली पहाड़ी इलाक़े में, वादी-ए-यर्दन के उस हिस्से में जो किन्नरत यानी गलील के जुनूब में है, मग़रिब के नशेबी पहाड़ी इलाक़े में, मग़रिब में वाक़े नाफ़त-दोर में

3और कनआन के मशरिक़ और मग़रिब में। याबीन ने अमोरियों, हित्तियों, फ़रिज़्ज़ियों, पहाड़ी इलाक़े के यबूसियों और हर्मून पहाड़ के दामन में वाक़े मुल्क-ए-मिस्फ़ाह के हिव्वियों को भी पैग़ाम भेजे।

4चुनाँचे यह अपनी तमाम फ़ौजों को ले कर जंग के लिए निकले। उन के आदमी समुन्दर के साहिल की रेत की मानिन्द बेशुमार थे। उन के पास मुतअद्दिद घोड़े और रथ भी थे।

5इन तमाम बादशाहों ने इस्राईल से लड़ने के लिए मुत्तहिद हो कर अपने ख़ैमे मरूम के चश्मे पर लगा दिए।

6रब ने यशूअ से कहा, “उन से मत डरना, क्यूँकि कल इसी वक़्त तक मैं ने उन सब को हलाक करके इस्राईल के हवाले कर दिया होगा। तुझे उन के घोड़ों की कोंचों को काटना और उन के रथों को जला देना है।”

7चुनाँचे यशूअ अपने तमाम फ़ौजियों को ले कर मरूम के चश्मे पर आया और अचानक दुश्मन पर हम्ला किया।

8और रब ने दुश्मनों को इस्राईलियों के हवाले कर दिया। इस्राईलियों ने उन्हें शिकस्त दी और उन का ताक़्क़ुब करते करते शिमाल में बड़े शहर सैदा और मिस्रफ़ात-माइम तक जा पहुँचे। इसी तरह उन्हों ने मशरिक़ में वादी-ए-मिस्फ़ाह तक भी उन का ताक़्क़ुब किया। आख़िर में एक भी न बचा।

9रब की हिदायत के मुताबिक़ यशूअ ने दुश्मन के घोड़ों की कोंचों को कटवा कर उस के रथों को जला दिया।

शिमाली कनआन पर क़ब्ज़ा

10फिर यशूअ वापस आया और हसूर को अपने क़ब्ज़े में ले लिया। हसूर उन तमाम बादशाहतों का सदर मक़ाम था जिन्हें उन्हों ने शिकस्त दी थी। इस्राईलियों ने शहर के बादशाह को मार दिया

11और शहर के हर जानदार को अल्लाह के हवाले करके हलाक कर दिया। एक भी न बचा। फिर यशूअ ने शहर को जला दिया।

12इसी तरह यशूअ ने उन बाक़ी बादशाहों के शहरों पर भी क़ब्ज़ा कर लिया जो इस्राईल के ख़िलाफ़ मुत्तहिद हो गए थे। हर शहर को उस ने रब के ख़ादिम मूसा के हुक्म के मुताबिक़ तबाह कर दिया। बादशाहों समेत सब कुछ नेस्त कर दिया गया।

13लेकिन यशूअ ने सिर्फ़ हसूर को जलाया। पहाड़ियों पर के बाक़ी शहरों को उस ने रहने दिया।

14लूट का जो भी माल जानवरों समेत उन में पाया गया उसे इस्राईलियों ने अपने पास रख लिया। लेकिन तमाम बाशिन्दों को उन्हों ने मार डाला और एक भी न बचने दिया।

15क्यूँकि रब ने अपने ख़ादिम मूसा को यही हुक्म दिया था, और यशूअ ने सब कुछ वैसे ही किया जैसे रब ने मूसा को हुक्म दिया था।

16यूँ यशूअ ने पूरे कनआन पर क़ब्ज़ा कर लिया। इस में पहाड़ी इलाक़ा, पूरा दश्त-ए-नजब, जुशन का पूरा इलाक़ा, मग़रिब का नशेबी पहाड़ी इलाक़ा, वादी-ए-यर्दन और इस्राईल के पहाड़ उन के दामन की पहाड़ियों समेत शामिल थे।

17अब यशूअ की पहुँच जुनूब में सईर की तरफ़ बढ़ने वाले पहाड़ ख़लक़ से ले कर लुबनान के मैदानी इलाक़े के शहर बाल-जद तक थी जो हर्मून पहाड़ के दामन में था। यशूअ ने इन इलाक़ों के तमाम बादशाहों को पकड़ कर मार डाला।

18लेकिन इन बादशाहों से जंग करने में बहुत वक़्त लगा,

19क्यूँकि जिबऊन में रहने वाले हिव्वियों के इलावा किसी भी शहर ने इस्राईलियों से सुलह न की। इस लिए इस्राईल को उन सब पर जंग करके ही क़ब्ज़ा करना पड़ा।

20रब ही ने उन्हें अकड़ने दिया था ताकि वह इस्राईल से जंग करें और उन पर रहम न किया जाए बल्कि उन्हें पूरे तौर पर रब के हवाले करके हलाक किया जाए। लाज़िम था कि उन्हें यूँ नेस्त-ओ-नाबूद किया जाए जिस तरह रब ने मूसा को हुक्म दिया था।

21उस वक़्त यशूअ ने उन तमाम अनाक़ियों को हलाक कर दिया जो हब्रून, दबीर, अनाब और उन तमाम जगहों में रहते थे जो यहूदाह और इस्राईल के पहाड़ी इलाक़े में थीं। उस ने उन सब को उन के शहरों समेत अल्लाह के हवाले करके तबाह कर दिया।

22इस्राईल के पूरे इलाक़े में अनाक़ियों में से एक भी न बचा। सिर्फ़ ग़ज़्ज़ा, जात और अश्दूद में कुछ ज़िन्दा रहे।

23ग़रज़ यशूअ ने पूरे मुल्क पर यूँ क़ब्ज़ा किया जिस तरह रब ने मूसा को बताया था। फिर उस ने उसे क़बीलों में तक़्सीम करके इस्राईल को मीरास में दे दिया। जंग ख़त्म हुई, और मुल्क में अम्न-ओ-अमान क़ाइम हो गया।