बाक़ी सात क़बीलों को ज़मीन मिलती है
1कनआन पर ग़ालिब आने के बाद इस्राईल की पूरी जमाअत सैला शहर में जमा हुई। वहाँ उन्हों ने मुलाक़ात का ख़ैमा खड़ा किया।
2अब तक सात क़बीलों को ज़मीन नहीं मिली थी।
3यशूअ ने इस्राईलियों को समझा कर कहा, “आप कितनी देर तक सुस्त रहेंगे? आप कब तक उस मुल्क पर क़ब्ज़ा नहीं करेंगे जो रब आप के बापदादा के ख़ुदा ने आप को दे दिया है?
4अब हर क़बीले के तीन तीन आदमियों को चुन लें। उन्हें मैं मुल्क का दौरा करने के लिए भेज दूँगा ताकि वह तमाम क़बाइली इलाक़ों की फ़हरिस्त तय्यार करें। इस के बाद वह मेरे पास वापस आ कर
5मुल्क को सात इलाक़ों में तक़्सीम करें। लेकिन ध्यान रखें कि जुनूब में यहूदाह का इलाक़ा और शिमाल में इफ़्राईम और मनस्सी का इलाक़ा है। उन की सरहद्दें मत छेड़ना!
6वह आदमी लिख लें कि सात नए क़बाइली इलाक़ों की सरहद्दें कहाँ कहाँ तक हैं और फिर इन की फ़हरिस्तें पेश करें। फिर मैं रब आप के ख़ुदा के हुज़ूर मुक़द्दस क़ुरआ डाल कर हर एक की ज़मीन मुक़र्रर करूँगा।
7याद रहे कि लावियों को कोई इलाक़ा नहीं मिलना है। उन का हिस्सा यह है कि वह रब के इमाम हैं। और जद, रूबिन और मनस्सी के आधे क़बीले को भी मज़ीद कुछ नहीं मिलना है, क्यूँकि उन्हें रब के ख़ादिम मूसा से दरया-ए-यर्दन के मशरिक़ में उन का हिस्सा मिल चुका है।”
8तब वह आदमी रवाना होने के लिए तय्यार हुए जिन्हें मुल्क का दौरा करने के लिए चुना गया था। यशूअ ने उन्हें हुक्म दिया, “पूरे मुल्क में से गुज़र कर तमाम शहरों की फ़हरिस्त बनाएँ। जब फ़हरिस्त मुकम्मल हो जाए तो उसे मेरे पास ले आएँ। फिर मैं सैला में रब के हुज़ूर आप के लिए क़ुरआ डाल दूँगा।”
9आदमी चले गए और पूरे मुल्क में से गुज़र कर तमाम शहरों की फ़हरिस्त बना ली। उन्हों ने मुल्क को सात हिस्सों में तक़्सीम करके तमाम तफ़्सीलात किताब में दर्ज कीं और यह किताब सैला की ख़ैमागाह में यशूअ को दे दी।
10फिर यशूअ ने रब के हुज़ूर क़ुरआ डाल कर यह इलाक़े बाक़ी सात क़बीलों और उन के कुंबों में तक़्सीम कर दिए।
बिनयमीन का इलाक़ा
11जब क़ुरआ डाला गया तो बिनयमीन के क़बीले और उस के कुंबों को पहला हिस्सा मिल गया। उस की ज़मीन यहूदाह और यूसुफ़ के क़बीलों के दरमियान थी।
12उस की शिमाली सरहद दरया-ए-यर्दन से शुरू हुई और यरीहू के शिमाल में पहाड़ी ढलान पर चढ़ कर पहाड़ी इलाक़े में से मग़रिब की तरफ़ गुज़री। बैत-आवन के बयाबान को पहुँचने पर
13वह लूज़ यानी बैत-एल की तरफ़ बढ़ कर शहर के जुनूब में पहाड़ी ढलान पर चलती चलती आगे निकल गई। वहाँ से वह अतारात-अद्दार और उस पहाड़ी तक पहुँची जो नशेबी बैत-हौरून के जुनूब में है।
14फिर वह जुनूब की तरफ़ मुड़ कर मग़रिबी सरहद के तौर पर क़िर्यत-बाल यानी क़िर्यत-यारीम के पास आई जो यहूदाह के क़बीले की मिलकियत थी।
15बिनयमीन की जुनूबी सरहद क़िर्यत-यारीम के मग़रिबी किनारे से शुरू हो कर निफ़्तूह चश्मा तक पहुँची।
16फिर वह उस पहाड़ के दामन पर उतर आई जो वादी-ए-बिन-हिन्नूम के मग़रिब में और मैदान-ए-रफ़ाईम के शिमाल में वाक़े है। इस के बाद सरहद यबूसियों के शहर के जुनूब में से गुज़री और यूँ वादी-ए-हिन्नूम को पार करके ऐन-राजिल के पास आई।
17फिर वह शिमाल की तरफ़ मुड़ कर ऐन-शम्स के पास से गुज़री और दर्रा-ए-अदुम्मीम के मुक़ाबिल शहर जलीलोत तक पहुँच कर रूबिन के बेटे बोहन के पत्थर के पास उतर आई।
18वहाँ से वह उस ढलान के शिमाली रुख़ पर से गुज़री जो वादी-ए-यर्दन के मग़रिबी किनारे पर है। फिर वह वादी में उतर कर
19बैत-हुज्लाह की शिमाली पहाड़ी ढलान से गुज़री और बहीरा-ए-मुर्दार के शिमाली किनारे पर ख़त्म हुई, वहाँ जहाँ दरया-ए-यर्दन उस में बहता है। यह थी बिनयमीन की जुनूबी सरहद।
20उस की मशरिक़ी सरहद दरया-ए-यर्दन थी। यही वह इलाक़ा था जो बिनयमीन के क़बीले को उस के कुंबों के मुताबिक़ दिया गया।
21ज़ैल के शहर इस इलाक़े में शामिल थे : यरीहू, बैत-हुज्लाह, इमक़-क़सीस,
22बैत-अराबा, समरैम, बैत-एल,
23अव्वीम, फ़ारा, उफ़्रा,
24कफ़र-उल-अम्मोनी, उफ़्नी और जिबा। यह कुल 12 शहर थे। हर शहर के गिर्द-ओ-नवाह की आबादियाँ उस के साथ गिनी जाती थीं।
25इन के इलावा यह शहर भी थे : जिबऊन, रामा, बैरोत,
26मिस्फ़ाह, कफ़ीरा, मौज़ा,
27रक़म, इर्फ़एल, तराला,
28ज़िला, अलिफ़, यबूसियों का शहर यरूशलम, जिबिआ और क़िर्यत-यारीम। इन शहरों की तादाद 14 थी। हर शहर के गिर्द-ओ-नवाह की आबादियाँ उस के साथ गिनी जाती थीं। यह तमाम शहर बिनयमीन और उस के कुंबों की मिलकियत थे।