यशूअ 5:1-15 DGV - Bible AI

1यह ख़बर दरया-ए-यर्दन के मग़रिब में आबाद तमाम अमोरी बादशाहों और साहिली इलाक़े में आबाद तमाम कनआनी बादशाहों तक पहुँच गई कि रब ने इस्राईलियों के सामने दरया को उस वक़्त तक ख़ुश्क कर दिया जब तक सब ने पार न कर लिया था। तब उन की हिम्मत टूट गई और उन में इस्राईलियों का सामना करने की जुरअत न रही।

जिल्जाल में ख़तना

2उस वक़्त रब ने यशूअ से कहा, “पत्थर की छुरियाँ बना कर पहले की तरह इस्राईलियों का ख़तना करवा दे।”

3चुनाँचे यशूअ ने पत्थर की छुरियाँ बना कर एक जगह पर इस्राईलियों का ख़तना करवाया जिस का नाम बाद में ‘ख़तना पहाड़’ रखा गया।

4बात यह थी कि जो मर्द मिस्र से निकलते वक़्त जंग करने के क़ाबिल थे वह रेगिस्तान में चलते चलते मर चुके थे।

5मिस्र से रवाना होने वाले इन तमाम मर्दों का ख़तना हुआ था, लेकिन जितने लड़कों की पैदाइश रेगिस्तान में हुई थी उन का ख़तना नहीं हुआ था।

6चूँकि इस्राईली रब के ताबे नहीं रहे थे इस लिए उस ने क़सम खाई थी कि वह उस मुल्क को नहीं देखेंगे जिस में दूध और शहद की कस्रत है और जिस का वादा उस ने क़सम खा कर उन के बापदादा से किया था। नतीजे में इस्राईली फ़ौरन मुल्क में दाख़िल न हो सके बल्कि उन्हें उस वक़्त तक रेगिस्तान में फिरना पड़ा जब तक वह तमाम मर्द मर न गए जो मिस्र से निकलते वक़्त जंग करने के क़ाबिल थे।

7उन की जगह रब ने उन के बेटों को खड़ा किया था। यशूअ ने उन ही का ख़तना करवाया। उन का ख़तना इस लिए हुआ कि रेगिस्तान में सफ़र के दौरान उन का ख़तना नहीं किया गया था।

8पूरी क़ौम के मर्दों का ख़तना होने के बाद वह उस वक़्त तक ख़ैमागाह में रहे जब तक उन के ज़ख़्म ठीक नहीं हो गए थे।

9और रब ने यशूअ से कहा, “आज मैं ने मिस्र की रुस्वाई तुम से दूर कर दी है।”[२] इस लिए उस जगह का नाम आज तक जिल्जाल यानी लुढ़काना रहा है।

10जब इस्राईली यरीहू के मैदानी इलाक़े में वाक़े जिल्जाल में ख़ैमाज़न थे तो उन्हों ने फ़सह की ईद भी मनाई। महीने का चौधवाँ दिन था,

11और अगले ही दिन वह पहली दफ़ा उस मुल्क की पैदावार में से बेख़मीरी रोटी और अनाज के भुने हुए दाने खाने लगे।

12उस के बाद के दिन मन का सिलसिला ख़त्म हुआ और इस्राईलियों के लिए यह सहूलत न रही। उस साल से वह कनआन की पैदावार से खाने लगे।

फ़रिश्ते से यशूअ की मुलाक़ात

13एक दिन यशूअ यरीहू शहर के क़रीब था। अचानक एक आदमी उस के सामने खड़ा नज़र आया जिस के हाथ में नंगी तलवार थी। यशूअ ने उस के पास जा कर पूछा, “क्या आप हमारे साथ या हमारे दुश्मनों के साथ हैं?”

14आदमी ने कहा, “नहीं, मैं रब के लश्कर का सरदार हूँ और अभी अभी तेरे पास पहुँचा हूँ।” यह सुन कर यशूअ ने गिर कर उसे सिज्दा किया और पूछा, “मेरे आक़ा अपने ख़ादिम को क्या फ़रमाना चाहते हैं?”

15रब के लश्कर के सरदार ने जवाब में कहा, “अपने जूते उतार दे, क्यूँकि जिस जगह पर तू खड़ा है वह मुक़द्दस है।” यशूअ ने ऐसा ही किया।