यसायाह 2:1-22 DGV - Bible AI

यरूशलम अबदी अम्न-ओ-अमान का मर्कज़ होगा

1यसायाह बिन आमूस ने यहूदाह और यरूशलम के बारे में ज़ैल की रोया देखी,

2आख़िरी अय्याम में रब के घर का पहाड़ मज़बूती से क़ाइम होगा। सब से बड़ा यह पहाड़ दीगर तमाम बुलन्दियों से कहीं ज़्यादा सरफ़राज़ होगा। तब तमाम क़ौमें जौक़-दर-जौक़ उस के पास पहुँचेंगी,

3और बेशुमार उम्मतें आ कर कहेंगी, “आओ, हम रब के पहाड़ पर चढ़ कर याक़ूब के ख़ुदा के घर के पास जाएँ ताकि वह हमें अपनी मर्ज़ी की तालीम दे और हम उस की राहों पर चलें।”

3क्यूँकि सिय्यून पहाड़ से रब की हिदायत निकलेगी, और यरूशलम से उस का कलाम सादिर होगा।

4रब बैन-उल-अक़्वामी झगड़ों को निपटाएगा और बेशुमार क़ौमों का इन्साफ़ करेगा। तब वह अपनी तलवारों को कूट कर फाले बनाएँगी और अपने नेज़ों को काँट-छाँट के औज़ार में तब्दील करेंगी। अब से न एक क़ौम दूसरी पर हम्ला करेगी, न लोग जंग करने की तर्बियत हासिल करेंगे।

5ऐ याक़ूब के घराने, आओ हम रब के नूर में चलें!

अल्लाह की हैबतनाक अदालत

6ऐ अल्लाह, तू ने अपनी क़ौम, याक़ूब के घराने को तर्क कर दिया है। और क्या अजब! क्यूँकि वह मशरिक़ी जादूगरी से भर गए हैं। फ़िलिस्तियों की तरह हमारे लोग भी क़िस्मत का हाल पूछते हैं, वह परदेसियों के साथ बग़लगीर रहते हैं।

7इस्राईल सोने-चाँदी से भर गया है, उस के ख़ज़ानों की हद ही नहीं रही। हर तरफ़ घोड़े ही घोड़े नज़र आते हैं, और उन के रथ गिने नहीं जा सकते।

8लेकिन साथ साथ उन का मुल्क बुतों से भी भर गया है। जो चीज़ें उन के हाथों ने बनाईं उन के सामने वह झुक जाते हैं, जो कुछ उन की उंगलियों ने तश्कील दिया उसे वह सिज्दा करते हैं।

9चुनाँचे अब उन्हें ख़ुद झुकाया जाएगा, उन्हें पस्त किया जाएगा। ऐ रब, उन्हें मुआफ़ न कर!

10चटानों में घुस जाओ! ख़ाक में छुप जाओ! क्यूँकि रब का दह्शतअंगेज़ और शानदार जलाल आने को है।

11तब इन्सान की मग़रूर आँखों को नीचा किया जाएगा, मर्दों का तकब्बुर ख़ाक में मिलाया जाएगा। उस दिन सिर्फ़ रब ही सरफ़राज़ होगा।

12क्यूँकि रब्ब-उल-अफ़्वाज ने एक ख़ास दिन ठहराया है जिस में सब कुछ जो मग़रूर, बुलन्द या सरफ़राज़ हो ज़ेर किया जाएगा।

13लुबनान में देवदार के तमाम बुलन्द-ओ-बाला दरख़्त, बसन के कुल बलूत,

14तमाम आली पहाड़ और ऊँची पहाड़ियाँ,

15हर अज़ीम बुर्ज और क़िलाबन्द दीवार,

16समुन्दर का हर अज़ीम तिजारती और शानदार जहाज़ ज़ेर हो जाएगा।

17चुनाँचे इन्सान का ग़ुरूर ख़ाक में मिलाया जाएगा और मर्दों का तकब्बुर नीचा कर दिया जाएगा। उस दिन सिर्फ़ रब ही सरफ़राज़ होगा,

18और बुत सब के सब फ़ना हो जाएंगे।

19जब रब ज़मीन को दह्शतज़दा करने के लिए उठ खड़ा होगा तो लोग मिट्टी के गढ़ों में खिसक जाएंगे। रब की महीब और शानदार तजल्ली को देख कर वह चटानों के ग़ारों में छुप जाएंगे।

20उस दिन इन्सान सोने-चाँदी के उन बुतों को फैंक देगा जिन्हें उस ने सिज्दा करने के लिए बना लिया था। उन्हें चूहों और चमगादड़ों के आगे फैंक कर

21वह चटानों के शिगाफ़ों और दराड़ों में घुस जाएंगे ताकि रब की महीब और शानदार तजल्ली से बच जाएँ जब वह ज़मीन को दह्शतज़दा करने के लिए उठ खड़ा होगा।

22चुनाँचे इन्सान पर एतिमाद करने से बाज़ आओ जिस की ज़िन्दगी दम भर की है। उस की क़दर ही क्या है?