यसायाह 34:1-17 DGV - Bible AI

अदोम पर अदालत का एलान

1ऐ क़ौमो, क़रीब आ कर सुन लो! ऐ उम्मतो, ध्यान दो! दुनिया और जो भी उस में है कान लगाए, ज़मीन और जो कुछ उस में से फूट निकला है तवज्जुह दे!

2क्यूँकि रब को तमाम उम्मतों पर ग़ुस्सा आ गया है, और उस का ग़ज़ब उन के तमाम लश्करों पर नाज़िल हो रहा है। वह उन्हें मुकम्मल तौर पर तबाह करेगा, इन्हें सफ़्फ़ाक के हवाले करेगा।

3उन के मक़्तूलों को बाहर फैंका जाएगा, और लाशों की बदबू चारों तरफ़ फैलेगी। पहाड़ उन के ख़ून से शराबोर होंगे।

4तमाम सितारे गल जाएंगे, और आसमान को तूमार की तरह लपेटा जाएगा। सितारों का पूरा लश्कर अंगूर के मुरझाए हुए पत्तों की तरह झड़ जाएगा, वह अन्जीर के दरख़्त की सूखी हरियाली की तरह गिर जाएगा।

5क्यूँकि आसमान पर मेरी तलवार ख़ून पी पी कर मस्त हो गई है। देखो, अब वह अदोम पर नाज़िल हो रही है ताकि उस की अदालत करे, उस क़ौम की जिस की मुकम्मल तबाही का फ़ैसला मैं कर चुका हूँ।

6रब की तलवार ख़ूनआलूदा हो गई है, और उस से चर्बी टपकती है। भेड़-बकरियों का ख़ून और मेंढों के गुर्दों की चर्बी उस पर लगी है, क्यूँकि रब बुस्रा शहर में क़ुर्बानी की ईद और मुल्क-ए-अदोम में क़त्ल-ए-आम का तहवार मनाएगा।

7उस वक़्त जंगली बैल उन के साथ गिर जाएंगे, और बछड़े ताक़तवर साँडों समेत ख़त्म हो जाएंगे। उन की ज़मीन ख़ून से मस्त और ख़ाक चर्बी से शराबोर होगी।

8क्यूँकि वह दिन आ गया है जब रब बदला लेगा, वह साल जब वह अदोम से इस्राईल का इन्तिक़ाम लेगा।

9अदोम की नदियों में तारकोल ही बहेगा, और गंधक ज़मीन को ढाँपेगी। मुल्क भड़कती हुई राल से भर जाएगा,

10जिस की आग न दिन और न रात बुझेगी बल्कि हमेशा तक धुआँ छोड़ती रहेगी। मुल्क नस्ल-दर-नस्ल वीरान-ओ-सुन्सान रहेगा, यहाँ तक कि मुसाफ़िर भी हमेशा तक उस में से गुज़रने से गुरेज़ करेंगे।

11दश्ती उल्लू और ख़ारपुश्त उस पर क़ब्ज़ा करेंगे, चिंघाड़ने वाले उल्लू और कव्वे उस में बसेरा करेंगे। क्यूँकि रब फ़ीते और साहूल से अदोम का पूरा मुल्क नाप नाप कर उजाड़ और वीरानी के हवाले करेगा।

12उस के शुरफ़ा का नाम-ओ-निशान तक नहीं रहेगा। कुछ नहीं रहेगा जो बादशाही कहलाए, मुल्क के तमाम रईस जाते रहेंगे।

13काँटेदार पौदे उस के महलों पर छा जाएंगे, ख़ुदरौ पौदे और ऊँटकटारे उस के क़िलाबन्द शहरों में फैल जाएंगे। मुल्क गीदड़ और उक़ाबी उल्लू का घर बनेगा।

14वहाँ रेगिस्तान के जानवर जंगली कुत्तों से मिलेंगे, और बकरानुमा जिन एक दूसरे से मुलाक़ात करेंगे। लीलीत नामी आसेब भी उस में ठहरेगा, वहाँ उसे भी आरामगाह मिलेगी।

15मादा साँप उस के साय में बिल बना कर उस में अपने अंडे देगी और उन्हें से कर पालेगी। शिकारी परिन्दे भी दो दो हो कर वहाँ जमा होंगे।

16रब की किताब में पढ़ कर इस की तहक़ीक़ करो! अदोम में यह तमाम चीज़ें मिल जाएँगी। मुल्क एक से भी महरूम नहीं रहेगा बल्कि सब मिल कर उस में पाई जाएँगी। क्यूँकि रब ही के मुँह ने इस का हुक्म दिया है, और उसी का रूह इन्हें इकट्ठा करेगा।

17वही सारी ज़मीन की पैमाइश करेगा और फिर क़ुरआ डाल कर मज़कूरा जानदारों में तक़्सीम करेगा। तब मुल्क अबद तक उन की मिलकियत में आएगा, और वह नस्ल-दर-नस्ल उस में आबाद होंगे।