यसायाह 43:1-28 DGV - Bible AI

रब क़ौम को वतन में वापस लाएगा

1लेकिन अब रब जिस ने तुझे ऐ याक़ूब ख़ल्क़ किया और तुझे ऐ इस्राईल तश्कील दिया फ़रमाता है, “ख़ौफ़ मत खा, क्यूँकि मैं ने इवज़ाना दे कर तुझे छुड़ाया है, मैं ने तेरा नाम ले कर तुझे बुलाया है, तू मेरा ही है।

2पानी की गहराइयों में से गुज़रते वक़्त मैं तेरे साथ हूँगा, दरयाओं को पार करते वक़्त तू नहीं डूबेगा। आग में से गुज़रते वक़्त न तू झुलस जाएगा, न शोलों से भस्म हो जाएगा।

3क्यूँकि मैं रब तेरा ख़ुदा हूँ, मैं इस्राईल का क़ुद्दूस और तेरा नजातदहिन्दा हूँ। तुझे छुड़ाने के लिए मैं इवज़ाना के तौर पर मिस्र देता, तेरी जगह एथोपिया और सिबा अदा करता हूँ।

4तू मेरी नज़र में क़ीमती और अज़ीज़ है, तू मुझे प्यारा है, इस लिए मैं तेरे बदले में लोग और तेरी जान के इवज़ क़ौमें अदा करता हूँ।

5चुनाँचे मत डरना, क्यूँकि मैं तेरे साथ हूँ। मैं तेरी औलाद को मशरिक़ और मग़रिब से जमा करके वापस लाऊँगा।

6शिमाल को मैं हुक्म दूँगा, ‘मुझे दो!’ और जुनूब को, ‘उन्हें मत रोकना!’ मेरे बेटे-बेटियों को दुनिया की इन्तिहा से वापस ले आओ,

7उन सब को जो मेरा नाम रखते हैं और जिन्हें मैं ने अपने जलाल की ख़ातिर ख़ल्क़ किया, जिन्हें मैं ने तश्कील दे कर बनाया है।”

8उस क़ौम को निकाल लाओ जो आँखें रखने के बावुजूद देख नहीं सकती, जो कान रखने के बावुजूद सुन नहीं सकती।

9तमाम ग़ैरक़ौमें जमा हो जाएँ, तमाम उम्मतें इकट्ठी हो जाएँ। उन में से कौन इस की पेशगोई कर सकता, कौन माज़ी की बातें सुना सकता है? वह अपने गवाहों को पेश करें जो उन्हें दुरुस्त साबित करें, ताकि लोग सुन कर कहें, “उन की बात बिलकुल सहीह है।”

10लेकिन रब फ़रमाता है, “ऐ इस्राईली क़ौम, तुम ही मेरे गवाह हो, तुम ही मेरे ख़ादिम हो जिसे मैं ने चुन लिया ताकि तुम जान लो, मुझ पर ईमान लाओ और पहचान लो कि मैं ही हूँ। न मुझ से पहले कोई ख़ुदा वुजूद में आया, न मेरे बाद कोई आएगा।

11मैं, सिर्फ़ मैं रब हूँ, और मेरे सिवा कोई और नजातदहिन्दा नहीं है।

12मैं ही ने इस का एलान करके तुम्हें छुटकारा दिया, मैं ही तुम्हें अपना कलाम पहुँचाता रहा। और यह तुम्हारे दरमियान के किसी अजनबी माबूद से कभी नहीं हुआ बल्कि सिर्फ़ मुझ ही से। तुम ही मेरे गवाह हो कि मैं ही ख़ुदा हूँ।” यह रब का फ़रमान है।

13“अज़ल से मैं वही हूँ। कोई नहीं है जो मेरे हाथ से छुड़ा सके। जब मैं कुछ अमल में लाता हूँ तो कौन इसे बदल सकता है?”

14रब जो तुम्हारा छुड़ाने वाला और इस्राईल का क़ुद्दूस है फ़रमाता है, “तुम्हारी ख़ातिर मैं बाबल के ख़िलाफ़ फ़ौज भेज कर तमाम कुंडे तुड़वा दूँगा। तब बाबल की शादमानी गिर्या-ओ-ज़ारी में बदल जाएगी।

15मैं रब हूँ, तुम्हारा क़ुद्दूस जो इस्राईल का ख़ालिक़ और तुम्हारा बादशाह है।”

16रब फ़रमाता है, “मैं ही ने समुन्दर में से गुज़रने की राह और गहरे पानी में से रास्ता बना दिया।

17मेरे कहने पर मिस्र की फ़ौज अपने सूरमाओं, रथों और घोड़ों समेत लड़ने के लिए निकल आई। अब वह मिल कर समुन्दर की तह में पड़े हुए हैं और दुबारा कभी नहीं उठेंगे। वह बत्ती की तरह बुझ गए।

18लेकिन माज़ी की बातें छोड़ दो, जो कुछ गुज़र गया है उस पर ध्यान न दो।

19क्यूँकि देखो, मैं एक नया काम वुजूद में ला रहा हूँ जो अभी फूट निकलने को है। क्या यह तुम्हें नज़र नहीं आ रहा? मैं रेगिस्तान में रास्ता और बयाबान में नहरें बना रहा हूँ।

20जंगली जानवर, गीदड़ और उक़ाबी उल्लू मेरा एहतिराम करेंगे, क्यूँकि मैं रेगिस्तान में पानी मुहय्या करूँगा, बयाबान में नहरें बनाऊँगा ताकि अपनी बर्गुज़ीदा क़ौम को पानी पिलाऊँ।

21जो क़ौम मैं ने अपने लिए तश्कील दी है वह मेरे काम सुना कर मेरी तम्जीद करे।

रब इस्राईल के गुनाहों से तंग आ गया है

22ऐ याक़ूब की औलाद, ऐ इस्राईल, बात यह नहीं कि तू ने मुझ से फ़र्याद की, कि तू मेरी मर्ज़ी दरयाफ़्त करने के लिए कोशाँ रहा।

23क्यूँकि न तू ने मेरे लिए अपनी भेड़-बकरियाँ भस्म कीं, न अपनी ज़बह की क़ुर्बानियों से मेरा एहतिराम किया। न मैं ने ग़ल्ला की नज़रों से तुझ पर बोझ डाला, न बख़ूर की क़ुर्बानी से तंग किया।

24तू ने न मेरे लिए क़ीमती मसाला ख़रीदा, न मुझे अपनी क़ुर्बानियों की चर्बी से ख़ुश किया। इस के बरअक्स तू ने अपने गुनाहों से मुझ पर बोझ डाला और अपनी बुरी हरकतों से मुझे तंग किया।

25ताहम मैं, हाँ मैं ही अपनी ख़ातिर तेरे जराइम को मिटा देता और तेरे गुनाहों को ज़हन से निकाल देता हूँ।

26जा, कचहरी में मेरे ख़िलाफ़ मुक़द्दमा दाइर कर! आ, हम दोनों अदालत में हाज़िर हो जाएँ! अपना मुआमला पेश कर ताकि तू बेक़ुसूर साबित हो।

27शुरू में तेरे ख़ानदान के बानी ने गुनाह किया, और उस वक़्त से ले कर आज तक तेरे नुमाइन्दे मुझ से बेवफ़ा होते आए हैं।

28इस लिए मैं मक़्दिस के बुज़ुर्गों को यूँ रुसवा करूँगा कि उन की मुक़द्दस हालत जाती रहेगी, मैं याक़ूब की औलाद इस्राईल को मुकम्मल तबाही और लान-तान के लिए मख़्सूस करूँगा।