यसायाह 45:1-25 DGV - Bible AI

ख़ोरस रब का आला-ए-कार है

1रब अपने मसह किए हुए ख़ादिम ख़ोरस से फ़रमाता है, “मैं ने तेरे दहने हाथ को पकड़ लिया है, इस लिए जहाँ भी तू जाए वहाँ क़ौमें तेरे ताबे हो जाएँगी, बादशाहों की ताक़त जाती रहेगी, दरवाज़े खुल जाएंगे और शहर के दरवाज़े बन्द नहीं रहेंगे।

2मैं ख़ुद तेरे आगे आगे जा कर क़िलाबन्दियों को ज़मीनबोस कर दूँगा। मैं पीतल के दरवाज़े टुकड़े टुकड़े करके तमाम कुंडे तुड़वा दूँगा।

3मैं तुझे अंधेरे में छुपे ख़ज़ाने और पोशीदा माल-ओ-दौलत अता करूँगा ताकि तू जान ले कि मैं रब हूँ जो तेरा नाम ले कर तुझे बुलाता है, कि मैं इस्राईल का ख़ुदा हूँ।

4गो तू मुझे नहीं जानता था, लेकिन अपने ख़ादिम याक़ूब की ख़ातिर मैं ने तेरा नाम ले कर तुझे बुलाया, अपने बर्गुज़ीदा इस्राईल के वास्ते तुझे एज़ाज़ी नाम से नवाज़ा है।

5मैं ही रब हूँ, और मेरे सिवा कोई और ख़ुदा नहीं है। गो तू मुझे नहीं जानता था तो भी मैं तुझे कमरबस्ता करता हूँ

6ताकि मशरिक़ से मग़रिब तक इन्सान जान लें कि मेरे सिवा कोई और नहीं है। मैं ही रब हूँ, और मेरे सिवा कोई और नहीं है।

7मैं ही रौशनी को तश्कील देता और अंधेरे को वुजूद में लाता हूँ, मैं ही अच्छे और बुरे हालात पैदा करता, मैं रब ही यह सब कुछ करता हूँ।

8ऐ आसमान, रास्ती की बूँदा-बाँदी से ज़मीन को तर-ओ-ताज़ा कर! ऐ बादलो, सदाक़त बरसाओ! ज़मीन खुल कर नजात का फल लाए और रास्ती का पौदा फूटने दे। मैं रब ही उसे वुजूद में लाया हूँ।”

अपने ख़ालिक़ पर इल्ज़ाम लगाने वाले पर अफ़्सोस

9उस पर अफ़्सोस जो अपने ख़ालिक़ से झगड़ा करता है, गो वह मिट्टी के टूटे-फूटे बर्तनों का ठीकरा ही है। क्या गारा कुम्हार से पूछता है, “तू क्या बना रहा है?” क्या तेरी बनाई हुई कोई चीज़ तेरे बारे में शिकायत करती है, “उस की कोई ताक़त नहीं”?

10उस पर अफ़्सोस जो बाप से सवाल करे, “तू क्यूँ बाप बन रहा है?” या औरत से, “तू क्यूँ बच्चा जन्म दे रही है?”

11रब जो इस्राईल का क़ुद्दूस और उसे तश्कील देने वाला है फ़रमाता है, “तुम किस तरह मेरे बच्चों के बारे में मेरी पूछ-गछ कर सकते हो? जो कुछ मेरे हाथों ने बनाया उस के बारे में तुम कैसे मुझे हुक्म दे सकते हो?

12मैं ही ने ज़मीन को बना कर इन्सान को उस पर ख़ल्क़ किया। मेरे अपने हाथों ने आसमान को ख़ैमे की तरह उस के ऊपर तान लिया और मैं ही ने उस के सितारों के पूरे लश्कर को तरतीब दिया।

13मैं ही ने ख़ोरस को इन्साफ़ से जगा दिया, और मैं ही उस के तमाम रास्ते सीधे बना देता हूँ। वह मेरे शहर को नए सिरे से तामीर करेगा और मेरे जिलावतनों को आज़ाद करेगा। और यह सब कुछ मुफ़्त में होगा, न वह पैसे लेगा, न तोह्फ़े।” यह रब्ब-उल-अफ़्वाज का फ़रमान है।

रब वाहिद ख़ुदा है

14रब फ़रमाता है, “मिस्र की दौलत, एथोपिया का तिजारती माल और सिबा के दराज़क़द अफ़राद तेरे मातहत हो कर तेरी मिलकियत बन जाएंगे। वह तेरे पीछे चलेंगे, ज़न्जीरों में जकड़े तेरे ताबे हो जाएंगे। तेरे सामने झुक कर वह इल्तिमास करके कहेंगे, ‘यक़ीनन अल्लाह तेरे साथ है। उस के सिवा कोई और ख़ुदा है नहीं’।”

15ऐ इस्राईल के ख़ुदा और नजातदहिन्दा, यक़ीनन तू अपने आप को छुपाए रखने वाला ख़ुदा है।

16बुत बनाने वाले सब शर्मिन्दा हो जाएंगे। उन के मुँह काले हो जाएंगे, और वह मिल कर शर्मसार हालत में चले जाएंगे।

17लेकिन इस्राईल को छुटकारा मिलेगा, रब उसे अबदी नजात देगा। तब तुम्हारी रुस्वाई कभी नहीं होगी, तुम हमेशा तक शर्मिन्दा होने से मह्फ़ूज़ रहोगे।

18क्यूँकि रब फ़रमाता है, “मैं ही रब हूँ, और मेरे सिवा कोई और नहीं है! जो यह फ़रमाता है वह ख़ुदा है, जिस ने आसमान को ख़ल्क़ किया और ज़मीन को तश्कील दे कर मह्फ़ूज़ बुन्याद पर रखा। और ज़मीन सुन्सान बयाबान न रही बल्कि उस ने उसे बसने के क़ाबिल बना दिया ताकि जानदार उस में रह सकें।

19मैं ने पोशीदगी में या दुनिया के किसी तारीक कोने से बात नहीं की। मैं ने याक़ूब की औलाद से यह भी नहीं कहा, ‘बेशक मुझे तलाश करो, लेकिन तुम मुझे नहीं पाओगे।’ नहीं, मैं रब ही हूँ, जो इन्साफ़ बयान करता, सच्चाई का एलान करता है।

20तुम जो दीगर अक़्वाम से बच निकले हो आओ, जमा हो जाओ। मिल कर मेरे हुज़ूर हाज़िर हो जाओ! जो लकड़ी के बुत उठा कर अपने साथ लिए फिरते हैं वह कुछ नहीं जानते! जो देवता छुटकारा नहीं दे सकते उन से वह क्यूँ इल्तिजा करते हैं?

21आओ, अपना मुआमला सुनाओ, अपने दलाइल पेश करो! बेशक पहले एक दूसरे से मश्वरा करो। किस ने बड़ी देर पहले यह कुछ सुनाया था? क्या मैं, रब ने तवील अर्सा पहले इस का एलान नहीं किया था? क्यूँकि मेरे सिवा कोई और ख़ुदा नहीं है। मैं रास्त ख़ुदा और नजातदहिन्दा हूँ। मेरे सिवा कोई और नहीं है।

22ऐ ज़मीन की इन्तिहाओ, सब मेरी तरफ़ रुजू करके नजात पाओ! क्यूँकि मैं ही ख़ुदा हूँ, मेरे सिवा कोई और नहीं है।

23मैं ने अपने नाम की क़सम खा कर फ़रमाया है, और मेरा फ़रमान रास्त है, वह कभी मन्सूख़ नहीं होगा। फ़रमान यह है कि मेरे सामने हर घुटना झुकेगा और हर ज़बान मेरी क़सम खा कर

24कहेगी, ‘रब ही रास्ती और क़ुव्वत का मम्बा है’!”

24जो पहले तैश में आ कर रब की मुख़ालफ़त करते थे वह भी सब शर्मिन्दा हो कर उस के हुज़ूर आएँगे।

25लेकिन इस्राईल की तमाम औलाद रब में रास्तबाज़ ठहर कर उस पर फ़ख़र करेगी।