यसायाह 48:1-22 DGV - Bible AI

रब अपने नाम की ख़ातिर इस्राईल को बचाएगा

1ऐ याक़ूब के घराने, सुनो! तुम जो इस्राईल कहलाते और यहूदाह के क़बीले के हो, ध्यान दो! तुम जो रब के नाम की क़सम खा कर इस्राईल के ख़ुदा को याद करते हो, अगरचे तुम्हारी बात न सच्चाई, न इन्साफ़ पर मब्नी है, ग़ौर करो!

2हाँ तवज्जुह दो, तुम जो मुक़द्दस शहर के लोग कहलाते और इस्राईल के ख़ुदा पर एतिमाद करते हो, सुनो कि अल्लाह जिस का नाम रब्ब-उल-अफ़्वाज है क्या फ़रमाता है।

3जो कुछ पेश आया है उस का एलान मैं ने बड़ी देर पहले किया। मेरे ही मुँह से उस की पेशगोई सादिर हुई, मैं ही ने उस की इत्तिला दी। फिर अचानक ही मैं उसे अमल में लाया और वह वुक़ूपज़ीर हुआ।

4मैं जानता था कि तू कितना ज़िद्दी है। तेरे गले की नसें लोहे जैसी बेलचक और तेरी पेशानी पीतल जैसी सख़्त है।

5यह जान कर मैं ने बड़ी देर पहले इन बातों की पेशगोई की। उन के पेश आने से पहले मैं ने तुझे उन की ख़बर दी ताकि तू दावा न कर सके, ‘मेरे बुत ने यह कुछ किया, मेरे तराशे और ढाले गए देवता ने इस का हुक्म दिया।’

6अब जब तू ने यह सुन लिया है तो सब कुछ पर ग़ौर कर। तू क्यूँ इन बातों को मानने के लिए तय्यार नहीं?

6अब से मैं तुझे नई नई बातें बताऊँगा, ऐसी पोशीदा बातें जो तुझे अब तक मालूम न थीं।

7यह किसी क़दीम ज़माने में वुजूद में नहीं आईं बल्कि अभी अभी आज ही तेरे इल्म में आई हैं। क्यूँकि मैं नहीं चाहता था कि तू कहे, ‘मुझे पहले से इस का इल्म था।’

8चुनाँचे न यह बातें तेरे कान तक पहुँची हैं, न तू इन का इल्म रखता है, बल्कि क़दीम ज़माने से ही तेरा कान यह सुन नहीं सकता था। क्यूँकि मैं जानता था कि तू सरासर बेवफ़ा है, कि पैदाइश से ही नमकहराम कहलाता है।

9तो भी मैं अपने नाम की ख़ातिर अपना ग़ज़ब नाज़िल करने से बाज़ रहता, अपनी तम्जीद की ख़ातिर अपने आप को तुझे नेस्त-ओ-नाबूद करने से रोके रखता हूँ।

10देख, मैं ने तुझे पाक-साफ़ कर दिया है, लेकिन चाँदी को साफ़ करने की कुठाली में नहीं बल्कि मुसीबत की भट्टी में। उसी में मैं ने तुझे आज़माया है।

11अपनी ख़ातिर, हाँ अपनी ही ख़ातिर मैं यह सब कुछ करता हूँ, ऐसा न हो कि मेरे नाम की बेहुरमती हो जाए। क्यूँकि मैं इजाज़त नहीं दूँगा कि किसी और को वह जलाल दिया जाए जिस का सिर्फ़ मैं हक़दार हूँ।

रब इस्राईल का नजातदहिन्दा है

12ऐ याक़ूब की औलाद, मेरी सुन! ऐ मेरे बर्गुज़ीदा इस्राईल, ध्यान दे! मैं ही वही हूँ। मैं ही अव्वल-ओ-आख़िर हूँ।

13मेरे ही हाथ ने ज़मीन की बुन्याद रखी, मेरे ही दहने हाथ ने आसमान को ख़ैमे की तरह तान लिया। जब मैं आवाज़ देता हूँ तो सब मिल कर खड़े हो जाते हैं।

14आओ, सब जमा हो कर सुनो! बुतों में से किस ने इस की पेशगोई की? किसी ने नहीं! जिस आदमी को रब प्यार करता है वह बाबल के ख़िलाफ़ उस की मर्ज़ी पूरी करेगा, बाबलियों पर उस की क़ुव्वत का इज़हार करेगा।

15मैं, हाँ मैं ही ने यह फ़रमाया। मैं ही उसे बुला कर यहाँ लाया हूँ, इस लिए वह ज़रूर कामयाब होगा।

16मेरे क़रीब आ कर सुनो! शुरू से मैं ने अलानिया बात की, जब से यह पेश आया मैं हाज़िर हूँ।”

16और अब रब क़ादिर-ए-मुतलक़ और उस के रूह ने मुझे भेजा है।

17रब जो तेरा छुड़ाने वाला और इस्राईल का क़ुद्दूस है फ़रमाता है, “मैं रब तेरा ख़ुदा हूँ। मैं तुझे वह कुछ सिखाता हूँ जो मुफ़ीद है और तुझे उन राहों पर चलने देता हूँ जिन पर तुझे चलना है।

18काश तू मेरे अह्काम पर ध्यान देता! तब तेरी सलामती बहते दरया जैसी और तेरी रास्तबाज़ी समुन्दर की मौजों जैसी होती।

19तेरी औलाद रेत की मानिन्द होती, तेरे पेट का फल रेत के ज़र्रों जैसा अनगिनत होता। इस का इम्कान ही न होता कि तेरा नाम-ओ-निशान मेरे सामने से मिट जाए।”

20बाबल से निकल जाओ! बाबलियों के बीच में से हिज्रत करो! ख़ुशी के नारे लगा लगा कर एलान करो, दुनिया की इन्तिहा तक ख़ुशख़बरी फैलाते जाओ कि रब ने इवज़ाना दे कर अपने ख़ादिम याक़ूब को छुड़ाया है।

21उन्हें प्यास न लगी जब उस ने उन्हें रेगिस्तान में से गुज़रने दिया। उस के हुक्म पर पत्थर में से पानी बह निकला। जब उस ने चटान को चीर डाला तो पानी फूट निकला।

22लेकिन रब फ़रमाता है कि बेदीन सलामती नहीं पाएँगे।