रोमियों 1:1-32 DGV - Bible AI

सलाम

1यह ख़त मसीह ईसा के ग़ुलाम पौलुस की तरफ़ से है जिसे रसूल होने के लिए बुलाया और अल्लाह की ख़ुशख़बरी की मुनादी करने के लिए अलग किया गया है।

2पाक नविश्तों में दर्ज इस ख़ुशख़बरी का वादा अल्लाह ने पहले ही अपने नबियों से कर रखा था।

3और यह पैग़ाम उस के फ़र्ज़न्द ईसा के बारे में है। इन्सानी लिहाज़ से वह दाऊद की नस्ल से पैदा हुआ,

4जबकि रूह-उल-क़ुद्स के लिहाज़ से वह क़ुदरत के साथ अल्लाह का फ़र्ज़न्द ठहरा जब वह मुर्दों में से जी उठा। यह है हमारे ख़ुदावन्द ईसा मसीह के बारे में अल्लाह की ख़ुशख़बरी।

5मसीह से हमें रसूली इख़तियार का यह फ़ज़्ल हासिल हुआ है कि हम तमाम ग़ैरयहूदियों में मुनादी करें ताकि वह ईमान ला कर उस के ताबे हो जाएँ और यूँ मसीह के नाम को जलाल मिले।

6आप भी उन ग़ैरयहूदियों में से हैं, जो ईसा मसीह के बुलाए हुए हैं।

7मैं आप सब को लिख रहा हूँ जो रोम में अल्लाह के प्यारे हैं और मख़्सूस-ओ-मुक़द्दस होने के लिए बुलाए गए हैं। ख़ुदा हमारा बाप और ख़ुदावन्द ईसा मसीह आप को फ़ज़्ल और सलामती अता करें।

रोम जाने की आर्ज़ू

8अव्वल, मैं आप सब के लिए ईसा मसीह के वसीले से अपने ख़ुदा का शुक्र करता हूँ, क्यूँकि पूरी दुनिया में आप के ईमान का चर्चा हो रहा है।

9ख़ुदा ही मेरा गवाह है जिस की ख़िदमत मैं अपनी रूह में करता हूँ जब मैं उस के फ़र्ज़न्द के बारे में ख़ुशख़बरी फैलाता हूँ, मैं लगातार आप को याद करता रहता हूँ

10और हर वक़्त अपनी दुआओं में मिन्नत करता हूँ कि अल्लाह मुझे आख़िरकार आप के पास आने की कामयाबी अता करे।

11क्यूँकि मैं आप से मिलने का आरज़ूमन्द हूँ। मैं चाहता हूँ कि मेरे ज़रीए आप को कुछ रूहानी बरकत मिल जाए और यूँ आप मज़बूत हो जाएँ।

12यानी आने का मक़्सद यह है कि मेरे ईमान से आप की हौसलाअफ़्ज़ाई की जाए और इसी तरह आप के ईमान से मेरा हौसला भी बढ़ जाए।

13भाइयो, आप के इल्म में हो कि मैं ने बहुत दफ़ा आप के पास आने का इरादा किया। क्यूँकि जिस तरह दीगर ग़ैरयहूदी अक़्वाम में मेरी ख़िदमत से फल पैदा हुआ है उसी तरह आप में भी फल देखना चाहता हूँ। लेकिन आज तक मुझे रोका गया है।

14बात यह है कि यह ख़िदमत सरअन्जाम देना मेरा फ़र्ज़ है, ख़्वाह यूनानियों में हो या ग़ैरयूनानियों में, ख़्वाह दानाओं में हो या नादानों में।

15यही वजह है कि मैं आप को भी जो रोम में रहते हैं अल्लाह की ख़ुशख़बरी सुनाने का मुश्ताक़ हूँ।

अल्लाह की ख़ुशख़बरी की क़ुदरत

16मैं तो ख़ुशख़बरी के सबब से शर्माता नहीं, क्यूँकि यह अल्लाह की क़ुदरत है जो हर एक को जो ईमान लाता है नजात देती है, पहले यहूदियों को, फिर ग़ैरयहूदियों को।

17क्यूँकि इस ख़ुशख़बरी में अल्लाह की ही रास्तबाज़ी ज़ाहिर होती है, वह रास्तबाज़ी जो शुरू से आख़िर तक ईमान पर मब्नी है। यही बात कलाम-ए-मुक़द्दस में दर्ज है जब लिखा है, “रास्तबाज़ ईमान ही से जीता रहेगा।”

इन्सान पर अल्लाह का ग़ज़ब

18लेकिन अल्लाह का ग़ज़ब आसमान पर से उन तमाम बेदीन और नारास्त लोगों पर नाज़िल होता है जो सच्चाई को अपनी नारास्ती से दबाए रखते हैं।

19जो कुछ अल्लाह के बारे में मालूम हो सकता है वह तो उन पर ज़ाहिर है, हाँ अल्लाह ने ख़ुद यह उन पर ज़ाहिर किया है।

20क्यूँकि दुनिया की तख़्लीक़ से ले कर आज तक इन्सान अल्लाह की अनदेखी फ़ितरत यानी उस की अज़ली क़ुदरत और उलूहियत मख़्लूक़ात का मुशाहदा करने से पहचान सकता है। इस लिए उन के पास कोई उज़्र नहीं।

21अल्लाह को जानने के बावुजूद उन्हों ने उसे वह जलाल न दिया जो उस का हक़ है, न उस का शुक्र अदा किया बल्कि वह बातिल ख़यालात में पड़ गए और उन के बेसमझ दिलों पर तारीकी छा गई।

22वह दावा तो करते थे कि हम दाना हैं, लेकिन अहमक़ साबित हुए।

23यूँ उन्हों ने ग़ैरफ़ानी ख़ुदा को जलाल देने के बजाए ऐसे बुतों की पूजा की जो फ़ानी इन्सान, परिन्दों, चौपाइयों और रेंगने वाले जानवरों की सूरत में बनाए गए थे।

24इस लिए अल्लाह ने उन्हें उन नजिस कामों में छोड़ दिया जो उन के दिल करना चाहते थे। नतीजे में उन के जिस्म एक दूसरे से बेहुर्मत होते रहे।

25हाँ, उन्हों ने अल्लाह के बारे में सच्चाई को रद्द करके झूट को अपना लिया और मख़्लूक़ात की परस्तिश और ख़िदमत की, न कि ख़ालिक़ की, जिस की तारीफ़ अबद तक होती रहे, आमीन।

26यही वजह है कि अल्लाह ने उन्हें उन की शर्मनाक शहवतों में छोड़ दिया। उन की ख़वातीन ने फ़ितरती जिन्सी ताल्लुक़ात के बजाए ग़ैरफ़ितरती ताल्लुक़ात रखे।

27इसी तरह मर्द ख़वातीन के साथ फ़ितरती ताल्लुक़ात छोड़ कर एक दूसरे की शहवत में मस्त हो गए। मर्दों ने मर्दों के साथ बेहया हरकतें करके अपने बदनों में अपनी इस गुमराही का मुनासिब बदला पाया।

28और चूँकि उन्हों ने अल्लाह को जानने से इन्कार कर दिया इस लिए उस ने उन्हें उन की मकरूह सोच में छोड़ दिया। और इस लिए वह ऐसी हरकतें करते रहते हैं जो कभी नहीं करनी चाहिएँ।

29वह हर तरह की नारास्ती, शर, लालच और बुराई से भरे हुए हैं। वह हसद, ख़ूँरेज़ी, झगड़े, फ़रेब और कीनावरी से लबरेज़ हैं। वह चुग़ली खाने वाले,

30तोहमत लगाने वाले, अल्लाह से नफ़रत करने वाले, सरकश, मग़रूर, शेख़ीबाज़, बदी को ईजाद करने वाले, माँ-बाप के नाफ़रमान,

31बेसमझ, बेवफ़ा, संगदिल और बेरहम हैं।

32अगरचे वह अल्लाह का फ़रमान जानते हैं कि ऐसा करने वाले सज़ा-ए-मौत के मुस्तहिक़ हैं तो भी वह ऐसा करते हैं। न सिर्फ़ यह बल्कि वह ऐसा करने वाले दीगर लोगों को शाबाश भी देते हैं।