हिज़्क़ीएल 20:1-49 DGV - Bible AI

इस्राईल की मुसलसल बेवफ़ाई

1यहूदाह के बादशाह यहूयाकीन की जिलावतनी के सातवें साल में इस्राईली क़ौम के कुछ बुज़ुर्ग मेरे पास आए ताकि रब से कुछ दरयाफ़्त करें। पाँचवें महीने का दसवाँ दिन[८] था। वह मेरे सामने बैठ गए।

2तब रब मुझ से हमकलाम हुआ,

3“ऐ आदमज़ाद, इस्राईल के बुज़ुर्गों को बता,

3‘रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है कि क्या तुम मुझ से दरयाफ़्त करने आए हो? मेरी हयात की क़सम, मैं तुम्हें कोई जवाब नहीं दूँगा! यह रब क़ादिर-ए-मुतलक़ का फ़रमान है।’

4ऐ आदमज़ाद, क्या तू उन की अदालत करने के लिए तय्यार है? फिर उन की अदालत कर! उन्हें उन के बापदादा की क़ाबिल-ए-घिन हरकतों का एहसास दिला।

5उन्हें बता, ‘रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है कि इस्राईली क़ौम को चुनते वक़्त मैं ने अपना हाथ उठा कर उस से क़सम खाई। मुल्क-ए-मिस्र में ही मैं ने अपने आप को उन पर ज़ाहिर किया और क़सम खा कर कहा कि मैं रब तुम्हारा ख़ुदा हूँ।

6यह मेरा अटल वादा है कि मैं तुम्हें मिस्र से निकाल कर एक मुल्क में पहुँचा दूँगा जिस का जाइज़ा मैं तुम्हारी ख़ातिर ले चुका हूँ। यह मुल्क दीगर तमाम ममालिक से कहीं ज़्यादा ख़ूबसूरत है, और इस में दूध और शहद की कस्रत है।

7उस वक़्त मैं ने इस्राईलियों से कहा, “हर एक अपने घिनौने बुतों को फैंक दे! मिस्र के देवताओं से लिपटे न रहो, क्यूँकि उन से तुम अपने आप को नापाक कर रहे हो। मैं रब तुम्हारा ख़ुदा हूँ।”

8लेकिन वह मुझ से बाग़ी हुए और मेरी सुनने के लिए तय्यार न थे। किसी ने भी अपने बुतों को न फैंका बल्कि वह इन घिनौनी चीज़ों से लिपटे रहे और मिस्री देवताओं को तर्क न किया। यह देख कर मैं वहीं मिस्र में अपना ग़ज़ब उन पर नाज़िल करना चाहता था। उसी वक़्त मैं अपना ग़ुस्सा उन पर उतारना चाहता था।

9लेकिन मैं बाज़ रहा, क्यूँकि मैं नहीं चाहता था कि जिन अक़्वाम के दरमियान इस्राईली रहते थे उन के सामने मेरे नाम की बेहुरमती हो जाए। क्यूँकि उन क़ौमों की मौजूदगी में ही मैं ने अपने आप को इस्राईलियों पर ज़ाहिर करके वादा किया था कि मैं तुम्हें मिस्र से निकाल लाऊँगा।

10चुनाँचे मैं उन्हें मिस्र से निकाल कर रेगिस्तान में लाया।

11वहाँ मैं ने उन्हें अपनी हिदायात दीं, वह अह्काम जिन की पैरवी करने से इन्सान जीता रहता है।

12मैं ने उन्हें सबत का दिन भी अता किया। मैं चाहता था कि आराम का यह दिन मेरे उन के साथ अह्द का निशान हो, कि इस से लोग जान लें कि मैं रब ही उन्हें मुक़द्दस बनाता हूँ।

13लेकिन रेगिस्तान में भी इस्राईली मुझ से बाग़ी हुए। उन्हों ने मेरी हिदायात के मुताबिक़ ज़िन्दगी न गुज़ारी बल्कि मेरे अह्काम को मुस्तरद कर दिया, हालाँकि इन्सान उन की पैरवी करने से ही जीता रहता है। उन्हों ने सबत की भी बड़ी बेहुरमती की। यह देख कर मैं अपना ग़ज़ब उन पर नाज़िल करके उन्हें वहीं रेगिस्तान में हलाक करना चाहता था।

14ताहम मैं बाज़ रहा, क्यूँकि मैं नहीं चाहता था कि उन अक़्वाम के सामने मेरे नाम की बेहुरमती हो जाए जिन के देखते देखते मैं इस्राईलियों को मिस्र से निकाल लाया था।

15चुनाँचे मैं ने यह करने के बजाए अपना हाथ उठा कर क़सम खाई, “मैं तुम्हें उस मुल्क में नहीं ले जाऊँगा जो मैं ने तुम्हारे लिए मुक़र्रर किया था, हालाँकि उस में दूध और शहद की कस्रत है और वह दीगर तमाम ममालिक की निस्बत कहीं ज़्यादा ख़ूबसूरत है।

16क्यूँकि तुम ने मेरी हिदायात को रद्द करके मेरे अह्काम के मुताबिक़ ज़िन्दगी न गुज़ारी बल्कि सबत के दिन की भी बेहुरमती की। अभी तक तुम्हारे दिल बुतों से लिपटे रहते हैं।”

17लेकिन एक बार फिर मैं ने उन पर तरस खाया। न मैं ने उन्हें तबाह किया, न पूरी क़ौम को रेगिस्तान में मिटा दिया।

18रेगिस्तान में ही मैं ने उन के बेटों को आगाह किया, “अपने बापदादा के क़वाइद के मुताबिक़ ज़िन्दगी मत गुज़ारना। न उन के अह्काम पर अमल करो, न उन के बुतों की पूजा से अपने आप को नापाक करो।

19मैं रब तुम्हारा ख़ुदा हूँ। मेरी हिदायात के मुताबिक़ ज़िन्दगी गुज़ारो और एहतियात से मेरे अह्काम पर अमल करो।

20मेरे सबत के दिन आराम करके उन्हें मुक़द्दस मानो ताकि वह मेरे साथ बंधे हुए अह्द का निशान रहें। तब तुम जान लोगे कि मैं रब तुम्हारा ख़ुदा हूँ।”

21लेकिन यह बच्चे भी मुझ से बाग़ी हुए। न उन्हों ने मेरी हिदायात के मुताबिक़ ज़िन्दगी गुज़ारी, न एहतियात से मेरे अह्काम पर अमल किया, हालाँकि इन्सान उन की पैरवी करने से ही जीता रहता है। उन्हों ने मेरे सबत के दिनों की भी बेहुरमती की। यह देख कर मैं अपना ग़ुस्सा उन पर नाज़िल करके उन्हें वहीं रेगिस्तान में तबाह करना चाहता था।

22लेकिन एक बार फिर मैं अपने हाथ को रोक कर बाज़ रहा, क्यूँकि मैं नहीं चाहता था कि उन अक़्वाम के सामने मेरे नाम की बेहुरमती हो जाए जिन के देखते देखते मैं इस्राईलियों को मिस्र से निकाल लाया था।

23चुनाँचे मैं ने यह करने के बजाए अपना हाथ उठा कर क़सम खाई, “मैं तुम्हें दीगर अक़्वाम-ओ-ममालिक में मुन्तशिर करूँगा,

24क्यूँकि तुम ने मेरे अह्काम की पैरवी नहीं की बल्कि मेरी हिदायात को रद्द कर दिया। गो मैं ने सबत का दिन मानने का हुक्म दिया था तो भी तुम ने आराम के इस दिन की बेहुरमती की। और यह भी काफ़ी नहीं था बल्कि तुम अपने बापदादा के बुतों के भी पीछे लगे रहे।”

25तब मैं ने उन्हें ऐसे अह्काम दिए जो अच्छे नहीं थे, ऐसी हिदायात जो इन्सान को जीने नहीं देतीं।

26नीज़, मैं ने होने दिया कि वह अपने पहलौठों को क़ुर्बान करके अपने आप को नापाक करें। मक़्सद यह था कि उन के रोंगटे खड़े हो जाएँ और वह जान लें कि मैं ही रब हूँ।’

27चुनाँचे ऐ आदमज़ाद, इस्राईली क़ौम को बता, ‘रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है कि तुम्हारे बापदादा ने इस में भी मेरी तक्फ़ीर की कि वह मुझ से बेवफ़ा हुए।

28मैं ने तो उन से मुल्क-ए-इस्राईल देने की क़सम खा कर वादा किया था। लेकिन जूँ ही मैं उन्हें उस में लाया तो जहाँ भी कोई ऊँची जगह या सायादार दरख़्त नज़र आया वहाँ वह अपने जानवरों को ज़बह करने, तैश दिलाने वाली क़ुर्बानियाँ चढ़ाने, ख़ुश्बूदार बख़ूर जलाने और मै की नज़रें पेश करने लगे।

29मैं ने उन का सामना करके कहा, “यह किस तरह की ऊँची जगहें हैं जहाँ तुम जाते हो?” आज तक यह क़ुर्बानगाहें ऊँची जगहें कहलाती हैं।’

30ऐ आदमज़ाद, इस्राईली क़ौम को बता, ‘रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है कि क्या तुम अपने बापदादा की हरकतें अपना कर अपने आप को नापाक करना चाहते हो? क्या तुम भी उन के घिनौने बुतों के पीछे लग कर ज़िना करना चाहते हो?

31क्यूँकि अपने नज़राने पेश करने और अपने बच्चों को क़ुर्बान करने से तुम अपने आप को अपने बुतों से आलूदा करते हो। ऐ इस्राईली क़ौम, आज तक यही तुम्हारा रवय्या है! तो फिर मैं क्या करूँ? क्या मुझे तुम्हें जवाब देना चाहिए जब तुम मुझ से कुछ दरयाफ़्त करने के लिए आते हो? हरगिज़ नहीं! मेरी हयात की क़सम, मैं तुम्हें जवाब में कुछ नहीं बताऊँगा। यह रब क़ादिर-ए-मुतलक़ का फ़रमान है।

अल्लाह अपनी क़ौम को वापस लाएगा

32तुम कहते हो, “हम दीगर क़ौमों की मानिन्द होना चाहते, दुनिया के दूसरे ममालिक की तरह लकड़ी और पत्थर की चीज़ों की इबादत करना चाहते हैं।” गो यह ख़याल तुम्हारे ज़हनों में उभर आया है, लेकिन ऐसा कभी नहीं होगा।

33रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है कि मेरी हयात की क़सम, मैं बड़े ग़ुस्से और ज़ोरदार तरीक़े से अपनी क़ुदरत का इज़हार करके तुम पर हुकूमत करूँगा।

34मैं बड़े ग़ुस्से और ज़ोरदार तरीक़े से अपनी क़ुदरत का इज़हार करके तुम्हें उन क़ौमों और ममालिक से निकाल कर जमा करूँगा जहाँ तुम मुन्तशिर हो गए हो।

35तब मैं तुम्हें अक़्वाम के रेगिस्तान में ला कर तुम्हारे रू-ब-रू तुम्हारी अदालत करूँगा।

36जिस तरह मैं ने तुम्हारे बापदादा की अदालत मिस्र के रेगिस्तान में की उसी तरह तुम्हारी भी अदालत करूँगा। यह रब क़ादिर-ए-मुतलक़ का फ़रमान है।

37जिस तरह गल्लाबान भेड़-बकरियों को अपनी लाठी के नीचे से गुज़रने देता है ताकि उन्हें गिन ले उसी तरह मैं तुम्हें अपनी लाठी के नीचे से गुज़रने दूँगा और तुम्हें अह्द के बंधन में शरीक करूँगा।

38जो बेवफ़ा हो कर मुझ से बाग़ी हो गए हैं उन्हें मैं तुम से दूर कर दूँगा ताकि तुम पाक हो जाओ। अगरचे मैं उन्हें भी उन दीगर ममालिक से निकाल लाऊँगा जिन में वह रह रहे हैं तो भी वह मुल्क-ए-इस्राईल में दाख़िल नहीं होंगे। तब तुम जान लोगे कि मैं ही रब हूँ।

39ऐ इस्राईली क़ौम, तुम्हारे बारे में रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है कि जाओ, हर एक अपने बुतों की इबादत करता जाए! लेकिन एक वक़्त आएगा जब तुम ज़रूर मेरी सुनोगे, जब तुम अपनी क़ुर्बानियों और बुतों की पूजा से मेरे मुक़द्दस नाम की बेहुरमती नहीं करोगे।

40क्यूँकि रब फ़रमाता है कि आइन्दा पूरी इस्राईली क़ौम मेरे मुक़द्दस पहाड़ यानी इस्राईल के बुलन्द पहाड़ सिय्यून पर मेरी ख़िदमत करेगी। वहाँ मैं ख़ुशी से उन्हें क़बूल करूँगा, और वहाँ मैं तुम्हारी क़ुर्बानियाँ, तुम्हारे पहले फल और तुम्हारे तमाम मुक़द्दस हदिए तलब करूँगा।

41मेरे तुम्हें उन अक़्वाम और ममालिक से निकाल कर जमा करने के बाद जिन में तुम मुन्तशिर हो गए हो तुम इस्राईल में मुझे क़ुर्बानियाँ पेश करोगे, और मैं उन की ख़ुश्बू सूँघ कर ख़ुशी से तुम्हें क़बूल करूँगा। यूँ मैं तुम्हारे ज़रीए दीगर अक़्वाम पर ज़ाहिर करूँगा कि मैं क़ुद्दूस ख़ुदा हूँ।

42तब जब मैं तुम्हें मुल्क-ए-इस्राईल यानी उस मुल्क में लाऊँगा जिस का वादा मैं ने क़सम खा कर तुम्हारे बापदादा से किया था तो तुम जान लोगे कि मैं ही रब हूँ।

43वहाँ तुम्हें अपना वह चाल-चलन और अपनी वह हरकतें याद आएँगी जिन से तुम ने अपने आप को नापाक कर दिया था, और तुम अपने तमाम बुरे आमाल के बाइस अपने आप से घिन खाओगे।

44ऐ इस्राईली क़ौम, तुम जान लोगे कि मैं रब हूँ जब मैं अपने नाम की ख़ातिर नर्मी से तुम से पेश आऊँगा, हालाँकि तुम अपने बुरे सुलूक और तबाहकुन हरकतों की वजह से सख़्त सज़ा के लाइक़ थे। यह रब क़ादिर-ए-मुतलक़ का फ़रमान है’।”

जंगल में आग लगने की तम्सील

45रब मुझ से हमकलाम हुआ,

46“ऐ आदमज़ाद, जुनूब की तरफ़ रुख़ करके उस के ख़िलाफ़ नबुव्वत कर! दश्त-ए-नजब के जंगल के ख़िलाफ़ नबुव्वत करके

47उसे बता, ‘रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है कि मैं तुझ में ऐसी आग लगाने वाला हूँ जो तेरे तमाम दरख़्तों को भस्म करेगी, ख़्वाह वह हरे-भरे या सूखे हुए हों। इस आग के भड़कते शोले नहीं बुझेंगे बल्कि जुनूब से ले कर शिमाल तक हर चेहरे को झुलसा देंगे।

48हर एक को नज़र आएगा कि यह आग मेरे, रब के हाथ ने लगाई है। यह बुझेगी नहीं’।”

49यह सुन कर मैं बोला, “ऐ क़ादिर-ए-मुतलक़, यह बताने का क्या फ़ाइदा है? लोग पहले से मेरे बारे में कहते हैं कि यह हमेशा नाक़ाबिल-ए-समझ तम्सीलें पेश करता है।”