हिज़्क़ीएल 34:1-31 DGV - Bible AI

इस्राईल के बेपरवा गल्लाबान

1रब मुझ से हमकलाम हुआ,

2“ऐ आदमज़ाद, इस्राईल के गल्लाबानों के ख़िलाफ़ नबुव्वत कर! उन्हें बता,

2‘रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है कि इस्राईल के गल्लाबानों पर अफ़्सोस जो सिर्फ़ अपनी ही फ़िक्र करते हैं। क्या गल्लाबान को रेवड़ की फ़िक्र नहीं करनी चाहिए?

3तुम भेड़-बकरियों का दूध पीते, उन की ऊन के कपड़े पहनते और बेहतरीन जानवरों का गोश्त खाते हो। तो भी तुम रेवड़ की देख-भाल नहीं करते!

4न तुम ने कमज़ोरों को तक़वियत, न बीमारों को शिफ़ा दी या ज़ख़्मियों की मर्हम-पट्टी की। न तुम आवारा फिरने वालों को वापस लाए, न गुमशुदा जानवरों को तलाश किया बल्कि सख़्ती और ज़ालिमाना तरीक़े से उन पर हुकूमत करते रहे।

5गल्लाबान न होने की वजह से भेड़-बकरियाँ तित्तर-बित्तर हो कर दरिन्दों का शिकार हो गईं।

6मेरी भेड़-बकरियाँ तमाम पहाड़ों और बुलन्द जगहों पर आवारा फिरती रहीं। सारी ज़मीन पर वह मुन्तशिर हो गईं, और कोई नहीं था जो उन्हें ढूँड कर वापस लाता।

7चुनाँचे ऐ गल्लाबानो, रब का जवाब सुनो!

8रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है कि मेरी हयात की क़सम, मेरी भेड़-बकरियाँ लुटेरों का शिकार और तमाम दरिन्दों की ग़िज़ा बन गई हैं। उन की देख-भाल करने वाला कोई नहीं है। मेरे गल्लाबान मेरे रेवड़ को ढूँड कर वापस नहीं लाते बल्कि सिर्फ़ अपना ही ख़याल करते हैं।

9चुनाँचे ऐ गल्लाबानो, रब का जवाब सुनो!

10रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है कि मैं गल्लाबानों से निपट कर उन्हें अपनी भेड़-बकरियों के लिए ज़िम्मादार ठहराऊँगा। तब मैं उन्हें गल्लाबानी की ज़िम्मादारी से फ़ारिग़ करूँगा ताकि सिर्फ़ अपना ही ख़याल करने का सिलसिला ख़त्म हो जाए। मैं अपनी भेड़-बकरियों को उन के मुँह से निकाल कर बचाऊँगा ताकि आइन्दा वह उन्हें न खाएँ।

अल्लाह अच्छा चरवाहा है

11रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है कि आइन्दा मैं ख़ुद अपनी भेड़-बकरियों को ढूँड कर वापस लाऊँगा, ख़ुद उन की देख-भाल करूँगा।

12जिस तरह चरवाहा चारों तरफ़ बिखरी हुई अपनी भेड़-बकरियों को इकट्ठा करके उन की देख-भाल करता है उसी तरह मैं अपनी भेड़-बकरियों की देख-भाल करूँगा। मैं उन्हें उन तमाम मक़ामों से निकाल कर बचाऊँगा जहाँ उन्हें घने बादलों और तारीकी के दिन मुन्तशिर कर दिया गया था।

13मैं उन्हें दीगर अक़्वाम और ममालिक में से निकाल कर जमा करूँगा और उन्हें उन के अपने मुल्क में वापस ला कर इस्राईल के पहाड़ों, घाटियों और तमाम आबादियों में चराऊँगा।

14तब मैं अच्छी चरागाहों में उन की देख-भाल करूँगा, और वह इस्राईल की बुलन्दियों पर ही चरेंगी। वहाँ वह सरसब्ज़ मैदानों में आराम करके इस्राईल के पहाड़ों पर बेहतरीन घास चरेंगी।

15रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है कि मैं ख़ुद अपनी भेड़-बकरियों की देख-भाल करूँगा, ख़ुद उन्हें बिठाऊँगा।

16मैं गुमशुदा भेड़-बकरियों का खोज लगाऊँगा और आवारा फिरने वालों को वापस लाऊँगा। मैं ज़ख़्मियों की मर्हम-पट्टी करूँगा और कमज़ोरों को तक़वियत दूँगा। लेकिन मोटे-ताज़े और ताक़तवर जानवरों को मैं ख़त्म करूँगा। मैं इन्साफ़ से रेवड़ की गल्लाबानी करूँगा।

17रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है कि ऐ मेरे रेवड़, जहाँ भेड़ों, मेंढों और बकरों के दरमियान नाइन्साफ़ी है वहाँ मैं उन की अदालत करूँगा।

18क्या यह तुम्हारे लिए काफ़ी नहीं कि तुम्हें खाने के लिए चरागाह का बेहतरीन हिस्सा और पीने के लिए साफ़-शफ़्फ़ाफ़ पानी मिल गया है? तुम बाक़ी चरागाह को क्यूँ रौंदते और बाक़ी पानी को पाँओ से गदला करते हो?

19मेरा रेवड़ क्यूँ तुम से कुचली हुई घास खाए और तुम्हारा गदला किया हुआ पानी पिए?

20रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है कि जहाँ मोटी और दुबली भेड़-बकरियों के दरमियान नाइन्साफ़ी है वहाँ मैं ख़ुद फ़ैसला करूँगा।

21क्यूँकि तुम मोटी भेड़ों ने कमज़ोरों को कंधों से धक्का दे कर और सींगों से मार मार कर अच्छी घास से भगा दिया है।

22लेकिन मैं अपनी भेड़-बकरियों को तुम से बचा लूँगा। आइन्दा उन्हें लूटा नहीं जाएगा बल्कि मैं ख़ुद उन में इन्साफ़ क़ाइम रखूँगा।

अम्न-ओ-अमान की सल्तनत

23मैं उन पर एक ही गल्लाबान यानी अपने ख़ादिम दाऊद को मुक़र्रर करूँगा जो उन्हें चरा कर उन की देख-भाल करेगा। वही उन का सहीह चरवाहा रहेगा।

24मैं, रब उन का ख़ुदा हूँगा और मेरा ख़ादिम दाऊद उन के दरमियान उन का हुक्मरान होगा। यह मेरा, रब का फ़रमान है।

25मैं इस्राईलियों के साथ सलामती का अह्द बांध कर दरिन्दों को मुल्क से निकाल दूँगा। फिर वह हिफ़ाज़त से सो सकेंगे, ख़्वाह रेगिस्तान में हों या जंगल में।

26मैं उन्हें और अपने पहाड़ के इर्दगिर्द के इलाक़े को बरकत दूँगा। मैं मुल्क में वक़्त पर बारिश बरसाता रहूँगा। ऐसी मुबारक बारिशें होंगी

27कि मुल्क के बाग़ों और खेतों में ज़बरदस्त फ़सलें पकेंगी। लोग अपने मुल्क में मह्फ़ूज़ होंगे। फिर जब मैं उन के जूए को तोड़ कर उन्हें उन से रिहाई दूँगा जिन्हों ने उन्हें ग़ुलाम बनाया था तब वह जान लेंगे कि मैं ही रब हूँ।

28आइन्दा न दीगर अक़्वाम उन्हें लूटेंगी, न वह दरिन्दों की ख़ुराक बनेंगे बल्कि वह हिफ़ाज़त से अपने घरों में बसेंगे। डराने वाला कोई नहीं होगा।

29मेरे हुक्म पर ज़मीन ऐसी फ़सलें पैदा करेगी जिन की शोहरत दूर दूर तक फैलेगी। आइन्दा न वह भूके मरेंगे, न उन्हें दीगर अक़्वाम की लान-तान सुननी पड़ेगी।

30रब क़ादिर-ए-मुतलक़ ख़ुदा फ़रमाता है कि उस वक़्त वह जान लेंगे कि मैं जो रब उन का ख़ुदा हूँ उन के साथ हूँ, कि इस्राईली मेरी क़ौम हैं।

31रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है कि तुम मेरा रेवड़, मेरी चरागाह की भेड़-बकरियाँ हो। तुम मेरे लोग, और मैं तुम्हारा ख़ुदा हूँ’।”