मुल्क का बुरा अन्जाम
1रब मुझ से हमकलाम हुआ,
2“ऐ आदमज़ाद, रब क़ादिर-ए-मुतलक़ मुल्क-ए-इस्राईल से फ़रमाता है कि तेरा अन्जाम क़रीब ही है! जहाँ भी देखो, पूरा मुल्क तबाह हो जाएगा।
3अब तेरा सत्यानास होने वाला है, मैं ख़ुद अपना ग़ज़ब तुझ पर नाज़िल करूँगा। मैं तेरे चाल-चलन को परख परख कर तेरी अदालत करूँगा, तेरी मकरूह हरकतों का पूरा अज्र दूँगा।
4न मैं तुझ पर तरस खाऊँगा, न रहम करूँगा बल्कि तुझे तेरे चाल-चलन का मुनासिब अज्र दूँगा। क्यूँकि तेरी मकरूह हरकतों का बीज तेरे दरमियान ही उग कर फल लाएगा। तब तुम जान लोगे कि मैं ही रब हूँ।”
5रब क़ादिर-ए-मुतलक़ फ़रमाता है, “आफ़त पर आफ़त ही आ रही है।
6तेरा अन्जाम, हाँ, तेरा अन्जाम आ रहा है। अब वह उठ कर तुझ पर लपक रहा है।
7ऐ मुल्क के बाशिन्दे, तेरी फ़ना पहुँच रही है। अब वह वक़्त क़रीब ही है, वह दिन जब तेरे पहाड़ों पर ख़ुशी के नारों के बजाए अफ़्रा-तफ़्री का शोर मचेगा।
8अब मैं जल्द ही अपना ग़ज़ब तुझ पर नाज़िल करूँगा, जल्द ही अपना ग़ुस्सा तुझ पर उतारूँगा। मैं तेरे चाल-चलन को परख परख कर तेरी अदालत करूँगा, तेरी घिनौनी हरकतों का पूरा अज्र दूँगा।
9न मैं तुझ पर तरस खाऊँगा, न रहम करूँगा बल्कि तुझे तेरे चाल-चलन का मुनासिब अज्र दूँगा। क्यूँकि तेरी मकरूह हरकतों का बीज तेरे दरमियान ही उग कर फल लाएगा। तब तुम जान लोगे कि मैं यानी रब ही ज़र्ब लगा रहा हूँ।
10देखो, मज़कूरा दिन क़रीब ही है! तेरी हलाकत पहुँच रही है। नाइन्साफ़ी के फूल और शोख़ी की कोंपलें फूट निकली हैं।
11लोगों का ज़ुल्म बढ़ बढ़ कर लाठी बन गया है जो उन्हें उन की बेदीनी की सज़ा देगी। कुछ नहीं रहेगा, न वह ख़ुद, न उन की दौलत, न उन का शोर-शराबा, और न उन की शान-ओ-शौकत।
12अदालत का दिन क़रीब ही है। उस वक़्त जो कुछ ख़रीदे वह ख़ुश न हो, और जो कुछ फ़रोख़्त करे वह ग़म न खाए। क्यूँकि अब इन चीज़ों का कोई फ़ाइदा नहीं, इलाही ग़ज़ब सब पर नाज़िल हो रहा है।
13बेचने वाले बच भी जाएँ तो वह अपना कारोबार नहीं कर सकेंगे। क्यूँकि सब पर इलाही ग़ज़ब का फ़ैसला अटल है और मन्सूख़ नहीं हो सकता। लोगों के गुनाहों के बाइस एक जान भी नहीं छूटेगी।
14बेशक लोग बिगुल बजा कर जंग की तय्यारियाँ करें, लेकिन क्या फ़ाइदा? लड़ने के लिए कोई नहीं निकलेगा, क्यूँकि सब के सब मेरे क़हर का निशाना बन जाएंगे।
15बाहर तलवार, अन्दर मोहलक वबा और भूक। क्यूँकि देहात में लोग तलवार की ज़द में आ जाएंगे, शहर में काल और मोहलक वबा से हलाक हो जाएंगे।
16जितने भी बचेंगे वह पहाड़ों में पनाह लेंगे, घाटियों में फ़ाख़्ताओं की तरह ग़ूँ ग़ूँ करके अपने गुनाहों पर आह-ओ-ज़ारी करेंगे।
17हर हाथ से ताक़त जाती रहेगी, हर घुटना डाँवाँडोल हो जाएगा।
18वह टाट के मातमी कपड़े ओढ़ लेंगे, उन पर कपकपी तारी हो जाएगी। हर चेहरे पर शर्मिन्दगी नज़र आएगी, हर सर मुंडवाया गया होगा।
19अपनी चाँदी को वह गलियों में फैंक देंगे, अपने सोने को ग़िलाज़त समझेंगे। क्यूँकि जब रब का ग़ज़ब उन पर नाज़िल होगा तो न उन की चाँदी उन्हें बचा सकेगी, न सोना। उन से न वह अपनी भूक मिटा सकेंगे, न अपने पेट को भर सकेंगे, क्यूँकि यही चीज़ें उन के लिए गुनाह का बाइस बन गई थीं।
20उन्हों ने अपने ख़ूबसूरत ज़ेवरात पर फ़ख़र करके उन से अपने घिनौने बुत और मकरूह मुजस्समे बनाए, इस लिए मैं होने दूँगा कि वह अपनी दौलत से घिन खाएँगे।
21मैं यह सब कुछ परदेसियों के हवाले कर दूँगा, और वह उसे लूट लेंगे। दुनिया के बेदीन उसे छीन कर उस की बेहुरमती करेंगे।
22मैं अपना मुँह इस्राईलियों से फेर लूँगा तो अजनबी मेरे क़ीमती मक़ाम की बेहुरमती करेंगे। डाकू उस में घुस कर उसे नापाक करेंगे।
23ज़न्जीरें तय्यार कर! क्यूँकि मुल्क में क़त्ल-ओ-ग़ारत आम हो गई है, शहर ज़ुल्म-ओ-तशद्दुद से भर गया है।
24मैं दीगर अक़्वाम के सब से शरीर लोगों को बुलाऊँगा ताकि इस्राईलियों के घरों पर क़ब्ज़ा करें, मैं ज़ोर-आवरों का तकब्बुर ख़ाक में मिला दूँगा। जो भी मक़ाम उन्हें मुक़द्दस हो उस की बेहुरमती की जाएगी।
25जब दह्शत उन पर तारी होगी तो वह अम्न-ओ-अमान तलाश करेंगे, लेकिन बेफ़ाइदा। अम्न-ओ-अमान कहीं भी पाया नहीं जाएगा।
26आफ़त पर आफ़त ही उन पर आएगी, यके बाद दीगरे बुरी ख़बरें उन तक पहुँचेंगी। वह नबी से रोया मिलने की उम्मीद करेंगे, लेकिन बेफ़ाइदा। न इमाम उन्हें शरीअत की तालीम, न बुज़ुर्ग उन्हें मश्वरा दे सकेंगे।
27बादशाह मातम करेगा, रईस हैबतज़दा होगा, और अवाम के हाथ थरथराएँगे। मैं उन के चाल-चलन के मुताबिक़ उन से निपटूँगा, उन के अपने ही उसूलों के मुताबिक़ उन की अदालत करूँगा। तब वह जान लेंगे कि मैं ही रब हूँ।”