१-कुरिन्थियों 3:1-23 DGV - Bible AI

कुरिन्थुस की बचगाना हालत

1भाइयो, मैं आप से रूहानी लोगों की बातें न कर सका बल्कि सिर्फ़ जिस्मानी लोगों की। क्यूँकि आप अब तक मसीह में छोटे बच्चे हैं।

2मैं ने आप को दूध पिलाया, ठोस ग़िज़ा न खिलाई, क्यूँकि आप उस वक़्त इस क़ाबिल नहीं थे बल्कि अब तक नहीं हैं।

3अभी तक आप जिस्मानी हैं, क्यूँकि आप में हसद और झगड़ा पाया जाता है। क्या इस से यह साबित नहीं होता कि आप जिस्मानी हैं और रूह के बग़ैर चलते हैं?

4जब कोई कहता है, “मैं पौलुस की पार्टी का हूँ” और दूसरा, “मैं अपुल्लोस की पार्टी का हूँ” तो क्या इस से यह ज़ाहिर नहीं होता कि आप रूहानी नहीं बल्कि इन्सानी सोच रखते हैं?

पौलुस और अपुल्लोस की हैसियत

5अपुल्लोस की क्या हैसियत है और पौलुस की क्या? दोनों नौकर हैं जिन के वसीले से आप ईमान लाए। और हम में से हर एक ने वही ख़िदमत अन्जाम दी जो ख़ुदावन्द ने उस के सपुर्द की।

6मैं ने पौदे लगाए, अपुल्लोस पानी देता रहा, लेकिन अल्लाह ने उन्हें उगने दिया।

7लिहाज़ा पौदा लगाने वाला और आबपाशी करने वाला दोनों कुछ भी नहीं, बल्कि ख़ुदा ही सब कुछ है जो पौदे को फलने फूलने देता है।

8पौदा लगाने और पानी देने वाला एक जैसे हैं, अलबत्ता हर एक को उस की मेहनत के मुताबिक़ मज़दूरी मिलेगी।

9क्यूँकि हम अल्लाह के मुआविन हैं जबकि आप अल्लाह का खेत और उस की इमारत हैं।

10अल्लाह के उस फ़ज़्ल के मुताबिक़ जो मुझे बख़्शा गया मैं ने एक दानिशमन्द ठेकेदार की तरह बुन्याद रखी। इस के बाद कोई और उस पर इमारत तामीर कर रहा है। लेकिन हर एक ध्यान रखे कि वह बुन्याद पर इमारत किस तरह बना रहा है।

11क्यूँकि बुन्याद रखी जा चुकी है और वह है ईसा मसीह। इस के इलावा कोई भी मज़ीद कोई बुन्याद नहीं रख सकता।

12जो भी इस बुन्याद पर कुछ तामीर करे वह मुख़्तलिफ़ मवाद तो इस्तेमाल कर सकता है, मसलन सोना, चाँदी, क़ीमती पत्थर, लकड़ी, सूखी घास या भूसा,

13लेकिन आख़िर में हर एक का काम ज़ाहिर हो जाएगा। क़ियामत के दिन कुछ पोशीदा नहीं रहेगा बल्कि आग सब कुछ ज़ाहिर कर देगी। वह साबित कर देगी कि हर किसी ने कैसा काम किया है।

14अगर उस का तामीरी काम न जला जो उस ने इस बुन्याद पर किया तो उसे अज्र मिलेगा।

15अगर उस का काम जल गया तो उसे नुक़्सान पहुँचेगा। ख़ुद तो वह बच जाएगा मगर जलते जलते।

16क्या आप को मालूम नहीं कि आप अल्लाह का घर हैं, और आप में अल्लाह का रूह सुकूनत करता है?

17अगर कोई अल्लाह के घर को तबाह करे तो अल्लाह उसे तबाह करेगा, क्यूँकि अल्लाह का घर मख़्सूस-ओ-मुक़द्दस है और यह घर आप ही हैं।

अपने बारे में शेख़ी न मारना

18कोई अपने आप को फ़रेब न दे। अगर आप में से कोई समझे कि वह इस दुनिया की नज़र में दानिशमन्द है तो फिर ज़रूरी है कि वह बेवुक़ूफ़ बने ताकि वाक़ई दानिशमन्द हो जाए।

19क्यूँकि इस दुनिया की हिक्मत अल्लाह की नज़र में बेवुक़ूफ़ी है। चुनाँचे मुक़द्दस नविश्तों में लिखा है, “वह दानिशमन्दों को उन की अपनी चालाकी के फंदे में फंसा देता है।”

20यह भी लिखा है, “रब दानिशमन्दों के ख़यालात को जानता है कि वह बातिल हैं।”

21ग़रज़ कोई किसी इन्सान के बारे में शेख़ी न मारे। सब कुछ तो आप का है।

22पौलुस, अपुल्लोस, कैफ़ा, दुनिया, ज़िन्दगी, मौत, मौजूदा जहान के और मुस्तक़बिल के उमूर सब कुछ आप का है।

23लेकिन आप मसीह के हैं और मसीह अल्लाह का है।